असफल उम्मीदवारों के अंकों को प्रकाशित न करने से यह अनुमान नहीं लगाया जा सकता कि वे परीक्षा में पास हो गए: सुप्रीम कोर्ट

Shahadat

11 May 2026 10:43 AM IST

  • असफल उम्मीदवारों के अंकों को प्रकाशित न करने से यह अनुमान नहीं लगाया जा सकता कि वे परीक्षा में पास हो गए: सुप्रीम कोर्ट

    सुप्रीम कोर्ट ने यह टिप्पणी की कि जहां भर्ती नियमों या विज्ञापन में उम्मीदवारों के अंकों को सार्वजनिक करने या प्रकाशित करने का प्रावधान नहीं है, वहां जिस उम्मीदवार का नाम मेरिट लिस्ट में नहीं है, वह केवल इस आधार पर नियुक्ति का दावा नहीं कर सकता कि उसके अंक सार्वजनिक नहीं किए गए।

    जस्टिस पामिदिघंतम श्री नरसिम्हा और जस्टिस आलोक अराधे की खंडपीठ ने दुर्गापुर स्टील प्लांट द्वारा दायर अपील पर सुनवाई की। इस अपील में कलकत्ता हाईकोर्ट के उस निर्देश को चुनौती दी गई, जिसमें प्रतिवादियों को 'प्लांट अटेंडेंट' के पद पर नियुक्ति के लिए विचार करने को कहा गया। हाईकोर्ट ने यह निर्देश इस आधार पर दिया कि अपीलकर्ता (संस्था), जिसने भर्ती परीक्षा आयोजित करने का काम एक स्वतंत्र एजेंसी को सौंपा था, ने केवल सफल उम्मीदवारों की चयन सूची प्रकाशित की थी, जबकि शेष उम्मीदवारों (जिनमें प्रतिवादी भी शामिल थे) के अंक या परिणाम सार्वजनिक नहीं किए।

    हाईकोर्ट का फैसला रद्द करते हुए जस्टिस अराधे द्वारा लिखे गए फैसले में यह टिप्पणी की गई कि उम्मीदवारों के अंकों को प्रकाशित करने का कोई अनिवार्य नियम न होने की स्थिति में, न तो भर्ती करने वाली संस्था के खिलाफ यह प्रतिकूल अनुमान लगाया जा सकता है कि उन्होंने जानबूझकर अन्य उम्मीदवारों को चयन प्रक्रिया से बाहर किया, और न ही यह अनुमान लगाया जा सकता है कि वे उम्मीदवार परीक्षा में पास हो गए।

    कोर्ट ने टिप्पणी की,

    "वर्तमान मामले में न तो भर्ती नियमों में और न ही विज्ञापन में उन सभी उम्मीदवारों के अंकों को प्रकाशित करने की कोई अनिवार्यता थी, जो लिखित परीक्षा में शामिल हुए। प्रतिवादियों का यह दावा भी नहीं है कि वे परीक्षा में पास हो गए। रिकॉर्ड में ऐसा कोई भी साक्ष्य मौजूद नहीं है, जिससे यह संकेत मिले कि प्रतिवादी लिखित परीक्षा में उत्तीर्ण हुए। केवल इस आधार पर कि प्रतिवादियों (उम्मीदवारों) को असफल घोषित नहीं किया गया, यह अनुमान नहीं लगाया जा सकता कि वे लिखित परीक्षा में पास हो गए।"

    कोर्ट ने आगे कहा,

    "लिखित परीक्षा का आयोजन स्वतंत्र एजेंसी के माध्यम से किया गया। न तो नियमों में और न ही विज्ञापन में इस बात का कोई उल्लेख था कि चयन प्रक्रिया से संबंधित रिकॉर्ड को कितने समय तक सुरक्षित रखा जाना है। इसलिए रिकॉर्ड प्रस्तुत न कर पाने के संबंध में अपीलकर्ताओं द्वारा दिया गया यह स्पष्टीकरण कि वे रिकॉर्ड अनुपलब्ध हैं या नष्ट हो चुके हैं, विश्वसनीय प्रतीत होता है। केवल रिकॉर्ड प्रस्तुत न कर पाने के आधार पर यह अनुमान लगाना उचित नहीं है कि प्रतिवादी लिखित परीक्षा में उत्तीर्ण हो गए थे। केवल रिकॉर्ड प्रस्तुत न कर पाने के आधार पर यह अनुमान लगाना उचित नहीं है कि प्रतिवादी लिखित परीक्षा में उत्तीर्ण हो गए।"

    उपर्युक्त के आधार पर अपील स्वीकार की गई; जिसके परिणामस्वरूप, ट्रिब्यूनल द्वारा जारी और हाईकोर्ट द्वारा पुष्ट उन निर्देशों को रद्द किया गया, जिनमें प्रतिवादियों की नियुक्ति का आदेश दिया गया था।

    Cause Title: DURGAPUR STEEL PLANT & ORS. VERSUS BIDHAN CHANDRA CHOWDHURY & ORS. (with connected matter)

    Next Story