Land Acquisition Act 1894 | स्थानीय सरकारी नोटिस की तारीख से धारा 23(1A) के तहत 12% अतिरिक्त राशि देय होगी: सुप्रीम कोर्ट
Shahadat
29 Nov 2026 12:23 PM IST

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि 'भूमि अधिग्रहण अधिनियम, 1894' की धारा 23(1A) के तहत ज़मीन मालिकों को दी जाने वाली अतिरिक्त राशि की गणना के लिए अधिग्रहण अधिसूचना के प्रकाशन की तारीख वह मानी जाएगी, जिस दिन इलाके में सुविधाजनक जगहों पर इसकी जानकारी का सार्वजनिक नोटिस दिया गया हो। इसमें 'ऑफिशियल गजट' (सरकारी राजपत्र) में प्रकाशन की पहले वाली तारीख को आधार नहीं माना जाएगा।
कोर्ट ने कहा,
"हम यह स्पष्ट करते हैं कि 1894 के अधिनियम की धारा 23(1A) के उद्देश्यों के लिए धारा 4(1) के तहत अधिसूचना के प्रकाशन की प्रभावी तारीख वह होगी, जो धारा 4(1) में बताए गए तीन तरीकों में से तीसरे तरीके से पूरी होती है—यानी, इलाके में सुविधाजनक जगहों पर अधिसूचना की जानकारी का सार्वजनिक नोटिस लगाना।"
'भूमि अधिग्रहण अधिनियम, 1894' के अनुसार, अधिग्रहण को अंतिम रूप देने से पहले धारा 4(1) में अधिग्रहण की अधिसूचना प्रकाशित करने के तीन तरीके बताए गए: पहला, 'ऑफिशियल गजट' में प्रकाशन; दूसरा, इलाके में चलने वाले दो दैनिक समाचार पत्रों में प्रकाशन (जिनमें से कम-से-कम एक क्षेत्रीय भाषा में हो); और तीसरा, इलाके में सुविधाजनक जगहों पर अधिसूचना की जानकारी का सार्वजनिक नोटिस लगाना। इस प्रावधान के अनुसार, इन तीनों में से जो तारीख सबसे बाद की होगी, उसे ही अधिसूचना के प्रकाशन की तारीख माना जाएगा।
जहां धारा 23(1) अधिग्रहित ज़मीन के बाज़ार मूल्य को तय करने से संबंधित है, वहीं 1984 के संशोधन के ज़रिए जोड़ी गई धारा 23(1A) का उद्देश्य ज़मीन मालिकों को उस देरी के लिए मुआवज़ा देना है, जो अधिग्रहण अधिसूचना के प्रकाशन और कलेक्टर के 'अवॉर्ड' (मुआवज़ा तय करने का आदेश) या ज़मीन का कब्ज़ा लेने—इन दोनों में से जो भी पहले हो—के बीच होती है।
जस्टिस संजय कुमार और जस्टिस संजीव सचदेवा की एक बेंच तमिलनाडु हाउसिंग बोर्ड की उस अपील पर सुनवाई कर रही थी, जो हाईकोर्ट के एक फैसले के खिलाफ दायर की गई। हाईकोर्ट ने अपने फैसले में कहा कि धारा 23(1A) के तहत मिलने वाला अतिरिक्त मुआवजा, प्रकाशन के पहले तरीके, यानी 'ऑफिशियल गजट' (सरकारी राजपत्र) में प्रकाशन की तारीख से गिना जाएगा।
हाईकोर्ट का मानना था कि धारा 23(1) के तहत अधिग्रहित जमीन का बाजार मूल्य, प्रकाशन के पहले तरीके यानी 'ऑफिशियल गजट' में प्रकाशन की तारीख से तय किया जाता है। इसी तर्क को हाईकोर्ट ने धारा 23(1A) पर भी लागू किया और कहा कि जमीन मालिकों को मिलने वाला अतिरिक्त मुआवजा भी प्रकाशन के पहले तरीके की तारीख से ही तय किया जाना चाहिए।
हाईकोर्ट के इस फैसले से असहमति जताते हुए जस्टिस संजय कुमार ने अपने फैसले में कहा कि हाईकोर्ट का तर्क सही नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि धारा 23(1A) के तहत जमीन मालिकों को मुआवजा तय करने (अवॉर्ड पास करने) में होने वाली देरी के लिए अतिरिक्त मुआवजा दिया जाता है। यह देरी धारा 4(1) के तहत नोटिफिकेशन (अधिसूचना) जारी होने की तारीख से गिनी जाती है। कोर्ट के अनुसार, नोटिफिकेशन के प्रकाशन की तारीख तब मानी जाएगी जब तीनों तरीकों में से आखिरी तरीके से प्रकाशन पूरा हो जाए।
कोर्ट ने कहा,
"...1894 के अधिनियम में धारा 23(1A) को जोड़ने का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि जमीन मालिकों को उचित मुआवजा मिले। इसके तहत धारा 4(1) के तहत नोटिफिकेशन जारी होने की तारीख से लेकर कलेक्टर द्वारा मुआवजा तय करने (अवॉर्ड) की तारीख या जमीन का कब्जा लेने की तारीख—इनमें से जो भी पहले हो—तक, 12% की दर से अतिरिक्त बाजार मूल्य दिया जाना था। यह भुगतान उन जमीन मालिकों की परेशानी को कम करने के लिए था, जिनकी जमीन तो ले ली गई, लेकिन कानूनी प्रक्रिया पूरी होने में देरी के बावजूद उन्हें कोई अतिरिक्त लाभ नहीं मिला। इस संदर्भ में, यह ध्यान रखना जरूरी है कि ऐसी देरी धारा 4(1) के तहत नोटिफिकेशन के प्रभावी प्रकाशन की तारीख से ही शुरू होगी, यानी उस तारीख से जब धारा 4(1) में बताए गए तीनों तरीकों में से आखिरी तरीके से नोटिफिकेशन प्रकाशित हो जाए।"
अदालत ने 'कोलकाता मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी बनाम गोबिंदा चंद्र मकल, (2011) 9 SCC 207' मामले में दिए गए अपने पिछले फैसले से इसे अलग माना। उस फैसले में कहा गया था कि धारा 23(1) के तहत अधिग्रहित भूमि का बाजार मूल्य तय करने के लिए प्रकाशन की पहली तारीख को आधार माना जाना चाहिए।
खंडपीठ ने स्पष्ट किया कि वह पिछला फैसला धारा 23(1) के विशेष संदर्भ में दिया गया। इस धारा के तहत बाजार मूल्य का निर्धारण धारा 4(1) के तहत जारी अधिसूचना के प्रकाशन की तारीख के आधार पर किया जाना आवश्यक है। उस मामले में अपनाए गए तर्क को अपने आप धारा 23(1A) पर लागू नहीं किया जा सकता।
खंडपीठ ने तर्क दिया कि देरी की वह अवधि, जिसके लिए भूमि मालिक अतिरिक्त राशि पाने के हकदार हैं, धारा 4(1) के तहत अधिसूचना के प्रभावी प्रकाशन की तारीख से शुरू होगी। यह वह तारीख है जब प्रकाशन के तीनों निर्धारित तरीके पूरे हो जाते हैं।
फैसले में कहा गया,
"यही वह तारीख है जो महत्वपूर्ण है, चाहे वह 1894 के अधिनियम की धारा 5A के उद्देश्य से हो या धारा 6 के उद्देश्य से।"
परिणामस्वरूप, अपील स्वीकार की गई।
Case Title : The Executive Engineer and Administrative Officer versus Kottaisamy and others etc.

