दोषी को सजा में छूट देने से पहले पीड़ित को अपनी बात रखने का अधिकार: सुप्रीम कोर्ट
Shahadat
27 Nov 2026 7:07 PM IST

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि अगर पीड़ित की पहचान हो सकती है और उससे संपर्क किया जा सकता है तो राज्य द्वारा किसी दोषी की समय से पहले रिहाई या सजा में छूट (रेमिशन) की अर्जी पर फैसला लेने से पहले, पीड़ित या उसके कानूनी प्रतिनिधि को अपनी बात रखने का उचित मौका दिया जाना चाहिए।
कोर्ट ने कहा कि आपराधिक न्याय प्रक्रिया में पीड़ित की भूमिका केवल ट्रायल खत्म होने और सजा सुनाए जाने के साथ ही समाप्त नहीं हो जाती। कोर्ट ने कहा कि किसी दोषी को समय से पहले रिहा करने का फैसला, सरकार (कार्यपालिका) के विवेक का एक बड़ा इस्तेमाल है, जिसका सीधा असर पीड़ित और उसके परिवार पर पड़ सकता है।
हालांकि, कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि पीड़ित की भागीदारी का मतलब यह नहीं है कि उसे सरकार के फैसले पर 'वीटो' (रोक लगाने) का अधिकार मिल गया। समय से पहले रिहाई पर अंतिम फैसला सक्षम अधिकारी का ही होगा, जिसे लागू कानून और सजा में छूट (रेमिशन) की नीति के अनुसार मामले का स्वतंत्र रूप से आकलन करना होगा।
जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस शील नागू की बेंच ने कहा,
"हम जिस सीमित अधिकार को मान्यता देने का प्रस्ताव कर रहे हैं, वह प्रक्रियात्मक भागीदारी का है: यानी पीड़ित को यह मौका मिलना चाहिए कि वह संबंधित तथ्यों, आपत्तियों और चिंताओं को अधिकारी के सामने रख सके, ताकि अन्य जरूरी दस्तावेजों के साथ इन पर भी विचार किया जा सके।"
साथ ही बेंच ने सवाल उठाया कि जब आपराधिक न्याय प्रणाली के अन्य क्षेत्रों में पीड़ित की भागीदारी को कानूनी रूप से मान्यता प्राप्त है तो सजा में छूट (रेमिशन) की अर्जियों में इसे सीमित क्यों रखा गया? बेंच के अनुसार, नए आपराधिक कानून (BNSS) में भी इस बात का कोई प्रावधान नहीं है कि सजा में छूट की अर्जी पर फैसला लेने से पहले पीड़ित को अपनी बात रखने का उचित मौका दिया जाए।
कोर्ट ने कहा,
"BNSS की धारा 473 के तहत नोटिस देने और सुनवाई करने की अनिवार्यता का न होना जानबूझकर किया गया लगता है। इससे ऐसा लगता है कि सजा में छूट की प्रक्रिया पूरी तरह से 'दोषी' पर केंद्रित है, और यह केवल सरकार और दोषी के बीच का मामला बनकर रह गई। लेकिन, क्या सजा में छूट के मामले में यह धारणा आज भी सही है? खासकर तब, जब आपराधिक प्रक्रिया में अब पीड़ित की भागीदारी को अपील और जमानत जैसी अन्य प्रक्रियाओं में भी मान्यता दी जाने लगी है?"
कोर्ट ने कहा,
"इस प्रक्रिया से पीड़ित को पूरी तरह बाहर रखने का मतलब यह होगा कि आपराधिक न्याय प्रणाली के शुरुआती चरणों में पीड़ित को जो भागीदारी का अधिकार दिया गया, वह अधूरा रह जाएगा।"
बिहार सरकार द्वारा IAS अधिकारी की हत्या के मामले में पूर्व सांसद आनंद मोहन को दी गई सजा में छूट (Remission) रद्द करते हुए बेंच ने ये टिप्पणियां कीं। कोर्ट ने माना कि किसी दोषी की सजा में छूट की अर्जी पर फैसला लेने से पहले, पीड़ित को संबंधित अधिकारियों के सामने अपना पक्ष रखने का अधिकार है।
कोर्ट ने निर्देश दिया कि समय से पहले रिहाई पर विचार करने वाले सक्षम अधिकारी को, जहां तक संभव हो, पीड़ित या उसके अधिकृत कानूनी प्रतिनिधि को नोटिस देना चाहिए। साथ ही कोई भी फैसला लेने से पहले उन्हें अपना पक्ष रखने का उचित अवसर देना चाहिए। इस तरह के पक्ष को फैसला लेने की प्रक्रिया में एक महत्वपूर्ण इनपुट के रूप में उचित महत्व दिया जाना चाहिए।
कोर्ट ने स्पष्ट किया कि पीड़ितों के पास अपराध के लगातार पड़ने वाले प्रभावों, अपराध से जुड़ी परिस्थितियों, दोषी के आचरण, उनकी सुरक्षा पर असर डालने वाली बाद की घटनाओं, और दोषी की रिहाई के बाद डराने-धमकाने, परेशान करने या फिर से असुरक्षित हो जाने की संभावनाओं के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी या जायज चिंताएं हो सकती हैं।
कोर्ट ने कहा,
"इसलिए सवाल यह है कि क्या पीड़ित की भागीदारी, जिसे अन्य चरणों में मान्यता दी गई, उस चरण में भी होनी चाहिए जब राज्य सरकार किसी दोषी को समय से पहले रिहा करके उसकी आज़ादी बहाल करने पर विचार कर रही हो? हमारी राय में इसका जवाब 'हां' होना चाहिए। आपराधिक न्याय प्रक्रिया में पीड़ित की भागीदारी केवल ट्रायल खत्म होने और सजा सुनाए जाने के साथ ही समाप्त नहीं हो जाती। किसी दोषी को समय से पहले रिहा करने का फैसला कार्यकारी विवेक (Executive Discretion) का एक अलग और महत्वपूर्ण इस्तेमाल है, जिसका असर यह होता है कि दोषी को अपनी पूरी सजा काटने से पहले ही आज़ादी मिल जाती है। ऐसे फैसले का पीड़ित पर सीधा असर पड़ सकता है, खासकर गंभीर अपराधों के मामलों में, जहां अपराध के परिणाम ट्रायल खत्म होने के लंबे समय बाद भी पीड़ित और उसके परिवार को प्रभावित करते रहते हैं।"
अदालत ने 'जगजीत सिंह बनाम आशीष मिश्रा' मामले में अपनी तीन-जजों की पीठ के फैसले का हवाला दिया। इस फैसले में यह माना गया कि पीड़ित को आपराधिक कार्यवाही में शामिल होने का अधिकार है - जांच के चरण से लेकर अपील या पुनरीक्षण (Revision) के अंतिम निपटारे तक।
सजा में छूट (Remission) की याचिकाओं के मामले में, सुनवाई से पहले पीड़ित को शामिल करने की प्रक्रिया को 'प्रिज़न मैनुअल' (जेल नियमावली) में शामिल किया जाना चाहिए।
अदालत ने कहा,
"हमारा मानना है कि जिस पीड़ित का पता लगाया जा सकता है और जिसकी पहचान की जा सकती है, उसे अपनी बात रखने (Representation देने) का मौका मिलना चाहिए। इस प्रावधान को 'प्रिज़न मैनुअल' में शामिल किया जाना चाहिए। समय से पहले रिहाई पर विचार करने वाले सक्षम अधिकारी को, जहां तक संभव हो, पीड़ित या उसके अधिकृत कानूनी प्रतिनिधि को नोटिस देना चाहिए। साथ ही कोई भी फैसला लेने से पहले उन्हें अपनी बात रखने का उचित अवसर देना चाहिए। इस तरह रखी गई बात पर फैसला लेने की प्रक्रिया के दौरान एक महत्वपूर्ण इनपुट के रूप में उचित विचार किया जाना चाहिए।"
अदालत ने आगे कहा,
"इससे यह सुनिश्चित होगा कि कार्यकारी शक्तियों (Executive Discretion) का इस्तेमाल करते समय पीड़ित के दृष्टिकोण को भी ध्यान में रखा जाए। साथ ही इससे राज्य की उस कानूनी और संवैधानिक जिम्मेदारी पर भी कोई आंच नहीं आएगी, जिसके तहत राज्य को स्वतंत्र रूप से यह तय करना होता है कि समय से पहले रिहाई उचित है या नहीं।"
Case Title : TELUGU UMADEVI KRISHNAIAH & ANR.VERSUS THE STATE OF BIHAR & ORS.

