सिर्फ अयोग्यता से बचने के लिए किसी विधायक की दोषसिद्धि पर रोक नहीं लगाई जा सकती: सुप्रीम कोर्ट
Shahadat
26 Nov 2026 9:37 PM IST

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि किसी विधायक को दोषी ठहराए जाने के बाद उसकी अयोग्यता का खतरा अपने आप में दोषसिद्धि पर रोक (Stay) लगाने का आधार नहीं हो सकता। कोर्ट ने टिप्पणी की कि अगर ऐसा अर्थ निकाला जाए तो हर दोषी विधायक दोषसिद्धि पर रोक लगवाकर अपने पद पर बना रह सकेगा और आगे के चुनाव भी लड़ सकेगा।
कोर्ट ने कहा,
"यह एक गलत धारणा है कि दोषसिद्धि के फैसले पर इसलिए रोक लगा दी जानी चाहिए क्योंकि दोषी व्यक्ति विधानसभा का सदस्य रहने के अयोग्य हो जाएगा। अगर दोषसिद्धि के फैसले पर रोक लगाने की कोर्ट की शक्ति का यही मतलब निकाला जाए तो हर दोषी विधायक स्वतः ही दोषसिद्धि पर रोक पाने का हकदार हो जाएगा।"
कोर्ट ने कहा कि ऐसी स्थिति में दोषी विधायक विधानसभा के सदस्य बने रहेंगे, अपना कार्यकाल पूरा करेंगे और आगे चुनाव लड़ने के योग्य भी बने रहेंगे, जबकि कानून के अनुसार दोषी ठहराए जाने पर उन्हें अयोग्य होना ही चाहिए।
यह टिप्पणी जस्टिस प्रशांत कुमार मिश्रा और जस्टिस श्री चंद्रशेखर की बेंच ने की। बेंच ने कर्नाटक हाईकोर्ट के 31 जुलाई के उस आदेश को रद्द कर दिया, जिसमें 2016 में बीजेपी नेता योगेश गौडर की हत्या के मामले में आठ दोषियों (जिनमें कर्नाटक के विधायक विनय कुलकर्णी भी शामिल थे) की सजा पर रोक लगा दी गई। सुप्रीम कोर्ट ने कुलकर्णी की दोषसिद्धि पर रोक लगाने वाले आदेश को भी रद्द किया।
कुलकर्णी, जिन्हें हत्या की साजिश में शामिल होने के लिए दोषी ठहराया गया, 15 अप्रैल 2026 को दोषी करार दिए जाने के समय कर्नाटक विधानसभा के सदस्य थे। हाईकोर्ट ने उनकी दोषसिद्धि पर इस आधार पर रोक लगा दी थी कि ऐसा न करने पर वह 'जन प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951' की धारा 8(3) के तहत अयोग्य हो जाएंगे और उन्हें ऐसे परिणाम भुगतने पड़ेंगे, जिन्हें बाद में सुधारा नहीं जा सकेगा।
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि हाईकोर्ट ट्रायल कोर्ट के फैसले में ऐसी कोई स्पष्ट गलती नहीं ढूंढ पाया, जो दोषसिद्धि पर रोक लगाने जैसी विशेष राहत देने को उचित ठहरा सके। कोर्ट ने कहा कि किसी विधायक की संभावित अयोग्यता इस शक्ति का इस्तेमाल करते समय एक विचार हो सकती है, लेकिन यह दोषसिद्धि पर रोक लगाने का मुख्य आधार नहीं हो सकती।
अदालत ने कहा,
“केवल अयोग्यता (Disqualification) का परिणाम ही निर्णायक कारक नहीं है। इसलिए असली मुद्दा मामले के गुण-दोष (Merits) पर निर्भर करता है। यहाँ पैमाना यह नहीं है कि दोषी ने अपने पक्ष में केवल एक मजबूत 'प्रथम दृष्टया' (Prima Facie) मामला दिखाया है। बल्कि, दोषी को अपना मामला लगभग निश्चित जीत की स्थिति तक ले जाना होगा। उसे कोई ऐसी स्पष्ट गलती दिखानी होगी, जिसे देखते ही यह निष्कर्ष निकल आए कि उसका मामला पूरी तरह से जीतने योग्य है। लेकिन A-15 की दोषसिद्धि (Conviction) पर रोक लगाने वाले आदेश में ऐसी कोई बात नहीं दिखती।”
अदालत ने स्पष्ट किया कि दोषसिद्धि पर रोक लगाने के लिए केवल 'प्रथम दृष्टया' मामला साबित करने से कहीं अधिक की आवश्यकता होती है। दोषी को रिकॉर्ड पर मौजूद कोई ऐसी स्पष्ट, गंभीर या ऐसी गलती दिखानी होगी जिसे सुधारा न जा सके, जो फैसले की नींव पर ही प्रहार करती हो और जिसे पहचानने के लिए किसी लंबी-चौड़ी तर्क-प्रक्रिया की जरूरत न पड़े।
अदालत ने कहा,
“कानूनी भाषा में 'स्पष्ट गलती' (Palpalble Mistake) का अर्थ है रिकॉर्ड पर दिखने वाली कोई ऐसी गंभीर या अपूरणीय गलती, जिसे लेकर कोई दूसरा मत नहीं हो सकता। ऐसी गलती को समझने के लिए किसी लंबी तर्क-प्रक्रिया की आवश्यकता नहीं होनी चाहिए। फैसले में बताई गई गलती ऐसी होनी चाहिए कि रिकॉर्ड को देखते ही उस पर कोई दो राय न बन सके। अदालत द्वारा की गई गलती ऐसी होनी चाहिए जो दोषसिद्धि के फैसले की नींव को ही हिला दे। यह स्थापित कानून है कि दोषसिद्धि के फैसले पर केवल उन्हीं दुर्लभ और असाधारण मामलों में रोक लगाई जा सकती है, जहां अदालत मामले के सभी पहलुओं और ऐसे आदेश के परिणामों पर विचार करने के बाद इस नतीजे पर पहुंचे कि दोषी को ऐसे नुकसान होंगे जिनकी भरपाई नहीं की जा सकती।”
अदालत ने कहा कि अपीलीय अदालत द्वारा दोषसिद्धि पर रोक लगाने से पहले दोषी को अपना मामला लगभग निश्चित जीत की स्थिति तक ले जाना होगा। सुप्रीम कोर्ट ने गौर किया कि हाईकोर्ट के आदेश में केवल दोनों पक्षों की दलीलों और पुराने फैसलों (Precedents) का जिक्र किया गया है, लेकिन यह नहीं बताया गया कि कानून की नजर में यह दोषसिद्धि कैसे टिक नहीं सकती।
अदालत ने आगे कहा कि 'जन प्रतिनिधित्व अधिनियम' (Representation of the People Act) की धारा 8(3) के तहत अयोग्यता, दोषसिद्धि का एक कानूनी परिणाम है। इसे केवल यह कहकर नहीं टाला जा सकता कि मामले में बहस की गुंजाइश है।
अदालत ने जोर देकर कहा कि किसी विधायक को अयोग्य ठहराने की संभावना पर विचार किया जा सकता है, लेकिन अपीलीय अदालत को खुद इस बात से संतुष्ट होना होगा कि दोषसिद्धि पर रोक लगाने के लिए जरूरी सख्त शर्तें पूरी होती हैं या नहीं।
सुप्रीम कोर्ट ने कर्नाटक हाईकोर्ट का वह साझा आदेश भी रद्द किया, जिसमें कुलकर्णी और चंद्रशेखर इंडी उर्फ चंदू मामा समेत आठ दोषियों की सजा को उनकी अपील लंबित रहने तक निलंबित कर दिया गया।
हाईकोर्ट ने दोषियों की दलीलों में प्रथम दृष्टया दम पाते हुए उन्हें राहत दी। इन दलीलों में अभियोजन पक्ष के सबूतों पर सवाल उठाए गए, जिसमें एक सरकारी गवाह (अप्रूवर) की गवाही, कुलकर्णी के खिलाफ बताए गए मकसद (मोटिव) और धारवाड़ में चले पिछले मुकदमे की सामग्री पर ठीक से विचार न किए जाने का मुद्दा शामिल था।
हाईकोर्ट के नजरिए को खारिज करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि अगर किसी सरकारी गवाह (अप्रूवर) की गवाही सच पाई जाती है तो वह दोषसिद्धि का आधार बन सकती है; हालांकि, अन्य सबूतों से इसकी पुष्टि होना एक विवेकपूर्ण नियम है। कोर्ट ने पाया कि सरकारी गवाह के बयानों की पुष्टि कई अन्य गवाहों, दस्तावेजी, मेडिकल और फोरेंसिक सबूतों के साथ-साथ बैठकों और कथित साजिश से जुड़ी गवाहियों से भी होती है।
कोर्ट ने यह भी कहा कि आपराधिक अपीलों का लंबित होना और उनके निपटारे में देरी की संभावना, अपने आप में हत्या जैसे गंभीर अपराधों में सजा को निलंबित करने का आधार नहीं बन सकती। कोर्ट ने गौर किया कि इस मामले में दोषसिद्धि 15 अप्रैल, 2026 को ही हुई, और इन दोषियों को उन सैकड़ों अन्य आजीवन कारावास की सजा पाए कैदियों से अलग नहीं माना जा सकता, जिनकी अपीलें भी अभी लंबित हैं।
सुप्रीम कोर्ट ने चन्नाकेशव बी. टिंगरीकर को मिली सजा के निलंबन को भी रद्द किया। वह एक जांच अधिकारी थे, जिन्हें सबूत गढ़ने और असली दोषियों को बचाने से जुड़े अपराधों के लिए दोषी ठहराया गया। हाईकोर्ट ने उन्हें इस आधार पर राहत दी थी कि उन्हें सात साल की निश्चित अवधि की सजा सुनाई गई है और उनकी अपील का जल्द निपटारा होने की संभावना कम है।
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि एक जांच अधिकारी का कानूनी कर्तव्य और आपराधिक न्याय प्रणाली को प्रभावित करने वाले अपराधों की गंभीरता, सजा की अवधि या अपील के जल्द निपटारे की व्यावहारिक संभावना जैसे विचारों से कहीं अधिक महत्वपूर्ण है।
इस प्रकार, कोर्ट ने दोषसिद्धि पर रोक और सजा के निलंबन के खिलाफ राज्य सरकार की अपीलों को स्वीकार किया। कोर्ट ने दोषियों द्वारा जमा किए गए जमानत बांड को रद्द किया और उन्हें दो सप्ताह के भीतर संबंधित अदालत के सामने आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया।
Case Title : STATE OF KARNATAKA Versus VINAY RAJASHEKHARAPPA KULKARNI AND ANR.

