पत्नी और बच्चे के भरण-पोषण की जिम्मेदारी मां के होम लोन चुकाने से अधिक महत्वपूर्ण: केरल हाईकोर्ट
Amir Ahmad
25 Nov 2026 12:40 PM IST

केरल हाईकोर्ट ने कहा है कि पत्नी और बच्चों का भरण-पोषण करना किसी व्यक्ति का प्राथमिक दायित्व है। मां द्वारा लिए गए आवास ऋण की किस्त चुकाने की जिम्मेदारी को पत्नी और बच्चे को भरण-पोषण देने से बचने या उसकी राशि कम कराने का आधार नहीं बनाया जा सकता।
जस्टिस सी. जयचंद्रन ने कहा,
“याचिकाकर्ता अपनी मां द्वारा लिए गए आवास ऋण की किस्त चुका रहा है, जिसमें उसके पिता सह-ऋणी हैं। इस भुगतान को भरण-पोषण न देने या उसकी राशि कम कराने का कारण नहीं बनाया जा सकता। कोर्ट की स्पष्ट राय है कि पत्नी और बेटी के प्रति उसका दायित्व मां द्वारा लिए गए आवास ऋण को चुकाने के दायित्व से अधिक महत्वपूर्ण है।”
मामले में फैमिली कोर्ट ने पति को अपनी पत्नी और बच्चे को अंतरिम भरण-पोषण के रूप में क्रमशः 10,000 रुपये और 6,000 रुपये प्रतिमाह देने का निर्देश दिया था। पति ने इस आदेश को हाईकोर्ट में चुनौती देते हुए भरण-पोषण की राशि कम करने की मांग की।
पति की ओर से दलील दी गई कि वह सऊदी अरब में नौकरी करता है और उसे भारतीय मुद्रा में लगभग 37,800 रुपये वेतन मिलता है। इसमें से उसे 22,000 रुपये आवास ऋण की किस्त के रूप में चुकाने पड़ते हैं। उसने यह भी कहा कि उसकी पत्नी अपनी मां के साथ मिलकर लाभप्रद तरीके से एक होटल चला रही है। ऐसे में फैमिली कोर्ट द्वारा तय की गई भरण-पोषण की राशि बहुत अधिक है और इसे कम किया जाना चाहिए।
पत्नी और बच्चे की ओर से इस दलील का विरोध किया गया। उन्होंने बताया कि जिस आवास ऋण की किस्त पति चुका रहा है, वह उसकी मां ने लिया था और उसके पिता उस ऋण में सह-ऋणी हैं।
दोनों पक्षों को सुनने के बाद हाईकोर्ट ने कहा कि पत्नी की होटल से होने वाली आय का सवाल साक्ष्य का विषय है, जिस पर फैमिली कोर्ट में विचार किया जाना चाहिए। हालांकि, कोर्ट ने अंतरिम भरण-पोषण की राशि में कुछ कमी करना उचित समझा।
हाईकोर्ट ने पति को निर्देश दिया कि वह पत्नी को 7,500 रुपये और बच्चे को 5,000 रुपये प्रतिमाह अंतरिम भरण-पोषण दे। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि यह व्यवस्था तब तक जारी रह सकती है, जब तक पति आवश्यक साक्ष्य पेश करके फैमिली कोर्ट के आदेश में संशोधन की मांग नहीं करता।
कोर्ट ने पति को यह विकल्प भी दिया कि वह सभी आवश्यक दस्तावेज पेश करे, ताकि फैमिली कोर्ट में लंबित मामले का निपटारा किया जा सके।
हाईकोर्ट ने फैमिली कोर्ट को निर्देश दिया कि वह भरण-पोषण के मामले को प्राथमिकता के आधार पर सुने। यदि दोनों पक्ष एक महीने के भीतर सभी साक्ष्य पेश कर देते हैं, तो फैमिली कोर्ट मामले का निपटारा करे।

