न्यायिक अधिकारी अमन शर्मा की मौत का मामला: सुप्रीम कोर्ट ने जांच एजेंसी से मांगी स्टेटस रिपोर्ट
Praveen Mishra
17 Nov 2026 1:12 PM IST

सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली न्यायिक सेवा के अधिकारी अमन शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत की जांच कर रही एजेंसी से स्टेटस रिपोर्ट मांगी है। 30 वर्षीय अमन शर्मा की मौत को संदिग्ध आत्महत्या बताया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट ने स्वतः संज्ञान लेते हुए सुनवाई शुरू की है।
चीफ़ जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की खंडपीठ ने 6 नवंबर को मामले की सुनवाई करते हुए जांच एजेंसी को स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश दिया।
सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में वरिष्ठ अधिवक्ता हरिप्रिया पद्मनाभन को न्यायमित्र (Amicus Curiae) नियुक्त किया है, जो कार्यवाही में न्यायालय की सहायता करेंगी।
पीठ ने आदेश दिया, "इस बीच, जांच एजेंसी को स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश दिया जाता है।" कोर्ट ने मामले में नोटिस जारी करते हुए अगली सुनवाई के लिए 7 दिसंबर की तारीख तय की।
क्या है पूरा मामला?
अमन शर्मा 2 मई को दिल्ली के सफदरजंग एन्क्लेव स्थित अपने आवास पर मृत पाए गए थे। उनकी उम्र 30 वर्ष थी। उनकी मौत के संबंध में उनके पिता की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई थी।
अमन शर्मा ने पुणे स्थित सिम्बायोसिस लॉ स्कूल से कानून की पढ़ाई पूरी करने के बाद 19 जून 2021 को दिल्ली न्यायिक सेवा ज्वाइन की थी। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी और सिविल जज के रूप में सेवाएं दीं तथा कई आपराधिक और दीवानी मामलों की सुनवाई की।
अक्टूबर 2025 से वह कड़कड़डूमा कोर्ट में उत्तर-पूर्वी जिले के जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) के सचिव के पद पर कार्यरत थे।
सुप्रीम कोर्ट ने अब इस मामले की जांच की प्रगति जानने के लिए संबंधित जांच एजेंसी से रिपोर्ट तलब की है।

