फ्लाइट कैंसिलेशन की सूचना न देने पर एयर इंडिया और ट्रैवल एजेंट जिम्मेदार: चंडीगढ़ राज्य उपभोक्ता आयोग

Praveen Mishra

6 April 2026 12:40 PM IST

  • फ्लाइट कैंसिलेशन की सूचना न देने पर एयर इंडिया और ट्रैवल एजेंट जिम्मेदार: चंडीगढ़ राज्य उपभोक्ता आयोग

    State Consumer Disputes Redressal Commission, Chandigarh ने एक महत्वपूर्ण फैसले में Air India और Alhind Tours and Travels Pvt. Ltd. को फ्लाइट रद्द होने की सूचना यात्री को न देने के लिए सेवा में कमी (deficiency in service) का दोषी ठहराया है। आयोग ने कहा कि एयरलाइन पर जहां फ्लाइट संचालन और सूचना देने की प्राथमिक जिम्मेदारी है, वहीं ट्रैवल एजेंट की भी यह जिम्मेदारी बनती है कि वह यात्री को समय पर जानकारी दे।

    मामला क्या था?

    शिकायतकर्ता सोहिल भसीन, जो एक प्रोफेशनल कंसल्टेंट हैं, को 21 मई 2022 को शारजाह में एक मीटिंग में शामिल होना था। इसके लिए उन्होंने 20 मई 2022 की दिल्ली से शारजाह की फ्लाइट Air India से बुक की थी, जो Alhind Tours and Travels Pvt. Ltd. के माध्यम से ली गई थी।

    लेकिन जब वे दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे, तो पता चला कि फ्लाइट पहले ही रद्द हो चुकी है और उन्हें इसकी कोई सूचना नहीं दी गई थी। मजबूरी में उन्हें अगले दिन के लिए नया टिकट लेना पड़ा, जिससे अतिरिक्त खर्च हुआ और वे अपनी मीटिंग भी मिस कर गए, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान हुआ।

    पहले क्या हुआ?

    जिला उपभोक्ता आयोग ने केवल ट्रैवल एजेंट को जिम्मेदार ठहराया और मुआवजा देने का आदेश दिया, जबकि एयर इंडिया को राहत दे दी गई। इसके खिलाफ शिकायतकर्ता ने राज्य आयोग में अपील की।

    आयोग का फैसला

    राज्य आयोग ने कहा कि एयरलाइन और ट्रैवल एजेंट दोनों ही एक ही सेवा श्रृंखला का हिस्सा हैं और दोनों के पास यात्री की जानकारी होती है। इसलिए किसी एक पर जिम्मेदारी डालकर दूसरे को मुक्त नहीं किया जा सकता।

    आयोग ने स्पष्ट किया कि:

    फ्लाइट कैंसिलेशन की सूचना देना एयरलाइन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

    लेकिन ट्रैवल एजेंट भी अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकता।

    उपभोक्ता को आंतरिक व्यवस्थाओं के कारण नुकसान नहीं उठाना चाहिए।

    आदेश

    आयोग ने दोनों पक्षों को संयुक्त रूप से जिम्मेदार ठहराते हुए निर्देश दिया कि:

    ₹6,075 (AED 270) की राशि 9% ब्याज सहित वापस की जाए

    ₹1,00,000 मानसिक पीड़ा और उत्पीड़न के लिए मुआवजा दिया जाए

    ₹35,000 मुकदमे के खर्च के रूप में दिए जाएं

    इस प्रकार, आयोग ने जिला आयोग के उस हिस्से को निरस्त कर दिया, जिसमें एयर इंडिया को दोषमुक्त किया गया था, और दोनों पक्षों को संयुक्त रूप से जिम्मेदार ठहराया।

    Next Story