सुप्रीम कोर्ट ने पूर्व कांग्रेस विधायक विनय कुलकर्णी की सजा पर रोक लगाने का कर्नाटक हाईकोर्ट का आदेश रद्द किया

  • सुप्रीम कोर्ट ने पूर्व कांग्रेस विधायक विनय कुलकर्णी की सजा पर रोक लगाने का कर्नाटक हाईकोर्ट का आदेश रद्द किया

    सुप्रीम कोर्ट ने आज 2016 के भाजपा जिला पंचायत सदस्य योगेश गौड़र हत्याकांड में पूर्व कांग्रेस विधायक विनय कुलकर्णी को बड़ी राहत देने वाले कर्नाटक हाईकोर्ट के आदेश को रद्द कर दिया। सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट के उस फैसले को निरस्त कर दिया, जिसमें कुलकर्णी की दोषसिद्धि पर रोक लगाई गई थी और उनकी उम्रकैद की सजा निलंबित कर उन्हें जमानत पर रिहा करने का निर्देश दिया गया था।

    जस्टिस प्रशांत कुमार मिश्रा और जस्टिस श्री चंद्रशेखर की पीठ ने यह आदेश पारित किया।

    सुप्रीम कोर्ट ने कुलकर्णी के अन्य दोषियों के साथ-साथ जांच अधिकारी चन्नकेशव बी. तिंगरीकर की सजा निलंबित करने वाले हाईकोर्ट के आदेश को भी रद्द कर दिया। तिंगरीकर को जांच से संबंधित अपराधों के लिए अलग से दोषी ठहराया गया था।

    कर्नाटक हाईकोर्ट ने दोषसिद्धि पर लगाई थी रोक

    गौरतलब है कि कर्नाटक हाईकोर्ट ने 31 जुलाई को कुलकर्णी की दोषसिद्धि पर रोक लगाते हुए उनकी उम्रकैद की सजा निलंबित कर दी थी। हाईकोर्ट ने उनकी अपील का निपटारा होने तक उन्हें कुछ शर्तों के साथ जमानत पर रिहा करने का निर्देश दिया था।

    जस्टिस मोहम्मद नवाज की अध्यक्षता वाली खंडपीठ ने कुलकर्णी को 5 लाख रुपये के बॉन्ड और इतनी ही राशि की दो जमानतें देने का निर्देश दिया था। इसके अलावा उन्हें अदालत की पूर्व अनुमति के बिना भारत नहीं छोड़ने और हाईकोर्ट तथा ट्रायल कोर्ट के निर्देश पर पेश होने की शर्त लगाई गई थी।

    हाईकोर्ट ने मामले के अन्य दोषियों की सजा भी उनकी अपीलों के लंबित रहने तक निलंबित कर दी थी।

    अप्रैल में विशेष अदालत ने सुनाई थी उम्रकैद की सजा

    इस साल अप्रैल में बेंगलुरु की विशेष अदालत ने योगेश गौड़र हत्याकांड में विनय कुलकर्णी और अन्य आरोपियों को दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई थी। कुलकर्णी ने अपनी अपील में दावा किया था कि अभियोजन पक्ष के 62 गवाहों की जांच की गई, लेकिन किसी भी गवाह ने अभियोजन के मामले का समर्थन नहीं किया।

    उन्होंने यह भी दलील दी थी कि 2019 में जांच CBI को सौंपे जाने के बाद 61 गवाहों को दोबारा बुलाकर उनकी गवाही दर्ज की गई। उनके अनुसार, सात प्रत्यक्षदर्शियों में से छह गवाह विशेष अदालत में सुनवाई के दौरान अपने पहले के बयानों से मुकर गए थे।

    वहीं, CBI ने इन दलीलों का विरोध करते हुए कहा था कि कुलकर्णी धारवाड़ की पिछली सुनवाई में दर्ज साक्ष्यों पर भरोसा नहीं कर सकते, क्योंकि उस मुकदमे में गवाहों को प्रभावित किया गया था।

    क्या है पूरा मामला?

    योगेश गौड़र भाजपा के जिला पंचायत सदस्य थे और धारवाड़ के हेब्बल्ली निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते थे। वर्ष 2016 में धारवाड़ के सप्तापुर इलाके में स्थित उनके जिम में हथियारबंद हमलावरों के एक समूह ने उनकी हत्या कर दी थी।

    इस मामले में मृतक की पत्नी की शिकायत पर धारवाड़ उपनगरीय पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज की गई थी। शुरुआत में धारवाड़ पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या के आरोप में चार्जशीट दाखिल की। बाद में मामले की जांच CBI को सौंप दी गई।

    6 दिसंबर 2023 को विशेष अदालत ने कुलकर्णी सहित सभी आरोपियों के खिलाफ IPC की धारा 143, 147, 148, 120-B, 302, 201 सहपठित धारा 149 और आर्म्स एक्ट, 1959 की संबंधित धाराओं के तहत आरोप तय किए।

    8 अप्रैल 2024 को हाईकोर्ट ने कुलकर्णी और 20 अन्य आरोपियों के खिलाफ विशेष अदालत द्वारा तय किए गए आरोपों को बरकरार रखा था। जून 2024 में सुप्रीम कोर्ट ने इस आदेश को चुनौती देने वाली विशेष अनुमति याचिका (SLP) खारिज कर दी थी।

    रिपोर्ट्स के अनुसार, इस मामले में आरोपी नंबर 1 बसवराज मुत्तगी और आरोपी नंबर 17 शिवानंद श्रीशैला बिरादर सरकारी गवाह बन गए थे। वहीं, आरोपी नंबर 20 वासुदेव और आरोपी नंबर 21 सोमशेखर न्यामगौड़ा को संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया गया था।

    मामले में सुप्रीम कोर्ट के आज के फैसले के बाद विनय कुलकर्णी और अन्य दोषियों को मिली दोषसिद्धि पर रोक और सजा निलंबन की राहत समाप्त हो गई है।

    इस खबर को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए क्लिक करें

    Praveen Mishra

    प्रवीण मिश्रा Law Graduate हैं और लाइव लॉ हिंदी से जुड़े हैं। वे सुप्रीम कोर्ट, उच्च न्यायालयों, उपभोक्ता आयोगों और अन्य न्यायिक मंचों के महत्वपूर्ण फैसलों एवं कानूनी घटनाक्रमों पर लेखन करते हैं। उनका उद्देश्य जटिल कानूनी विषयों और न्यायिक निर्णयों को सरल, सटीक और तथ्यपरक भाषा में हिंदी पाठकों तक पहुंचाना है।

    Next Story