JJ Act में बच्चों की अदालत में ट्रायल कराने का प्रावधान पिछली तारीख से भी लागू होगा, लंबित मामले भी होंगे ट्रांसफर: दिल्ली हाईकोर्ट

  • JJ Act में बच्चों की अदालत में ट्रायल कराने का प्रावधान पिछली तारीख से भी लागू होगा, लंबित मामले भी होंगे ट्रांसफर: दिल्ली हाईकोर्ट

    दिल्ली हाईकोर्ट ने कहा कि किशोर न्याय (बच्चों की देखरेख और संरक्षण) अधिनियम, 2015 (JJ Act) की धारा 86(4) में 2021 के संशोधन का पूर्वव्यापी प्रभाव होगा। इसके तहत अधिनियम के अंतर्गत आने वाले अपराधों की सुनवाई केवल बच्चों की अदालत (चिल्ड्रन्स कोर्ट) में होगी। यह प्रावधान उन मुकदमों पर भी लागू होगा, जो संशोधन से पहले प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष लंबित थे।

    जस्टिस नवीन चावला और जस्टिस अरुण भारद्वाज की खंडपीठ ने यह भी स्पष्ट किया कि भारतीय न्याय संहिता (BNS) या भारतीय दंड संहिता (IPC) के सामान्य अपराधों को केवल इस आधार पर बच्चों की अदालत में सुनवाई योग्य नहीं माना जा सकता कि उन अपराधों के पीड़ितों में कोई नाबालिग भी शामिल है।

    कोर्ट ने कहा कि मुकदमे की सुनवाई के लिए अदालत के मंच में बदलाव मूल रूप से प्रक्रिया से जुड़ा विषय है। इसलिए प्रक्रिया संबंधी संशोधन सामान्यतः पूर्वव्यापी रूप से लागू होते हैं, जब तक कि कानून से इसके विपरीत विधायी मंशा सामने न आए।

    हालांकि, कोर्ट ने स्पष्ट किया कि यदि सुनवाई के मंच में बदलाव के साथ किसी पक्ष के अपील के निहित अधिकार या अन्य मूल अधिकारों में भी बदलाव होता है, तो स्थिति अलग हो सकती है।

    खंडपीठ ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले नीना अनेजा बनाम जय प्रकाश एसोसिएट्स लिमिटेड का हवाला देते हुए कहा कि सुनवाई के मंच में बदलाव प्रक्रिया के दायरे में आता है। इसलिए प्रक्रिया से जुड़े संशोधन सामान्यतः पूर्वव्यापी होते हैं, जब तक कि कानून में इसके विपरीत मंशा व्यक्त न की गई हो।

    हाईकोर्ट ने यह फैसला साकेत कोर्ट के दक्षिण-पूर्व जिला स्थित POCSO कोर्ट के एडिशनल सेशंस जज द्वारा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), 2023 की धारा 436 के तहत भेजे गए संदर्भ पर सुनाया। मामला लाजपत नगर पुलिस स्टेशन में दर्ज FIR से जुड़ा था।

    यह संदर्भ किशोर न्याय (संशोधन) अधिनियम, 2021 के जरिए JJ Act की धारा 86 में किए गए बदलाव के बाद सामने आया। यह संशोधन 1 सितंबर 2022 से प्रभावी हुआ।

    संशोधन से पहले JJ Act के तहत अपराधों की सुनवाई निर्धारित सजा के आधार पर अलग-अलग अदालतों में होती थी। सात साल से अधिक कारावास की सजा वाले अपराध बच्चों की अदालत में, जबकि इससे कम सजा वाले अपराध मजिस्ट्रेट के समक्ष सुनवाई योग्य है।

    हालांकि, संशोधित धारा 86(4) में CrPC, बाल अधिकार संरक्षण आयोग अधिनियम (CPCR Act) या POCSO Act में किसी भी विपरीत प्रावधान के बावजूद JJ Act के तहत सभी अपराधों की सुनवाई बच्चों की अदालत में कराने का प्रावधान किया गया।

    संदर्भ भेजने वाली अदालत ने आशंका जताई कि मजिस्ट्रेट के समक्ष लंबित मामलों को बच्चों की अदालत में स्थानांतरित करने से आरोपी और राज्य के अपील संबंधी अधिकार प्रभावित हो सकते हैं।

    इस मुद्दे पर हाईकोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट के फैसलों हितेंद्र विष्णु ठाकुर बनाम महाराष्ट्र राज्य, नीना अनेजा बनाम जय प्रकाश एसोसिएट्स लिमिटेड और मुमताज यारुद दौला वक्फ बनाम बादम बालकृष्ण होटल प्राइवेट लिमिटेड पर भरोसा किया।

    खंडपीठ ने दोहराया कि प्रक्रिया संबंधी संशोधन सामान्यतः पूर्वव्यापी रूप से लागू होते हैं। हालांकि, यदि किसी संशोधन से सुनवाई का मंच बदलने के साथ अपील का कोई निहित अधिकार भी समाप्त या प्रभावित होता है तो विपरीत विधायी मंशा न होने पर उसे सामान्यतः भावी प्रभाव से लागू किया जाएगा।

    इसी आधार पर कोर्ट ने कहा कि संशोधन से पहले के कानून के तहत प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष लंबित JJ Act के मुकदमों को भी बच्चों की अदालत में स्थानांतरित करना होगा।

    दूसरे प्रश्न पर कोर्ट ने कहा कि BNS या IPC के सामान्य अपराध, जिनमें पीड़ितों में कोई नाबालिग शामिल हो, केवल इस वजह से CPCR Act की धारा 25 के तहत स्थापित बच्चों की अदालत में विशेष रूप से विचारणीय नहीं हो जाते।

    खंडपीठ ने कहा,

    “JJ Act, 2015 की धारा 86(4) केवल 'इस अधिनियम के तहत अपराधों' पर लागू होती है। इसलिए अब केवल JJ Act, 2015 के तहत आने वाले अपराधों का ट्रायल बच्चों की अदालत में होगा। सामान्य अपराधों में भले ही पीड़ितों में कोई नाबालिग हो, धारा 86(4) के तहत ऐसे मुकदमों को बच्चों की अदालत में स्थानांतरित करने का कोई आदेश नहीं है।”

    कोर्ट ने यह भी कहा कि CPCR Act में 'बच्चों के खिलाफ अपराध' या 'बाल अधिकारों का उल्लंघन' जैसे शब्दों को परिभाषित नहीं किया गया। न ही इसकी धारा 25 हर उस अपराध की सुनवाई के लिए विशेष अदालत का प्रावधान करती है, जो किसी बच्चे के खिलाफ किया गया हो।

    खंडपीठ ने स्पष्ट किया कि आपराधिक मामलों की सुनवाई का अधिकार CrPC, BNSS या POCSO Act और JJ Act जैसे विशेष कानूनों से प्राप्त होता है।

    कोर्ट ने निष्कर्ष निकाला कि BNS या IPC के सामान्य अपराध, जिनमें पीड़ितों में कोई नाबालिग शामिल हो, किसी अन्य कानून में विशेष प्रावधान न होने पर CPCR Act की धारा 25 के तहत स्थापित बच्चों की अदालत में विशेष रूप से विचारणीय नहीं होंगे।

    अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

    Next Story