पंजाब में नशे की स्थिति भयावह, पुलिस सिर्फ छोटे पेडलरों को पकड़ रही: CJI सूर्यकांत

Praveen Mishra

8 May 2026 4:36 PM IST

  • पंजाब में नशे की स्थिति भयावह, पुलिस सिर्फ छोटे पेडलरों को पकड़ रही: CJI सूर्यकांत

    सुप्रीम कोर्ट ने पंजाब में बढ़ते नशे और ड्रग तस्करी के मामलों को लेकर राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन को कड़ी फटकार लगाई। चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने कहा कि राज्य की स्थिति बेहद चिंताजनक है और पुलिस केवल छोटे स्तर के ड्रग पेडलरों को पकड़कर प्रचार हासिल करने में लगी है, जबकि असली नेटवर्क चलाने वाले “बड़े मगरमच्छ” खुले घूम रहे हैं।

    सीजेआई ने सुनवाई के दौरान एक 60 वर्षीय महिला का उदाहरण देते हुए कहा कि उसने नशे की लत के कारण अपने पांचों बेटों को खो दिया। उन्होंने कहा, “पंजाब की हालत बहुत खराब है। यह दूसरी ऐसी घटना है जो पिछले दो हफ्तों में सामने आई है। राज्य आखिर कर क्या रहा है?”

    जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्य बागची की खंडपीठ विशेष कानूनों जैसे NDPS और UAPA के मामलों के शीघ्र निपटारे के लिए विशेष अदालतों के गठन से जुड़े स्वतः संज्ञान मामले की सुनवाई कर रही थी। इसी दौरान कोर्ट ने पंजाब में ड्रग्स के बढ़ते नेटवर्क पर चिंता जताई।

    सीजेआई ने कहा कि पुलिस छोटे गांवों के युवकों को पकड़कर फोटो खिंचवाती है और अखबारों में प्रचार करती है, लेकिन ड्रग्स के असली सप्लायरों और प्रभावशाली लोगों तक नहीं पहुंचती। उन्होंने कहा कि “बड़े मगरमच्छों” को पकड़ना जरूरी है, क्योंकि कई प्रभावशाली लोग इस सिंडिकेट में शामिल हैं।

    सुनवाई के दौरान सीजेआई ने यह भी बताया कि पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में जज रहते हुए उन्होंने ऐसे मामलों में सख्त आदेश दिए थे और उन्हें धमकियां भी मिली थीं, लेकिन उन्होंने डरकर काम नहीं छोड़ा।

    कोर्ट ने केंद्र सरकार से भी सुझाव दिया कि NDPS मामलों की निगरानी के लिए राष्ट्रीय स्तर पर एक समन्वय तंत्र बनाया जाए ताकि राज्यों के बीच सूचनाओं का आदान-प्रदान हो सके और बड़े ड्रग नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

    Next Story