संस्थागत कमी दिखाए बिना बच्चे की बेहतर शिक्षा के लिए पिता की इच्छा के आधार पर उसका स्कूल नहीं बदला जा सकता: कर्नाटक हाईकोर्ट

  • संस्थागत कमी दिखाए बिना बच्चे की बेहतर शिक्षा के लिए पिता की इच्छा के आधार पर उसका स्कूल नहीं बदला जा सकता: कर्नाटक हाईकोर्ट

    कर्नाटक हाईकोर्ट ने कहा कि किसी बच्चे को बेहतर शिक्षा दिलाने की माता-पिता की इच्छा, केवल इसी आधार पर बच्चे का स्कूल बदलने का आदेश देने के लिए काफी नहीं है। खासकर तब, जब बच्चे के मौजूदा स्कूल में कोई कमी न दिखाई गई हो।

    एक पिता ने निचली अदालत के उस फैसले को चुनौती देते हुए याचिका दायर की, जिसमें उन्होंने अपने 9 साल के बेटे को 'डीन्स एकेडमी, व्हाइटफील्ड' से 'ग्रीनवुड हाई इंटरनेशनल स्कूल, सरजापुर रोड' में ट्रांसफर करने की मांग की। अदालत ने इस याचिका को खारिज किया।

    जस्टिस ललिता कन्नेगंती ने कहा कि ऐसा कोई सबूत पेश नहीं किया गया, जिससे यह साबित हो कि मौजूदा स्कूल में बच्चे का कोई नुकसान हो रहा है।

    अदालत ने कहा,

    "पिता का यह मानना ​​कि किसी दूसरे स्कूल में बच्चे का भविष्य बेहतर होगा, उनकी अपनी सोच हो सकती है। लेकिन सिर्फ इस सोच के आधार पर बच्चे का स्कूल नहीं बदला जा सकता, और न ही इसके लिए अदालत को दखल देने की जरूरत है।"

    अदालत ने कहा कि माता-पिता को जो स्कूल ज्यादा आकर्षक लगता है, और वह बदलाव जो वास्तव में बच्चे के लिए फायदेमंद है—इन दोनों के बीच फर्क समझना जरूरी है।

    अदालत ने कहा:

    "हर स्कूल दूसरे स्कूल के मुकाबले कुछ फायदे होने का दावा कर सकता है। अगर सिर्फ ऐसे दावों के आधार पर स्कूल बदला जाने लगे तो जब भी माता-पिता को कोई दूसरा स्कूल 'बेहतर' लगेगा, वे बच्चे का स्कूल बदल देंगे, जिससे उसकी पढ़ाई बार-बार बाधित होगी।"

    जस्टिस कन्नेगंती ने कहा कि जब बच्चे के मौजूदा स्कूल में कोई कमी नहीं दिखाई गई है, तो स्कूल बदलने की मांग पर विचार नहीं किया जा सकता।

    'मौसमी मोइत्रा गांगुली बनाम जयंत गांगुली' मामले में सुप्रीम कोर्ट के फैसले का हवाला देते हुए हाईकोर्ट ने जोर दिया कि बच्चे की प्रतिभा और व्यक्तित्व के पूर्ण विकास के लिए उसका स्थिर और सुरक्षित माहौल में रहना बहुत जरूरी है।

    एक पिता ने कर्नाटक हाईकोर्ट में याचिका दायर कर अपने नाबालिग बच्चे को 'डीन्स एकेडमी, व्हाइटफील्ड' से 'ग्रीनवुड हाई इंटरनेशनल स्कूल, सरजापुर रोड' में ट्रांसफर करने की अनुमति मांगी। यह याचिका 'गार्जियंस एंड वार्ड्स एक्ट' और 'फैमिली कोर्ट्स एक्ट' के तहत दायर की गई। पिता का तर्क है कि बच्चे के बेहतर कल्याण और सर्वांगीण विकास के लिए यह ट्रांसफर जरूरी है। यह पिता की ओर से स्कूल बदलने का दूसरा प्रयास है। इससे पहले 2024 में एक ट्रायल कोर्ट ने उनकी इस मांग को खारिज कर दिया। 2025 में हाईकोर्ट ने भी पिता की अपील को स्वीकार नहीं किया और कहा कि बच्चा पहले से ही 'डीन्स एकेडमी' में एक सुरक्षित और अच्छे माहौल में है।

    अब पिता ने एक नई अर्जी दाखिल की, जिसमें उन्होंने पिछले एक साल में बदली हुई परिस्थितियों का हवाला दिया। उनके अनुसार, बच्चे की परिपक्वता (Maturity), आत्मविश्वास, भावनात्मक विकास और स्वतंत्र सोच में काफी सकारात्मक बदलाव आए हैं। उनका तर्क है कि 'ग्रीनवुड हाई' अब बच्चे के लिए ज्यादा बेहतर विकल्प है, क्योंकि वहां ICSE और IB पाठ्यक्रम हैं, 15,000 किताबों वाली लाइब्रेरी है, अलग-अलग साइंस लैब हैं और अन्य कई सुविधाएं मौजूद हैं।

    इस अर्जी का विरोध करते हुए मां ने कहा कि ट्रायल कोर्ट पहले ही इस मामले को खारिज कर चुका है। साथ ही फरवरी 2025 में रिट याचिका भी खारिज हो चुकी है। मां का कहना है कि यह नई अर्जी केवल पुराने मामलों को फिर से उठाने और उन्हें परेशान करने की कोशिश है। उन्होंने बताया कि बच्चा 'डीन्स एकेडमी' में पूरी तरह से ढल चुका है—जो घर से मात्र 900 मीटर दूर है। वहां बच्चा पढ़ाई में अच्छा कर रहा है और पास ही फुटबॉल भी खेल रहा है। इसके विपरीत, 'ग्रीनवुड हाई' जाने के लिए उसे हर तरफ से 15 किमी (यानी रोज कुल 30 किमी) का सफर तय करना पड़ेगा, जिससे बच्चा थकेगा और तनाव महसूस करेगा।

    मां ने पिता की आर्थिक क्षमता पर भी सवाल उठाए। उन्होंने घरेलू मामलों से जुड़े पिछले दस्तावेजों और संपत्ति/देनदारियों के खुलासे का जिक्र करते हुए कहा कि पिता की घोषित आय लगभग 50,000 रुपये प्रति माह है, जबकि स्कूल की फीस इससे कहीं ज्यादा है।

    मामले के तथ्यों पर टिप्पणी करते हुए हाईकोर्ट ने कहा:

    “यह सच है कि दोनों संस्थानों के बीच की दूरी भी एक अहम पहलू है। माँ के अनुसार, प्रस्तावित स्कूल 15 किमी दूर है, जिसका मतलब है कि बच्चे को रोज़ाना 30 किमी का सफर तय करना पड़ेगा। पिता का नज़रिया अलग है, लेकिन वे भी इस बात से इनकार नहीं करते कि यह जगह माँ के घर से दूर है। इससे बच्चे को हर स्कूल के दिन काफी ज़्यादा दूरी तय करनी पड़ेगी। सफर में लगने वाला अतिरिक्त समय, आने-जाने के इंतज़ाम और बच्चे की रोज़मर्रा की दिनचर्या पर पड़ने वाले असर को नज़रअंदाज़ नहीं किया जा सकता।”

    अदालत ने यह भी गौर किया कि माँ 'डीन्स एकेडमी' में काम करती हैं। इससे बच्चे को व्यावहारिक फायदा मिलेगा और उसकी पढ़ाई-लिखाई की प्रगति तथा तत्काल ज़रूरतों के मामले में तालमेल बिठाना आसान हो जाएगा।

    अदालत ने स्कूल की 5 लाख रुपये सालाना फीस और पिता की बताई गई आय (लगभग 50,000 रुपये प्रति माह) को भी ध्यान में रखा।

    अदालत ने कहा,

    “भले ही मान लिया जाए कि पिता पूरा खर्च उठाने में आर्थिक रूप से सक्षम हैं, फिर भी सवाल सिर्फ यह नहीं है कि क्या वे इस शिक्षा का खर्च उठा सकते हैं, बल्कि यह है कि क्या यह बदलाव बच्चे के लिए ज़रूरी या फायदेमंद है। ज़्यादा खर्च होने का मतलब हमेशा यह नहीं होता कि पढ़ाई के नतीजे भी बेहतर ही मिलेंगे।”

    बच्चे का स्कूल बदलने का कोई ठोस आधार न पाते हुए हाईकोर्ट ने याचिका खारिज की।

    Case Title : N VS S

    अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

    Next Story