MPID Act के तहत 'लोन' भी 'डिपॉजिट' माना जा सकता है; कोई प्राइवेट पर्सन भी 'फाइनेंशियल एस्टैब्लिशमेंट' हो सकता है: सुप्रीम कोर्ट

Shahadat

17 May 2026 10:53 PM IST

  • MPID Act के तहत लोन भी डिपॉजिट माना जा सकता है; कोई प्राइवेट पर्सन भी फाइनेंशियल एस्टैब्लिशमेंट हो सकता है: सुप्रीम कोर्ट

    एक अहम घटनाक्रम में सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार (15 मई) को कहा कि महाराष्ट्र प्रोटेक्शन ऑफ़ इंटरेस्ट ऑफ़ डिपॉजिटर्स एक्ट (MPID Act) के तहत प्राइवेट व्यक्तियों को भी 'फाइनेंशियल एस्टैब्लिशमेंट' की श्रेणी में रखा जा सकता है। इसका मतलब है कि अगर कोई व्यक्ति किसी देनदार को इस वादे के साथ पैसे देता है कि वह उसे ब्याज के साथ लौटाएगा, तो ऐसे पैसे को कानूनी तौर पर "डिपॉजिट" माना जा सकता है, भले ही दोनों पक्ष उसे "लोन" कहते हों।

    जस्टिस मनोज मिश्रा और जस्टिस एन.वी. अंजारिया की बेंच ने बॉम्बे हाईकोर्ट की नागपुर बेंच का फैसला रद्द किया, जिसमें अपीलकर्ता द्वारा प्रतिवादी को दिए गए पैसे को MPID Act के तहत 'डिपॉजिट' मानने से इनकार कर दिया गया था, ताकि उस पर दंडात्मक कार्रवाई न हो।

    यह विवाद महाराष्ट्र के ताडोबा में रिसॉर्ट प्रोजेक्ट के विकास से जुड़े अपीलकर्ताओं और प्राइवेट प्रतिवादियों के बीच हुए लेन-देन से शुरू हुआ था। सितंबर 2016 से अप्रैल 2019 के बीच अपीलकर्ताओं ने प्रतिवादियों को लगभग 2.51 करोड़ रुपये दिए।

    अपीलकर्ताओं के अनुसार, प्रतिवादियों ने 31 दिसंबर 2019 तक पैसे लौटाने का वादा किया था। साथ ही 24% सालाना की दर से ब्याज देने की भी बात कही थी, जिसका भुगतान हर तीन महीने में पहले से ही किया जाना था। हालांकि, आरोप है कि यह रकम वापस नहीं की गई।

    अपीलकर्ताओं ने पिछले कुछ सालों में कई कानूनी रास्ते अपनाए, जिनमें कानूनी नोटिस भेजना, नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट की धारा 138 के तहत शिकायतें करना, सिविल रिकवरी के मुकदमे दायर करना और IPC के तहत धोखाधड़ी और विश्वास तोड़ने के आरोप में आपराधिक शिकायतें करना शामिल था। हालांकि, अधिकारियों और अदालतों ने बार-बार इस विवाद को सिविल प्रकृति का ही माना।

    आखिरकार, अपीलकर्ताओं ने MPID Act के प्रावधानों का सहारा लिया और धोखाधड़ी से पैसे न लौटाने के मामले में प्रतिवादियों के खिलाफ धारा 3 के तहत कार्रवाई की मांग की।

    सेशन कोर्ट ने इस याचिका को खारिज किया और बॉम्बे हाईकोर्ट ने भी उस फैसले को सही ठहराते हुए कहा कि यह लेन-देन सिर्फ़ एक प्राइवेट लोन से जुड़ा विवाद है और MPID Act के दायरे में नहीं आता।

    इससे दुखी होकर अपीलकर्ता ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाज़ा खटखटाया।

    विवादित आदेश रद्द करते हुए कोर्ट ने प्रतिवादी की इस दलील को खारिज किया कि यह लेन-देन एक लोन था और इसे MPID Act के दायरे में लाने के लिए 'डिपॉजिट' नहीं माना जा सकता। इसके बजाय, कोर्ट ने कहा कि लेन-देन का नाम क्या है, इससे शायद ही कोई फ़र्क पड़ता है, जब लेन-देन के ज़रूरी तत्व—यानी 'जमा' होना—पूरे हो जाते हैं।

    कोर्ट ने टिप्पणी करते हुए बताया,

    “लेन-देन का नाम प्रासंगिक नहीं है। यह नाम नहीं, बल्कि वे तत्व या बुनियादी विशेषताएं हैं, जिनसे लेन-देन बनता और पहचाना जाता है, जो MPID Act की धारा 2(c) के तहत लेन-देन को “जमा” का रूप देते हैं। जिस बात पर ज़ोर दिया जाना चाहिए वह यह है कि MPID Act की धारा 2(c) के तहत “जमा” का दायरा इतना व्यापक है कि इसमें किसी भी तरह से पैसे स्वीकार करना शामिल है, चाहे उसका नाम कुछ भी हो। इसी तरह, धारा 2(d) में “वित्तीय संस्थान” की परिभाषा में “जमा स्वीकार करने वाला कोई भी व्यक्ति” और “किसी अन्य तरीके से” शब्दों का समूह इस्तेमाल किया गया है, ताकि इसका दायरा या कवरेज बढ़ाया जा सके।”

    चूंकि, लेन-देन के “जमा” होने के ज़रूरी तत्व पूरे हो गए—यानी, पहला, किसी वित्तीय संस्थान द्वारा पैसे की प्राप्ति या किसी कीमती वस्तु की स्वीकृति होनी चाहिए; दूसरा, यह स्वीकृति एक तय समय के बाद वापस की जाने वाली होनी चाहिए; और तीसरा, ऐसे पैसे या वस्तु की वापसी नकद या वस्तु के रूप में ब्याज के लाभ के साथ या बिना हो सकती है, इसलिए जस्टिस अंजारिया द्वारा लिखे गए फ़ैसले में यह टिप्पणी की गई कि “भले ही अपीलकर्ताओं द्वारा प्रतिवादी संख्या 2 से 6 को पैसे उधार देना “ऋण” (loan) माना जाए या कहा जाए। फिर भी यह प्रतिवादी संख्या 2 से 6 द्वारा प्राप्त पैसे के रूप में एक “जमा” ही रहेगा, जो MPID Act की धारा 2(d) के तहत “वित्तीय संस्थान” का दर्जा रखते हैं।”

    उपरोक्त के आधार पर अपील स्वीकार की गई, जिससे अपीलकर्ताओं को MPID Act की धारा 3 का इस्तेमाल करने और इस क़ानून के तहत उपलब्ध उपायों को अपनाने का अधिकार मिल गया।

    Cause Title: ALKA AGRAWAL AND OTHERS VERSUS STATE OF MAHARASHTRA AND OTHERS

    Next Story