अविवाहित बेटे की मौत पर केवल माँ ही दुर्घटना मुआवजे की हकदार; पिता और बहनें आश्रित नहीं: हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट

  • अविवाहित बेटे की मौत पर केवल माँ ही दुर्घटना मुआवजे की हकदार; पिता और बहनें आश्रित नहीं: हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट

    हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने कहा कि अगर इसके विपरीत कोई सबूत न हो तो किसी अविवाहित मृतक के पिता और भाई-बहनों को उसकी कमाई पर आश्रित नहीं माना जा सकता। ऐसे मामलों में आमतौर पर केवल माँ को ही आश्रित माना जाएगा और वह मुआवजे की हकदार होगी।

    कोर्ट ने माना कि मृतक के पिता की अपनी स्वतंत्र आय मानी जा सकती है, जबकि भाई-बहन या तो स्वतंत्र होंगे, खुद कमा रहे होंगे, या फिर अपने पिता पर आश्रित होंगे।

    जस्टिस सुशील कुकरेजा ने टिप्पणी की:

    "याचिकाकर्ता नंबर 2 (पिता) और याचिकाकर्ता नंबर 3 व 4 (बहनें) को मृतक पर आश्रित नहीं माना जा सकता। केवल याचिकाकर्ता नंबर 1, जो मृतक की माँ हैं, को ही उसकी कमाई पर आश्रित माना जाएगा।"

    दावा करने वालों ने पोंटा साहिब स्थित मोटर एक्सीडेंट क्लेम्स ट्रिब्यूनल में याचिका दायर की। उन्होंने 25 नवंबर 2020 को सड़क दुर्घटना में मारे गए 31 वर्षीय मोहित के लिए 25 लाख रुपये के मुआवजे की मांग की। उनका आरोप था कि एक कार को लापरवाही और तेजी से चलाते हुए उसकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी गई, जिससे उसे जानलेवा चोटें आईं। दावा करने वालों ने बताया कि मृतक एक मुंशी के रूप में काम करता था और महीने के 15,000 रुपये कमाता था। साथ ही, उसके माता-पिता और दो बहनें उसकी आय पर निर्भर थीं।

    ट्रिब्यूनल ने 17,20,400 रुपये का मुआवजा और उस पर 7.5% वार्षिक ब्याज देने का आदेश दिया। इस फैसले से असंतुष्ट होकर अपीलकर्ता हाईकोर्ट पहुंचे। उन्होंने मृतक की आय के आकलन और ट्रिब्यूनल द्वारा पिता और बहनों को 'आश्रित' मानने के फैसले को चुनौती दी।

    हाई कोर्ट ने मृतक की अनुमानित मासिक आय 8,250 रुपये तय करने का ट्रिब्यूनल का फैसला बरकरार रखा, क्योंकि दावा करने वाले उसकी 15,000 रुपये की कथित सैलरी साबित करने के लिए कोई दस्तावेजी सबूत पेश नहीं कर पाए।

    कोर्ट ने स्पष्ट किया कि जब तक इसके विपरीत कोई सबूत न हो, मृतक के पिता और दो बहनों को आश्रित नहीं माना जा सकता। मुआवजे के लिए केवल उसकी माँ ही हकदार हैं। अदालत ने भविष्य की संभावनाओं के लिए 40% की वृद्धि जोड़ी, मृतक के निजी खर्चों के लिए 50% की कटौती की और 16 के मल्टीप्लायर को बरकरार रखा। इसके आधार पर आश्रितों को हुए नुकसान की राशि ₹11,08,800 तय की गई। साथ ही अन्य मदों (Conventional Heads) के लिए ₹70,000 की अतिरिक्त राशि दी गई, जिससे कुल मुआवजा ₹11,78,800 हो गया। यह पूरी राशि केवल मृतक की माँ को दी जाएगी।

    Case Title : Om Parkash & another v/s Ankita & others

    अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

    Next Story