दिल्ली कोर्ट ने इजरायली दूतावास की कार में हुए धमाके के मामले में पत्रकार के खिलाफ UAPA के तहत संज्ञान लिया

  • दिल्ली कोर्ट ने इजरायली दूतावास की कार में हुए धमाके के मामले में पत्रकार के खिलाफ UAPA के तहत संज्ञान लिया

    दिल्ली कोर्ट ने 2012 में राष्ट्रीय राजधानी में इजरायली दूतावास की गाड़ी को निशाना बनाकर किए गए बम धमाके के मामले में पत्रकार सैयद मोहम्मद अहमद काजमी के खिलाफ 'गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम' (UAPA) के तहत अपराधों का संज्ञान लिया।

    स्पेशल जज अनु ग्रोवर बालिगा ने कहा कि CFSL रिपोर्ट, गवाहों के बयान और जांच के दौरान जुटाए गए अन्य सबूत इस स्तर पर यह साबित करने के लिए पर्याप्त हैं कि एक साजिश के तहत आतंकवादी घटना को अंजाम दिया गया।

    अदालत ने भारतीय दंड संहिता (IPC) की धाराओं 307, 323, 427 और 120B, UAPA की धाराओं 16 और 18 तथा 'विस्फोटक पदार्थ अधिनियम' (Explosive Substances Act) की धारा 3 के तहत दंडनीय अपराधों का संज्ञान लिया।

    अदालत काजमी के वकील द्वारा उठाई गई शुरुआती आपत्तियों पर सुनवाई कर रही थी। वकील ने तर्क दिया कि जब तक दिल्ली हाईकोर्ट 'राष्ट्रीय जांच एजेंसी अधिनियम (NIA Act), 2008' के तहत अदालतों के अधिकार क्षेत्र से जुड़े एक लंबित आपराधिक मामले (क्रिमिनल रेफरेंस) पर फैसला नहीं ले लेता, तब तक यह कार्यवाही आगे नहीं बढ़ सकती।

    बचाव पक्ष ने यह भी दलील दी कि 9 अगस्त 2012 को मुख्य मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट (CMM) द्वारा लिया गया संज्ञान अमान्य था, क्योंकि मजिस्ट्रेट के पास NIA अधिनियम के तहत आने वाले अपराधों का संज्ञान लेने का अधिकार क्षेत्र नहीं है।

    बचाव पक्ष की इस दलील को स्वीकार करते हुए अदालत ने कहा कि CMM द्वारा लिया गया संज्ञान अब प्रभावी नहीं है। ऐसा सुप्रीम कोर्ट के 19 अक्टूबर 2012 के उस आदेश के मद्देनजर कहा गया, जिसने दिल्ली हाईकोर्ट के 6 जुलाई 2012 का वह निर्देश रद्द किया था, जिसमें CMM से काजमी की रिमांड बढ़ाने और UAPA के तहत अपराधों का संज्ञान लेने को कहा गया।

    हालांकि, अदालत ने बचाव पक्ष की इस दलील को खारिज किया कि इस वजह से पूरी कानूनी कार्यवाही को ही रद्द कर दिया जाना चाहिए। अदालत ने कहा कि न तो काज़मी मामले में सुप्रीम कोर्ट के आदेश में और न ही 'बिक्रमजीत सिंह बनाम पंजाब राज्य' मामले के फैसले में यह कहा गया कि अगर किसी मजिस्ट्रेट के पास NIA एक्ट के तहत आने वाले अपराधों (शेड्यूल्ड ऑफेंस) पर सुनवाई करने का अधिकार (ज्यूरिसडिक्शन) नहीं है, तो पूरी कानूनी कार्यवाही को ही खत्म कर देना चाहिए।

    अदालत ने बताया कि NIA Act की धारा 13 और 16 के तहत इन अपराधों का संज्ञान (कॉग्निजेंस) लेने का अधिकार केवल इस एक्ट के तहत गठित 'विशेष अदालत' (स्पेशल कोर्ट) को है। अगर कोई विशेष अदालत अधिसूचित नहीं है तो यह अधिकार उस डिवीजन की 'सत्र अदालत' (सेशन कोर्ट) के पास होता है, जहां अपराध हुआ हो।

    अदालत ने कहा,

    "सुप्रीम कोर्ट के 19.10.2012 के आदेश को देखते हुए, जब मुख्य मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट द्वारा लिया गया संज्ञान अमान्य हो जाता है तो इस अदालत द्वारा लिया जा रहा संज्ञान पहला संज्ञान माना जाएगा, न कि दूसरा।"

    यह FIR 13 फरवरी, 2012 को दर्ज की गई। दिल्ली में औरंगजेब रोड और सफदरजंग रोड के चौराहे पर एक इनोवा कार में विस्फोट हुआ था, जिसमें एक इजरायली राजनयिक की पत्नी सवार थीं।

    अभियोजन पक्ष के अनुसार, एक मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति ने ट्रैफिक सिग्नल पर रुकी हुई कार के पिछले हिस्से में एक चुंबकीय विस्फोटक उपकरण (मैग्नेटिक एक्सप्लोसिव डिवाइस) लगा दिया। इसके कुछ ही देर बाद विस्फोट हुआ, जिसमें राजनयिक की पत्नी, ड्राइवर और वहां से गुजर रहे कई लोग घायल हो गए।

    अभियोजन पक्ष का आरोप है कि होशंग अफसर ईरानी ने तीन अन्य ईरानी नागरिकों और काज़मी के साथ मिलकर इस आतंकी हमले की साजिश रची थी।

    सुनवाई के दौरान, बचाव पक्ष ने विस्फोट के बारे में अभियोजन पक्ष के दावों पर सवाल उठाए। उन्होंने तर्क दिया कि फोरेंसिक रिपोर्ट से पता चलता है कि गाड़ी के अंदर ज्वलनशील पदार्थ मौजूद था। उन्होंने यह भी कहा कि कार को हुए नुकसान को देखकर लगता है कि विस्फोट गाड़ी के अंदर से हुआ।

    हालांकि, अभियोजन पक्ष ने 11 अप्रैल, 2012 की CFSL रिपोर्ट का हवाला दिया। इस रिपोर्ट के अनुसार, ऐसा लगता है कि गाड़ी के पिछले बाहरी हिस्से पर चुंबकीय पट्टियों (मैग्नेटिक स्ट्रिप्स) की मदद से एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) लगाया गया। अभियोजन पक्ष ने उन गवाहों के बयानों का भी सहारा लिया, जिन्होंने कथित तौर पर एक मोटरसाइकिल सवार को धमाके से कुछ देर पहले गाड़ी के पिछले हिस्से में कोई चीज़ लगाते हुए देखा था।

    इसके अलावा, अभियोजन पक्ष ने सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और जांच से जुड़ी अन्य सामग्रियों का भी हवाला दिया, जो कथित तौर पर काज़मी को अन्य आरोपियों से जोड़ती हैं।

    अभियोजन पक्ष के अनुसार, काज़मी ने हमलों में शामिल माने जा रहे कुछ ईरानी नागरिकों से बातचीत की थी और उनमें से एक के लिए हवाई टिकट का इंतज़ाम भी किया। अभियोजन पक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ आरोपियों ने दिल्ली में इज़रायली दूतावास की रेकी (निगरानी) की थी।

    रिकॉर्ड पर मौजूद सामग्रियों पर विचार करने के बाद अदालत ने माना कि कथित अपराधों का संज्ञान लेने के लिए पर्याप्त सामग्री मौजूद है।

    अदालत ने अभियोजन और बचाव पक्ष को 7 दिसंबर को आरोपों (Charges) पर अपनी दलीलें पेश करने का निर्देश दिया।

    अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

    Next Story