इलाहाबाद हाईकोर्ट ने हाल ही में ऐसे व्यक्ति को बरी किया, जिसे 2020 में अपने माता-पिता की हत्या के लिए मौत की सजा सुनाई गई। कोर्ट ने पाया कि कथित चश्मदीदों के बयानों में गंभीर विरोधाभास है।

कोर्ट ने कहा कि अभियोजन पक्ष के मामले से यह संदेह पैदा होता है कि क्या आरोपी वास्तव में इस अपराध में शामिल था।

जस्टिस सलिल कुमार राय और जस्टिस पदम नारायण मिश्र की बेंच ने दुर्वेश कुमार की अपील स्वीकार की और IPC की धारा 302 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत उसे सुनाई गई सजा रद्द की।

इसके साथ ही कोर्ट ने आरोपी की मौत की सजा की पुष्टि करने के लिए भेजे गए रेफरेंस को भी खारिज किया।

संक्षेप में मामला

अभियोजन पक्ष का आरोप था कि 13 अक्टूबर 2020 को सुबह करीब 4:00 बजे आरोपी दुर्वेश कुमार ने बरेली स्थित घर में अपने पिता (लालता प्रसाद) और माता (मोहिनी देवी) की गोली मारकर हत्या कर दी।

FIR आरोपी के भाई (उमेश कुमार/PW-1) ने दर्ज कराई। अभियोजन पक्ष ने उमेश कुमार और उनकी पत्नी (हेमलता/PW-2) के बयानों को चश्मदीदों के रूप में पेश किया।

जनवरी 2024 में ट्रायल कोर्ट ने आरोपी को हत्या का दोषी ठहराते हुए मौत की सजा सुनाई। इसके अलावा, उसे आर्म्स एक्ट के तहत तीन साल की कैद की सजा भी दी गई।

इस फैसले को चुनौती देते हुए आरोपी ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया। साथ ही ट्रायल कोर्ट ने मौत की सजा की पुष्टि के लिए CrPC की धारा 366 के तहत मामले के रिकॉर्ड के साथ रेफरेंस भी हाई कोर्ट को भेजा था।

हाईकोर्ट की टिप्पणियां

मामले के रिकॉर्ड की जांच करते हुए कोर्ट ने FIR में बताई गई घटना के समय और बाद में कथित चश्मदीदों द्वारा दिए गए बयानों के बीच विसंगतियों (अंतर) पर गौर किया। हालाँकि FIR में घटना का समय सुबह 4:00 बजे बताया गया, लेकिन बाद में PW-1 ने कहा कि घटना सुबह लगभग 6:15 बजे हुई, जब वह और उसकी पत्नी उसके माता-पिता के लिए चाय ले जा रहे थे।

अदालत ने गौर किया कि न तो चाय ले जाने वाली बात का और न ही इस दावे का कि PW-1 और PW-2 ने हत्या होते देखी थी, FIR में कोई जिक्र था।

बेंच ने टिप्पणी की,

"जिन परिस्थितियों के आधार पर शिकायतकर्ता ने बाद में खुद को चश्मदीद गवाह बताया, उनका FIR में न होना तब और महत्वपूर्ण हो जाता है, जब बाद का बयान पहले दिए गए बयान से काफी अलग हो।"

हाईकोर्ट के अनुसार, यह विसंगति तब और भी महत्वपूर्ण हो जाती है, जब इसे मेडिकल साक्ष्य के संदर्भ में देखा जाता है, जिसके अनुसार मौत का संभावित समय सुबह 3:00 से 3:40 बजे के बीच था।

अदालत ने कहा कि भले ही मेडिकल रिपोर्ट में बताया गया मौत का समय एकदम सटीक न हो, फिर भी अभियोजन पक्ष FIR में दर्ज समय, PW-1 द्वारा बताए गए समय और मेडिकल रिपोर्ट के बीच के अंतर को संतोषजनक ढंग से स्पष्ट करने में विफल रहा।

बेंच ने कहा,

"प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों में मौजूद अन्य कमियों के साथ-साथ यह विसंगति इस बात पर भी बड़ा संदेह पैदा करती है कि गवाहों ने वास्तव में घटना को किस तरह से देखा होगा।"

बेंच ने PW-1 और PW-2 के बयानों में इस बात को लेकर भी काफी अंतर पाया कि पीड़ितों पर किस क्रम में हमला किया गया।

PW-1 ने बताया कि उसने अपीलकर्ता को अपने पिता को घसीटते हुए एक कमरे में ले जाते देखा, और फिर जब उसकी माँ शौचालय से बाहर आईं तो अपीलकर्ता ने उन्हें गोली मार दी।

वहीं, PW-2 ने बताया कि जब लालता प्रसाद को गोली मारी गई, तब उसने मोहिनी देवी को वहाँ नहीं देखा; उसने बताया कि मोहिनी देवी डर के मारे शौचालय की ओर भाग रही थीं।

अदालत ने गौर किया कि यह विसंगति न केवल पीड़ितों की सटीक स्थिति से जुड़ी है, बल्कि उस क्रम से भी जुड़ी है जिसमें दोनों पीड़ितों पर हमला किया गया।

अदालत ने कहा,

"दोनों गवाह कथित तौर पर एक साथ मौजूद थे और उन्होंने दावा किया कि उन्होंने एक ही घटना को थोड़ी दूरी से देखा। आम तौर पर इन मुख्य घटनाओं के बारे में उनके बयानों में काफी हद तक समानता होनी चाहिए, भले ही देखने के नजरिए और याद रखने में मामूली अंतर हो सकता है।"

अदालत ने यह भी गौर किया कि CrPC की धारा 161 के तहत PW-2 का बयान घटना के लगभग 15 दिन बाद 28 अक्टूबर 2020 को दर्ज किया गया, और अभियोजन पक्ष इस देरी का कोई संतोषजनक कारण नहीं बता पाया।

बेंच ने PW-1 और जांच अधिकारी (PW-6) के बयानों में भी काफी अंतर पाया, जो शिकायतकर्ता का बयान तैयार करने, उसे लिखने और दर्ज करने से जुड़ा था।

जहां जांच अधिकारी ने कहा कि PW-1 ने घटना के दिन ही पुलिस स्टेशन में हाथ से लिखा हुआ बयान दिया , वहीं PW-1 ने अपने बयान के दर्ज होने के समय और जगह के बारे में कुछ अलग ही बात बताई।

अदालत ने इस बात पर भी ध्यान दिया कि कोई भी स्वतंत्र चश्मदीद गवाह मौजूद नहीं था, जबकि PW-1 का दावा था कि स्थानीय लोगों ने घटना को देखा था।

बेंच ने कहा कि हालांकि केवल स्वतंत्र गवाहों से पूछताछ न करने के आधार पर ही अभियोजन पक्ष के मामले को खारिज नहीं किया जा सकता, लेकिन अन्य विसंगतियों के साथ इसे देखने पर यह बात महत्वपूर्ण हो जाती है।

अभियोजन पक्ष ने इस बात पर भी जोर दिया कि अपीलकर्ता के बताए अनुसार एक देसी पिस्तौल, कारतूस और खून से सने कपड़े बरामद किए गए। पीठ ने टिप्पणी की कि हथियार या कपड़ों की बरामदगी से अपने आप यह साबित नहीं हो जाता कि इन चीजों का इस्तेमाल अपराध करने में किया गया।

अदालत ने कहा कि बरामदगी के सबूत अभियोजन पक्ष के दावों से जुड़े संदेहों को दूर करने के लिए काफी नहीं हैं, और ये कथित चश्मदीद गवाहों की पहचान और उनकी मौजूदगी से जुड़ी गंभीर कमियों को भी दूर नहीं कर सकते।

अदालत ने यह भी गौर किया कि अभियोजन पक्ष यह साबित करने में नाकाम रहा कि अपीलकर्ता के पास अपने माता-पिता की हत्या करने का कोई ठोस मकसद (Motive) था।

सभी सबूतों पर एक साथ विचार करते हुए पीठ ने माना कि घटना के समय और परिस्थितियों, कथित चश्मदीद गवाहों की मौजूदगी, हमले के क्रम, बयान दर्ज करने की प्रक्रिया और बरामदगी के सबूतों में मौजूद विसंगतियां अभियोजन पक्ष के पूरे मामले पर गंभीर संदेह पैदा करती हैं। यह पाते हुए कि ट्रायल कोर्ट ने विसंगतियों के सामूहिक प्रभाव पर उचित ध्यान नहीं दिया, हाईकोर्ट ने दोषसिद्धि और मौत की सजा रद्द की, अपीलकर्ता को सभी आरोपों से बरी कर दिया और डेथ रेफरेंस खारिज किया।

Case Title : Durvesh Kumar vs. State of UP 2026 LiveLaw (AB) 991

अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

Tags: