निजी जमीन पर राज्य के अवैध कब्जे को लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट ने स्वतः संज्ञान लेकर PIL शुरू की, कहा- गंभीर दंडात्मक परिणाम भुगतने होंगे
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने राज्य के अधिकारियों द्वारा अनिवार्य अधिग्रहण या खरीद के बिना निजी भूमि का उपयोग करने, उस पर अतिक्रमण करने या उसमें हस्तक्षेप करने के मामलों पर स्वतः संज्ञान लेते हुए जनहित याचिका (PIL) शुरू की।
जस्टिस राजन रॉय और जस्टिस मंजीव शुक्ला की खंडपीठ ने स्पष्ट किया कि जमीन मालिकों के संवैधानिक अधिकारों का उल्लंघन करने पर “गंभीर दंडात्मक परिणाम” भुगतने होंगे।
खंडपीठ ने कहा कि लोक निर्माण विभाग (PWD) की परियोजनाओं के संबंध में कई न्यायिक आदेश और सरकारी आदेश जारी होने के बावजूद अदालत में लगातार ऐसी याचिकाएं दाखिल हो रही हैं, जिनमें आरोप लगाया गया कि निवासियों और नागरिकों की जमीन का अधिग्रहण या खरीद किए बिना उसका इस्तेमाल किया जा रहा है।
खंडपीठ 15 अक्टूबर 2026 को एकल पीठ द्वारा पारित आदेश के संदर्भ में इस मुद्दे पर विचार कर रही थी। सिंगल बेंच द्वारा जताई गई चिंता से सहमति व्यक्त करते हुए खंडपीठ ने कहा कि वह स्वयं भी पिछले कई वर्षों से इस तरह के मुकदमों से जूझ रही है।
कोर्ट ने कहा,
“हम स्वयं पिछले कई वर्षों से इसी तरह के मुकदमों का सामना कर रहे हैं।”
पीठ ने बताया कि विभिन्न रिट याचिकाओं में कई आदेश पारित किए गए और PWD के कार्यों के संबंध में कुछ सरकारी आदेश भी जारी किए गए, ताकि भूमि का अधिग्रहण या खरीद किए बिना सार्वजनिक उद्देश्यों के लिए उसका इस्तेमाल न किया जाए।
इसके बावजूद कोर्ट ने कहा,
“हम हर दिन ऐसी याचिकाएं दाखिल होते देखते हैं, जिनमें अनिवार्य अधिग्रहण या खरीद के बिना निवासियों और नागरिकों की जमीन का उपयोग किया जा रहा है, उस पर अतिक्रमण किया जा रहा है या उसमें हस्तक्षेप किया जा रहा है।”
हाईकोर्ट ने कहा कि इस मामले में संविधान के अनुच्छेद 300-A के तहत संरक्षित संपत्ति के अधिकार जैसे महत्वपूर्ण संवैधानिक अधिकार शामिल हैं।
कोर्ट ने रजिस्ट्री को जनहित याचिका पंजीकृत करने का निर्देश दिया, ताकि राज्य द्वारा जमीन मालिकों के अधिकारों के उल्लंघन को रोकने के लिए उचित व्यवस्था बनाने और उसे प्रभावी ढंग से लागू करने पर विचार किया जा सके।
खंडपीठ ने चेतावनी दी कि यदि राज्य इन अधिकारों का उल्लंघन करता है तो “तत्काल गंभीर दंडात्मक परिणाम होंगे।
कोर्ट ने मामले का शीर्षक “इन री स्वतः संज्ञान: राज्य के अधिकारियों द्वारा निजी भूमि पर अवैध अतिक्रमण/कब्जा” रखने का निर्देश दिया।
खंडपीठ ने उत्तर प्रदेश के राजस्व विभाग के अपर मुख्य सचिव/प्रमुख सचिव, लोक निर्माण विभाग के अपर मुख्य सचिव/प्रमुख सचिव, उत्तर प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्ग प्रभाग के मुख्य अभियंता के माध्यम से भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI), शहरी विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव/प्रमुख सचिव और आवास एवं शहरी नियोजन विभाग के अपर मुख्य सचिव/प्रमुख सचिव को मामले में प्रतिवादी बनाने का निर्देश दिया।
हाईकोर्ट ने सभी प्रतिवादियों को नोटिस जारी किए हैं।