सत्येंद्र जैन द्वारा दायर मानहानि मामले में BJP MLA करनैल सिंह को जारी किया समन आदेश रद्द
Shahadat
30 April 2026 7:35 PM IST

दिल्ली कोर्ट ने गुरुवार को मजिस्ट्रेट का आदेश रद्द कर दिया, जिसमें आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता सत्येंद्र जैन द्वारा दायर आपराधिक मानहानि के मामले में BJP विधायक करनैल सिंह के खिलाफ संज्ञान लिया गया था और उन्हें समन जारी किया गया था।
राउज़ एवेन्यू कोर्ट के स्पेशल जज जितेंद्र सिंह ने सिंह की चुनौती स्वीकार की और स्पष्ट किया कि मामले के गुण-दोष पर कोई टिप्पणी नहीं की गई।
जज ने मामले को वापस ट्रायल कोर्ट भेज दिया ताकि कथित बयानों पर लागू होने वाले अपवादों पर विचार किया जा सके और कानून के अनुसार एक नया आदेश पारित किया जा सके।
यह देखते हुए कि ट्रायल कोर्ट का यह विचार कि वैधानिक अपवादों की प्रयोज्यता की जांच केवल ट्रायल के चरण में ही की जा सकती है, कानून के अनुसार सही नहीं है, कोर्ट ने कहा:
“संशोधनकर्ता (Revisionist) द्वारा उठाया गया मुद्दा मामले की जड़ तक जाता है और सीधे तौर पर प्रक्रिया जारी करने वाले आदेश की वैधता को प्रभावित करता है। माननीय ट्रायल कोर्ट को कथित बयानों, रिकॉर्ड पर मौजूद सामग्री और बताए गए अपवादों की सीमित जांच करनी चाहिए थी, ताकि यह तय किया जा सके कि आगे बढ़ने के लिए पर्याप्त आधार मौजूद हैं या नहीं।”
जैन और सिंह दोनों ने शकूर बस्ती निर्वाचन क्षेत्र से दिल्ली विधानसभा चुनाव, 2025 लड़ा था। सिंह ने चुनाव जीता और जैन को 20,998 वोटों से हराया।
जैन ने आरोप लगाया कि चुनाव प्रचार के दौरान, सिंह ने उनके खिलाफ मानहानिकारक बयान दिए, जिसमें उन्होंने कहा कि 2022 में ED द्वारा की गई छापेमारी के दौरान, उनके परिसर से 37 किलोग्राम सोना और 1100 एकड़ से अधिक की संपत्ति मिली थी। शिकायत के अनुसार, एक इंटरव्यू में करनैल सिंह ने आगे कहा कि जैन भ्रष्टाचार में लिप्त थे।
अपने बचाव में सिंह ने कहा कि उन्होंने केवल वही बयान दिए जो सार्वजनिक डोमेन में मौजूद थे और ED द्वारा प्रेस में जारी किए गए। ये बयान मीडिया घरानों को इस सावधानी के साथ दिए गए कि वे इन्हें प्रकाशित करने से पहले इनकी पुष्टि कर लें।
शिकायत का संज्ञान लेते हुए कोर्ट ने कहा कि संज्ञान लेने और आरोपी को नोटिस जारी करने के चरण में कोई भी कोर्ट किसी भी बयान को देने में प्रस्तावित आरोपी के मानसिक तत्व (आशय) पर फैसला नहीं कर सकती है।
कोर्ट ने कहा कि आपराधिक मानहानि के अपवाद पर आधारित आरोपी के बचाव पर फैसला तभी किया जा सकता है, जब शिकायतकर्ता अपना मामला साबित कर दे और उसके बाद आरोपी अपना बचाव पेश कर सके। आदेश रद्द करते हुए जज ने आज कहा कि समन जारी करने के चरण में कोर्ट को यह जांचने की ज़रूरत नहीं होती कि क्या कोई प्रथम दृष्टया मामला बनता है, जैसा कि आरोप तय करने के चरण में ज़रूरी होता है।
कोर्ट ने कहा कि इस चरण में जांच का स्तर कम होता है, जो रिकॉर्ड पर मौजूद सामग्री की सीमित जांच तक ही सीमित होता है। साथ ही कोर्ट को केवल यह देखना होता है कि क्या आरोपी के खिलाफ आगे बढ़ने के लिए पर्याप्त आधार मौजूद हैं।
इसके अलावा, कोर्ट ने टिप्पणी की कि जहां बयान किसी सरकारी कर्मचारी के आचरण या सार्वजनिक महत्व के मामले से संबंधित हो, वहां प्रक्रिया शुरू करने से पहले कुछ हद तक सावधानी बरतना ज़रूरी है।
कोर्ट ने कहा,
"सार्वजनिक कार्य टिप्पणियों और आलोचना के लिए खुले होते हैं। कोर्ट को यह जांचना चाहिए कि क्या शिकायत में ऐसी पर्याप्त सामग्री है जो, प्रथम दृष्टया भी, कानूनी अपवादों के तहत मिलने वाली सुरक्षा को खारिज कर सके।"
कोर्ट ने आगे कहा,
"सही तरीका यह होता कि बयानों पर उनकी संपूर्णता में विचार किया जाता—जिस संदर्भ में वे दिए गए, शिकायतकर्ता की हैसियत, और इसमें शामिल मुद्दे की प्रकृति—साथ ही उन अपवादों पर भी विचार किया जाता जिनका दावा किया गया। यदि ऐसी सीमित जांच के आधार पर, बयान मानहानिकारक प्रतीत होते और प्रथम दृष्टया भी सुरक्षित नहीं होते तो प्रक्रिया शुरू की जा सकती थी।"
कोर्ट ने कहा कि यदि कथित मानहानिकारक बयान समन जारी करने से पहले के सबूतों के आधार पर BNS की धारा 356 के तहत दिए गए किसी भी अपवाद के दायरे में आते हैं तो ट्रायल कोर्ट के लिए आगे की कार्यवाही से इनकार करना उचित होगा।

