हाईकोर्ट एडवोकेट्स एसोसिएशन की मांग: तेलंगाना मूल के वकीलों को ही बनाया जाए जज
Shahadat
20 Jun 2026 10:06 PM IST

तेलंगाना हाईकोर्ट एडवोकेट्स एसोसिएशन ने बुधवार (17 जून) को एक विरोध प्रदर्शन किया, जिसमें राज्य के मूल वकीलों के नामों पर जज के तौर पर नियुक्ति के लिए विचार करने की मांग की गई।
एसोसिएशन के अध्यक्ष एस. सुरेंद्र रेड्डी, उपाध्यक्ष डी.एल. पांडु, सचिव पी. श्रवण कुमार गौड़, संयुक्त सचिव पी. कृष्णा कीर्तना और बार के वरिष्ठ सदस्यों ने इस विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया।
यह विरोध प्रदर्शन एक विशेष आम सभा में पारित प्रस्ताव के तहत आयोजित किया गया। इस प्रस्ताव में तेलंगाना हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस और कॉलेजियम के सदस्यों को पत्र लिखकर अनुरोध करने का निर्णय लिया गया कि वे तेलंगाना से ताल्लुक रखने वाले और हाई कोर्ट में प्रैक्टिस कर रहे वकीलों के नामों पर जज के पद के लिए विचार करें।
आम सभा ने चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (CJI), सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम के सदस्यों, केंद्रीय कानून मंत्री, तेलंगाना के राज्यपाल, राज्य के मुख्यमंत्री और सभी राजनीतिक दलों के अध्यक्षों को एक ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया।
आम सभा ने विरोध स्वरूप 17 जून को दोपहर 1:45 बजे हाई कोर्ट में प्रदर्शन आयोजित करने का भी निर्णय लिया।

