देनदारी स्वीकार करने वाली बैलेंस शीट की प्रविष्टियां IBC कार्यवाही के लिए बढ़ाती हैं परिसीमा अवधि: सुप्रीम कोर्ट
Amir Ahmad
26 Nov 2026 4:01 PM IST

सुप्रीम कोर्ट ने दोहराया कि किसी कॉरपोरेट देनदार की बैलेंस शीट में दर्ज ऐसी प्रविष्टियां, जिनसे कर्ज की देनदारी स्वीकार होती है, परिसीमा अधिनियम, 1963 की धारा 18 के तहत दायित्व की वैध स्वीकृति मानी जा सकती हैं।
कोर्ट ने स्पष्ट किया कि ऐसी प्रविष्टियों का मूल्यांकन पूरी बैलेंस शीट, उसमें शामिल टिप्पणियों और आसपास की परिस्थितियों को ध्यान में रखकर किया जाना चाहिए। कर्ज की स्वीकृति का आकलन अलग-अलग प्रविष्टियों को संदर्भ से काटकर या किसी कठोर व्याख्या के आधार पर नहीं किया जा सकता।
जस्टिस केवी विश्वनाथन और जस्टिस अरुण पल्ली की खंडपीठ ने राष्ट्रीय कंपनी विधि अपीलीय न्यायाधिकरण (NCLAT) का वह आदेश रद्द कर दिया, जिसमें UV एसेट रिकंस्ट्रक्शन कंपनी लिमिटेड (UV ARC) की ओर से दिवाला एवं शोधन अक्षमता संहिता (IBC) की धारा 7 के तहत दायर आवेदन को समय-सीमा से बाधित मानकर खारिज कर दिया गया।
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि कॉरपोरेट देनदार की वित्तीय वर्ष 2015-16, 2016-17 और 2017-18 की बैलेंस शीट में बकाया देनदारी स्वीकार की गई। इसलिए 26 अक्टूबर 2018 को दायर आवेदन परिसीमा अवधि के भीतर था।
कोर्ट ने कहा,
“IBC के तहत कार्यवाही के संबंध में परिसीमा अधिनियम की धारा 18 की व्याख्या अत्यधिक तकनीकी और कठोर तरीके से नहीं की जा सकती।”
इस संबंध में पीठ ने अपने पहले के फैसलों पर भरोसा किया।
मामला मार्च 2013 में यूनाइटेड बैंक ऑफ इंडिया द्वारा मेसर्स कल्पतरु कोल्ड स्टोरेज प्राइवेट लिमिटेड को मंजूर किए गए 12.26 करोड़ रुपये के ऋण से जुड़ा था। कथित तौर पर पहली बार 31 दिसंबर 2013 को भुगतान में चूक हुई और 31 मार्च 2014 को खाते को गैर-निष्पादित परिसंपत्ति (NPA) घोषित कर दिया गया।
मार्च 2017 में यह कर्ज UV ARC को हस्तांतरित कर दिया गया। इसके बाद कंपनी ने अक्टूबर 2018 में राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण (NCLT) के समक्ष IBC की धारा 7 के तहत आवेदन दाखिल कर उधारकर्ता के खिलाफ कॉरपोरेट दिवाला समाधान प्रक्रिया शुरू करने की मांग की।
NCLT ने आवेदन स्वीकार करते हुए कहा कि कॉरपोरेट देनदार की वित्तीय वर्ष 2015-16 की बैलेंस शीट में बकाया कर्ज स्वीकार किया गया, जिससे परिसीमा अवधि बढ़ गई। हालांकि, NCLAT ने इस फैसले को पलटते हुए कहा कि वित्तीय विवरणों में देनदारी की कोई वैध स्वीकृति नहीं है और आवेदन समय-सीमा से बाधित है।
NCLAT का आदेश रद्द करते हुए जस्टिस विश्वनाथन द्वारा लिखे गए फैसले में कहा गया कि बैलेंस शीट में लगातार दीर्घकालिक उधार का उल्लेख किया गया था, जिसमें 4.11 करोड़ रुपये के सुरक्षित बैंक ऋण भी शामिल थे।
कोर्ट ने कॉरपोरेट देनदार की इस दलील को भी खारिज कर दिया कि ऑडिटर की साथ में दी गई टिप्पणियों से देनदारी की स्वीकृति समाप्त हो जाती है।
कोर्ट ने गौर किया कि एक टिप्पणी में कहा गया कि बैलेंस शीट की तारीख तक कोई निरंतर चूक नहीं थी। वहीं, दूसरी टिप्पणी में दर्ज था कि ऋण की किस्तों और ब्याज के भुगतान में चूक के कारण कंपनी के खाते को NPA घोषित किया गया और इस संबंध में ऋण वसूली न्यायाधिकरण के समक्ष कार्यवाही लंबित थी।
कोर्ट ने कहा,
“वास्तव में, टिप्पणियों में विरोधाभास है।”
खंडपीठ ने माना कि कॉरपोरेट देनदार जिन टिप्पणियों पर भरोसा कर रहा था वे देनदारी की स्वीकृति को निष्प्रभावी नहीं करतीं।
सुप्रीम कोर्ट ने निष्कर्ष निकाला कि तीनों वित्तीय वर्षों की बैलेंस शीट में बकाया कर्ज की स्वीकृति की गई थी और ये प्रविष्टियां परिसीमा अधिनियम की धारा 18 के तहत वैध स्वीकृति थीं। इसलिए 26 अक्टूबर 2018 को दायर IBC की धारा 7 की अर्जी परिसीमा अवधि के भीतर थी।
हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया कि वह केवल परिसीमा के प्रश्न पर फैसला कर रहा है। कोर्ट ने यह तय नहीं किया कि दिवाला आवेदन दाखिल करने की तारीख को वास्तव में कोई चूक हुई या नहीं। इस मुद्दे पर विचार करने के लिए मामला NCLT को वापस भेज दिया गया। कॉरपोरेट देनदार को IBC की धारा 7(5) के तहत चूक होने के संबंध में अपना बचाव पेश करने की अनुमति दी गई।
इस प्रकार सुप्रीम कोर्ट ने UV ARC की अपील स्वीकार करते हुए NCLAT का आदेश रद्द कर दिया और मामला निर्णायक प्राधिकरण को वापस भेज दिया।
कोर्ट ने स्पष्ट किया कि परिसीमा का प्रश्न उसके फैसले से अंतिम रूप से तय हो चुका है।

