'100% आटा ब्रेड' विज्ञापन भ्रामक निकला, CCPA ने Mrs. Bector's पर ₹1 लाख का जुर्माना लगाया

Praveen Mishra

3 July 2026 1:30 PM IST

  • 100% आटा ब्रेड विज्ञापन भ्रामक निकला, CCPA ने Mrs. Bectors पर ₹1 लाख का जुर्माना लगाया

    केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण (CCPA) ने Mrs. Bector's Food Specialities Ltd. पर ₹1 लाख का जुर्माना लगाया है। प्राधिकरण ने कंपनी को "100% Atta Bread" और "100% Whole Wheat Bread" के नाम से ब्रेड का प्रचार कर उपभोक्ताओं को गुमराह करने और अनुचित व्यापार व्यवहार अपनाने का दोषी पाया।

    मुख्य आयुक्त निधि खरे और आयुक्त अनुपम मिश्रा की पीठ ने कहा कि कंपनी के English Oven ब्रेड उत्पाद में केवल लगभग 87% गेहूं का आटा था, जबकि विज्ञापन में उसे "100% आटा" और "100% होल व्हीट" बताया गया। प्राधिकरण ने कहा कि एक सामान्य उपभोक्ता "100%" का अर्थ यही समझेगा कि उत्पाद पूरी तरह गेहूं के आटे से बना है, जबकि वास्तविकता इससे अलग थी।

    सुनवाई के दौरान FSSAI ने भी स्पष्ट किया कि नियमों के अनुसार होल व्हीट ब्रेड में कम से कम 75% गेहूं का आटा होना चाहिए, लेकिन इससे किसी उत्पाद को "100% Whole Wheat Bread" कहने की अनुमति नहीं मिल जाती। कंपनी का यह तर्क भी खारिज कर दिया गया कि "100%" का मतलब केवल यह था कि ब्रेड में मैदा का इस्तेमाल नहीं किया गया।

    CCPA ने माना कि कंपनी के दावे उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम, 2019 और भ्रामक विज्ञापनों की रोकथाम संबंधी 2022 के दिशानिर्देशों का उल्लंघन करते हैं। इसके साथ ही प्राधिकरण ने कंपनी को सभी मीडिया प्लेटफॉर्म से ऐसे विज्ञापन तत्काल हटाने, 15 दिनों के भीतर अनुपालन रिपोर्ट दाखिल करने और ₹1 लाख का जुर्माना जमा करने का निर्देश दिया।

    Praveen Mishra

    Praveen Mishra

    प्रवीण मिश्रा Law Graduate हैं और लाइव लॉ हिंदी से जुड़े हैं। वे सुप्रीम कोर्ट, उच्च न्यायालयों, उपभोक्ता आयोगों और अन्य न्यायिक मंचों के महत्वपूर्ण फैसलों एवं कानूनी घटनाक्रमों पर लेखन करते हैं। उनका उद्देश्य जटिल कानूनी विषयों और न्यायिक निर्णयों को सरल, सटीक और तथ्यपरक भाषा में हिंदी पाठकों तक पहुंचाना है।

    Next Story