इंडिया गठबंध ने पूर्व जज जस्टिस बी. सुदर्शन रेड्डी को बनाया उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार
Shahadat
19 Aug 2025 1:57 PM IST

इंडिया गठबंधन ने उपराष्ट्रपति पद के लिए पूर्व सुप्रीम कोर्ट जज जस्टिस बी. सुदर्शन रेड्डी को अपना उम्मीदवार घोषित किया।
विपक्षी दलों द्वारा जारी एक संयुक्त बयान में कहा गया:
मिस्टर बी. सुदर्शन रेड्डी भारत के सबसे प्रतिष्ठित और प्रगतिशील न्यायविदों में से एक हैं। उनका एक लंबा और प्रतिष्ठित कानूनी करियर रहा है, जिसमें आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट के जज, गुवाहाटी हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस और सुप्रीम कोर्ट जज के रूप में कार्य करना शामिल है। वे सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय के एक निरंतर और साहसी समर्थक रहे हैं।
उपराष्ट्रपति पद का चुनाव एक वैचारिक संघर्ष का दिखाता है। विपक्षी दलों ने मिस्टर बी. सुदर्शन रेड्डी को अपना संयुक्त उम्मीदवार इसलिए चुना है, क्योंकि वह उन मूल्यों को पूरी तरह से प्रतिबिंबित करते हैं, जिन्होंने हमारे देश के स्वतंत्रता आंदोलन को इतनी गहराई से आकार दिया और जिन मूल्यों पर हमारे देश का संविधान और लोकतंत्र टिका हुआ है। इन सभी मूल्यों पर हमला हो रहा है। इसलिए इस चुनाव को लड़ने का हमारा सामूहिक और दृढ़ संकल्प ज़रूरी है।
पिछले महीने जगदीप धनखड़ के पद से इस्तीफ़ा देने के कारण उपराष्ट्रपति पद का चुनाव ज़रूरी हो गया। भारतीय जनता पार्टी ने महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन को उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार चुना है।
जुलाई, 1946 में जन्मे जस्टिस रेड्डी ने 27 दिसंबर, 1971 को हैदराबाद में एक वकील के रूप में रजिस्ट्रेशन कराया। उन्होंने आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट में रिट और सिविल मामलों में वकालत की और 1988-90 के दौरान सरकारी वकील के रूप में काम किया। उन्होंने 1990 के दौरान 6 महीने की अवधि के लिए केंद्र सरकार के अतिरिक्त सरकारी वकील के रूप में भी काम किया।
उन्हें 2 मई, 1995 को आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट का जज नियुक्त किया गया।
उन्हें 5 दिसंबर, 2005 को गुवाहाटी हाईकोर्ट का चीफ जस्टिस नियुक्त किया गया।
उन्हें 12 जनवरी, 2007 को सुप्रीम कोर्ट का जज नियुक्त किया गया। इस पद से वह 8 जुलाई, 2011 को रिटायर हुए।
हाल ही में, 2022 में सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें कर्नाटक राज्य में खनन कार्यों के संबंध में खनन प्रभाव क्षेत्र हेतु व्यापक पर्यावरण योजना के कार्यान्वयन हेतु निरीक्षण प्राधिकारी नियुक्त किया था।

