पुलिस जांच पर केवल आपत्तियां जताने वाली 'प्रोटेस्ट पिटीशन' को संज्ञान लेने के लिए 'शिकायत' नहीं माना जा सकता: सुप्रीम कोर्ट
Shahadat
25 Nov 2026 7:45 PM IST

सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार (25 नवंबर) को कहा कि पुलिस जांच को चुनौती देने वाली 'प्रोटेस्ट पिटीशन' को अपने आप 'शिकायत' नहीं माना जा सकता, जिसके आधार पर मजिस्ट्रेट किसी अपराध का संज्ञान ले सकें। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि 'प्रोटेस्ट पिटीशन' को केवल तभी 'शिकायत' माना जा सकता है, जब उसमें आरोपी के खिलाफ कोई ठोस आरोप लगाए गए हों—न कि केवल पुलिस रिपोर्ट या जांच पर आपत्तियां जताई गई हों।
जस्टिस प्रशांत कुमार मिश्रा और जस्टिस श्री चंद्रशेखर की खंडपीठ ने कहा,
"शिकायत में पुलिस रिपोर्ट शामिल नहीं होती है। इसका अर्थ है—मजिस्ट्रेट के सामने मौखिक या लिखित रूप में लगाया गया यह आरोप कि किसी व्यक्ति (चाहे वह ज्ञात हो या अज्ञात) ने कोई अपराध किया। साथ ही मजिस्ट्रेट से कानून के तहत कार्रवाई करने का आग्रह किया गया हो। मजिस्ट्रेट 'प्रोटेस्ट पिटीशन' को 'शिकायत' मानकर दंड प्रक्रिया संहिता (CrPC) के अध्याय XV के तहत कार्रवाई कर सकते हैं, लेकिन इसके लिए जरूरी है कि उसमें आरोपी के खिलाफ अपराध करने का कोई ठोस आरोप हो और गवाहों की सूची भी दी गई हो। पुलिस द्वारा की गई जांच पर केवल आपत्तियां गिना देने से वह दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 2(d) के तहत परिभाषित 'शिकायत' नहीं बन जाती।"
कोर्ट के अनुसार, यदि किसी मामले में जांच दोषपूर्ण है और उससे आगे बढ़ने के लिए पर्याप्त सबूत नहीं मिलते हैं तो केवल इस आधार पर संज्ञान नहीं लिया जा सकता। ऐसी स्थिति में मजिस्ट्रेट के पास केवल एक ही विकल्प बचता है—और वह है 'आगे की जांच' (Further Investigation) का आदेश देना।
कोर्ट ने कहा,
"...अगर पुलिस रिपोर्ट में आरोपी के खिलाफ कोई सामग्री नहीं है—हो सकता है कि ऐसा दोषपूर्ण जांच के कारण हुआ हो—तो स्वाभाविक रूप से मजिस्ट्रेट के पास संज्ञान लेने के लिए कोई आधार नहीं होगा। ऐसे में उनके पास केवल यही विकल्प बचता है कि यदि वे उचित समझें, तो आगे की जांच का निर्देश दें।"
CJM कोर्ट ने शिकायतकर्ता द्वारा दायर एक 'प्रोटेस्ट पिटीशन' के आधार पर 70 पन्नों का एक आदेश (जिसके बाद समन जारी किए गए) पारित किया। शिकायतकर्ता ने मांग की कि जांच में खामियों (दोषपूर्ण जांच) को लेकर उठाई गई आपत्तियों के आधार पर मजिस्ट्रेट मामले का संज्ञान लें। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने संज्ञान लेने का आदेश बरकरार रखा, जिसके बाद आरोपी ने यह आदेश रद्द कराने के लिए सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया।
अपील स्वीकार करते हुए जस्टिस चंद्रशेखर द्वारा दिए गए फैसले में संज्ञान लेने के आदेश को रद्द कर दिया गया। अदालत ने कहा कि CJM कोर्ट ने कानून में अज्ञात प्रक्रिया अपनाई, क्योंकि उसने एक 'प्रोटेस्ट पिटीशन' (विरोध याचिका) को - जिसमें केवल पुलिस जांच पर आपत्ति जताई गई - एक 'शिकायत' (Complaint) मान लिया।
अदालत ने कहा कि अगर मजिस्ट्रेट को जांच में कोई कमी नजर आती है तो सही तरीका यह था कि वे और जांच (Further Investigation) का आदेश देते, न कि प्रोटेस्ट पिटीशन को शिकायत मानकर, शिकायत के लिए तय प्रक्रिया का पालन किए बिना ही मामले का संज्ञान ले लेते।
अदालत ने स्पष्ट किया कि एक प्रोटेस्ट पिटीशन में आरोपी व्यक्ति के खिलाफ ठोस आरोप और गवाहों की सूची होनी चाहिए। ऐसी याचिका, जो केवल जांच की निष्पक्षता पर सवाल उठाती है या पुलिस रिपोर्ट में कमियां बताती है, उसे 'शिकायत' नहीं माना जा सकता।
अदालत ने इस बात पर भी जोर दिया कि यदि कोई मजिस्ट्रेट किसी प्रोटेस्ट पिटीशन को शिकायत के रूप में मानने का फैसला करता है तो समन जारी करने से पहले उसे 'अध्याय XV' (Chapter XV) के तहत निर्धारित प्रक्रिया का पालन करना होगा।
अदालत ने कहा कि मजिस्ट्रेट को शिकायतकर्ता द्वारा पेश की गई सामग्री की जांच करनी चाहिए और समन जारी करने से पहले शिकायतकर्ता तथा गवाहों के बयानों की गुणवत्ता का आकलन करना चाहिए। हालांकि, अदालत ने पाया कि संज्ञान लेने का आदेश पारित करते समय मजिस्ट्रेट ने इस अनिवार्य प्रक्रिया का कोई पालन नहीं किया।
अदालत ने कहा,
"25 मार्च 2025 का वह आदेश, जिसके जरिए अपराध का संज्ञान लिया गया, यह नहीं दिखाता कि मजिस्ट्रेट ने अनिवार्य प्रक्रियाओं का पालन किया। आदेश में इस बात का कोई संकेत भी नहीं है कि प्रोटेस्ट पिटीशन कानून के तहत एक 'शिकायत' की शर्तों को पूरा करती है। संज्ञान लेने वाला यह आदेश, जिसमें केवल दर्जनों फैसलों का हवाला दिया गया और पुलिस जांच में कमियां निकाली गईं, मजिस्ट्रेट द्वारा अपनी शक्तियों का अनुचित इस्तेमाल है।"
यह पाते हुए कि मजिस्ट्रेट ने 'अध्याय XV' के तहत निर्धारित प्रक्रिया का पालन किए बिना ही समन जारी कर दिए, अदालत ने कहा कि संज्ञान लेने के आदेश में गंभीर प्रक्रियात्मक खामियां थीं, जिन्होंने अपीलकर्ता के खिलाफ चल रही पूरी कार्यवाही को ही दूषित किया।
परिणामस्वरूप, अपील स्वीकार की गई।
Case Title : DEEPTI SINGH VERSUS STATE OF U.P. & ANR.

