सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को इलाहाबाद हाईकोर्ट के उस आदेश को रद्द किया, जिसमें कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की ज्ञात आय के स्रोतों से अधिक संपत्ति होने के आरोपों वाली शिकायतों का सत्यापन करने के लिए CBI और ED को निर्देश दिए गए थे।

कोर्ट ने निर्देश दिया कि BJP सदस्य विग्नेश शिशिर की ओर से दायर याचिका पर हाईकोर्ट सभी मुद्दों पर नए सिरे से सुनवाई करे। इसमें याचिका की सुनवाई योग्य होने का सवाल भी शामिल होगा।

चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने राहुल गांधी की ओर से दायर याचिका का निपटारा करते हुए यह आदेश दिया।

राहुल गांधी की ओर से सीनियर एडवोकेट कपिल सिब्बल और एडवोकेट-ऑन-रिकॉर्ड एस. प्रसन्ना पेश हुए, जबकि विग्नेश शिशिर ने स्वयं अपना पक्ष रखा।

राहुल गांधी ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के उन आदेशों को चुनौती दी, जिनमें कर्नाटक के BJP कार्यकर्ता विग्नेश शिशिर की शिकायत का CBI और ED को सत्यापन करने का निर्देश दिया गया।

बता दें, हाईकोर्ट ने मई में पारित आदेश में कहा था कि यदि याचिकाकर्ता की शिकायत प्राप्त हुई है तो उसमें लगाए गए आरोपों का कानून के अनुसार सत्यापन किया जा सकता है। साथ ही, CBI या ED कानून के तहत अनुमेय उचित कदम उठा सकती हैं।

हाईकोर्ट ने दोनों एजेंसियों को जांच की प्रगति से अवगत कराने का भी निर्देश दिया था। इसके बाद 20 जुलाई को पारित आदेश में हाईकोर्ट ने CBI के हलफनामे पर असंतोष जताते हुए कहा कि वह उसके पहले के निर्देशों के अनुरूप नहीं है।

हाईकोर्ट ने यह भी कहा कि ED ने आवश्यक कदम उठाए हैं और जांच के दौरान कोई जानकारी मिलने पर वह कानून के अनुसार जरूरी कार्रवाई कर सकती है। मामले को आगे विचार के लिए 20 अगस्त को सूचीबद्ध किया गया था।

इन निर्देशों को चुनौती देते हुए राहुल गांधी ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया। उन्होंने दलील दी कि हाईकोर्ट में चल रही कार्यवाही कानून में मान्य प्रक्रिया के दायरे से बाहर है और यह कानून द्वारा मान्यता प्राप्त प्रक्रिया के जरिए उत्पीड़न करने जैसा है।

राहुल गांधी की ओर से पेश सीनियर एडवोकेट कपिल सिब्बल ने याचिकाकर्ता के लोकस स्टैंडी और उसकी मंशा पर भी सवाल उठाए।

17 अगस्त को राहुल गांधी की याचिका पर नोटिस जारी करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने इलाहाबाद हाईकोर्ट को मामले में आगे की कार्यवाही स्थगित रखने का निर्देश दिया था।

सुप्रीम कोर्ट ने CBI और ED को भी हाईकोर्ट के पहले के निर्देशों के तहत कोई रिपोर्ट सौंपने से रोक दिया।


Tags: