वकील द्वारा अंतरिम राहत मांगना 'कदाचार' नहीं, राजस्थान हाईकोर्ट ने CAT का ₹7,000 जुर्माने वाला आदेश रद्द किया
Praveen Mishra
24 Nov 2026 11:32 AM IST

राजस्थान हाईकोर्ट ने केंद्रीय प्रशासनिक अधिकरण (CAT), जयपुर के उस आदेश को रद्द कर दिया है, जिसमें अपने मुवक्किल के लिए अंतरिम राहत मांगने पर एक महिला वकील के आचरण को 'कदाचार' (Misconduct) माना गया था और उन पर ₹7,000 का जुर्माना लगाया गया था।
चीफ जस्टिस संजय के. अग्रवाल और जस्टिस समीर जैन की खंडपीठ ने नवोदय विद्यालय समिति से जुड़े मामले में वकील द्वारा दायर याचिका पर यह आदेश पारित किया।
क्या था मामला?
याचिकाकर्ता वकील को पेशे में 20 साल का अनुभव था। वह CAT के समक्ष अपने मुवक्किल का प्रतिनिधित्व कर रही थीं, जिसने अपने स्थानांतरण आदेश (Transfer Order) को चुनौती दी थी।
सुनवाई के दौरान वकील ने अपने मुवक्किल के लिए उचित अंतरिम राहत (Interim Relief) देने की मांग की। हालांकि, अधिकरण ने राहत की मांग स्वीकार या खारिज करने के बजाय वकील के आचरण को 'कदाचार' करार दिया और उन पर ₹7,000 का जुर्माना लगा दिया।
सुप्रीम कोर्ट के फैसले का दिया हवाला
हाईकोर्ट के समक्ष वकील ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले Neeraj Garg v. Sarita Rani and Ors. का हवाला दिया।
इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने वकीलों के आचरण पर अनावश्यक टिप्पणियों को हटाते हुए कहा था कि न्यायाधीशों को स्वतंत्र और निर्भीक होकर न्यायिक कार्य करने का अधिकार है। हालांकि, उन्हें वकीलों के आचरण पर ऐसी अनावश्यक टिप्पणियों से भी बचना चाहिए, जिनका विवाद के फैसले से कोई संबंध न हो।
हाईकोर्ट ने क्या कहा?
हाईकोर्ट ने कहा कि वकील द्वारा अपने मुवक्किल के लिए अंतरिम राहत मांगना कदाचार नहीं माना जा सकता। वकील को अपनी दलीलें रखने का अधिकार है और अधिकरण के पास उस मांग को स्वीकार या खारिज करने का विकल्प था।
इस आधार पर हाईकोर्ट ने CAT के आदेश और वकील पर लगाए गए ₹7,000 के जुर्माने को रद्द कर दिया।

