सुप्रीम कोर्ट ने पिछले हफ्ते एक याचिका पर नोटिस जारी किया, जिसमें इलाहाबाद हाईकोर्ट के उस फैसले को चुनौती दी गई, जिसमें कहा गया कि इस्लाम में हिजाब पहनना कोई अनिवार्य धार्मिक प्रथा नहीं है। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि हाईकोर्ट के इस फैसले को एक बाध्यकारी नजीर (Precedent) नहीं माना जाएगा। साथ ही कोर्ट ने इस याचिका को कर्नाटक हिजाब मामले के साथ जोड़ दिया, जो पहले से ही सुप्रीम कोर्ट में लंबित है।
कोर्ट ने आदेश दिया,
"इसे सिविल अपील संख्या 7095/2022 के साथ जोड़ दिया जाए और इस फैसले को नजीर (Precedent) के तौर पर नहीं माना जाएगा।"
जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस विपुल पंचोली की बेंच ने 20 नवंबर को यह आदेश दिया। यह आदेश 'मुस्लिम विमेंस स्टडी सर्कल' (मुस्लिम महिलाओं का एक संगठन) द्वारा दायर याचिका पर सुनवाई के दौरान आया, जिसमें इलाहाबाद हाईकोर्ट के 21 अगस्त, 2026 के फैसले को चुनौती दी गई।
यह याचिका सुकैना रिज़वी के मामले में हाईकोर्ट के फैसले को चुनौती देती है। सुकैना प्रयागराज के अत्तारसुइया स्थित टैगोर पब्लिक स्कूल में 11वीं कक्षा में दाखिला लेना चाहती थी, लेकिन स्कूल यूनिफॉर्म के साथ सिर पर स्कार्फ (हिजाब) पहनने की जिद करने पर उसे दाखिला देने से मना कर दिया गया।
जस्टिस जे.जे. मुनीर और जस्टिस इंद्रजीत शुक्ला की हाईकोर्ट बेंच ने उसकी याचिका खारिज की। कोर्ट ने कहा कि मुस्लिम महिलाओं द्वारा हिजाब पहनना इस्लाम में कोई अनिवार्य धार्मिक प्रथा नहीं है। कोर्ट ने यह भी माना कि अगर किसी संस्थान का ड्रेस कोड सबके लिए एक समान, उचित और भेदभाव रहित है। इसका उद्देश्य अनुशासन बनाए रखना तथा संस्थान की पहचान कायम रखना है तो कोई छात्र अपनी मर्जी से तय यूनिफॉर्म में कोई अतिरिक्त कपड़ा जोड़ने की जिद नहीं कर सकता।
हाईकोर्ट ने अपने फैसले का आधार कर्नाटक हाईकोर्ट की फुल बेंच के 2022 के उस फैसले को बनाया, जिसमें शैक्षणिक संस्थानों को ऐसी यूनिफॉर्म तय करने का अधिकार दिया गया, जिसमें हिजाब शामिल नहीं है।
'मुस्लिम विमेंस स्टडी सर्कल' ने सुप्रीम कोर्ट में दलील दी कि हाईकोर्ट का फैसला मनमाना और भेदभावपूर्ण है। उनका कहना है कि यह फैसला संविधान के अनुच्छेद 14, 15, 19(1)(a), 21 और 25 का उल्लंघन करता है। संगठन का तर्क है कि इस फैसले से मुस्लिम महिलाओं की धार्मिक स्वतंत्रता और शिक्षा तक उनकी पहुंच पर बुरा असर पड़ता है।
याचिकाकर्ता ने हाईकोर्ट द्वारा 'अनिवार्य धार्मिक प्रथाओं' (Essential Religious Practices) के परीक्षण को लागू करने पर भी सवाल उठाया। उनका तर्क है कि हिजाब पहनने का अधिकार अनुच्छेद 25 के तहत संरक्षित है। याचिका में कहा गया कि यह प्रतिबंध मुस्लिम महिलाओं को अनुचित रूप से प्रभावित करता है, जबकि अन्य समुदायों से जुड़े धार्मिक प्रतीकों—जैसे सिखों की पगड़ी—के मामले में अलग व्यवहार किया जाता है।
याचिका में सुप्रीम कोर्ट द्वारा 'शिरूर मठ' (Shirur Mutt) और 'बिजो इमैनुएल' (Bijoe Emmanuel) मामलों में तय किए गए सिद्धांतों का भी हवाला दिया गया। इसमें तर्क दिया गया कि हाईकोर्ट ने अंतरात्मा से जुड़ी धार्मिक मान्यताओं को मिलने वाले संरक्षण पर पर्याप्त विचार नहीं किया।
याचिका का तर्क है कि कुरान में हिजाब पहनने का निर्देश है।
याचिकाकर्ता का कहना है कि हिजाब पहनने की प्रथा कुरान के निर्देशों पर आधारित है, विशेष रूप से 'सूरह अल-नूर' (आयत 31) और 'सूरह अल-अहज़ाब' (आयत 59) में।
इसमें कहा गया कि इन आयतों में मुस्लिम महिलाओं को खुद को ढंकने का निर्देश दिया गया। साथ ही यह तथ्य कि मुस्लिम समुदाय के कुछ लोग इस प्रथा का पालन नहीं करते, इस बात को तय करने का आधार नहीं हो सकता कि यह प्रथा धर्म के लिए अनिवार्य है या नहीं।
याचिकाकर्ता ने 'एम. सिद्दीक बनाम महंत सुरेश दास' (अयोध्या मामला) में सुप्रीम कोर्ट की उस टिप्पणी का भी सहारा लिया, जिसमें कहा गया कि संवैधानिक अदालतों को धार्मिक सिद्धांतों की अलग-अलग व्याख्याओं के बीच चुनाव करने से बचना चाहिए और उन्हें उपासक की आस्था और विश्वास को स्वीकार कर लेना चाहिए।
गौरतलब है कि याचिकाकर्ता ने हाई कोर्ट द्वारा 'अनिवार्य धार्मिक प्रथाओं' के परीक्षण पर निर्भर रहने पर सवाल उठाया, जबकि इस परीक्षण की वैधता का मुद्दा सबरीमाला मामले से जुड़ी कार्यवाही में नौ जजों की संविधान पीठ के समक्ष विचाराधीन है।
हिजाब मामले पर कर्नाटक हाईकोर्ट के फैसले के खिलाफ दायर अपीलों पर अक्टूबर 2022 में सुप्रीम कोर्ट का खंडित फैसला (Split Verdict) आया था। जस्टिस हेमंत गुप्ता ने अपीलों को खारिज किया, जबकि जस्टिस सुधांशु धूलिया ने उन्हें स्वीकार कर लिया था। इस मामले को एक बड़ी पीठ के पास भेजा गया, और यह अभी भी लंबित है।
Case Title : MUSLIM WOMEN'S STUDY CIRCLE v. STATE OF UTTAR PRADESH AND ORS.