मुस्लिम-विरोधी पोस्ट का मामला: दिल्ली कोर्ट ने स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ शिकायत पर पुलिस से मांगी रिपोर्ट
Shahadat
24 Nov 2026 5:38 PM IST

दिल्ली कोर्ट ने सोमवार को दिल्ली पुलिस से 'एक्शन टेकन रिपोर्ट' (ATR) मांग। यह रिपोर्ट एक आपराधिक शिकायत के संबंध में मांगी गई, जिसमें आरोप लगाया गया कि स्वतंत्र भारद्वाज ने इस्लाम, मुसलमानों और मुस्लिम महिलाओं को निशाना बनाते हुए अपमानजनक और सांप्रदायिक रूप से भड़काऊ सामग्री प्रकाशित की।
पटियाला हाउस कोर्ट के ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट फर्स्ट क्लास कौतुक भारद्वाज ने संसद मार्ग पुलिस स्टेशन से जवाब मांगा और मामले की अगली सुनवाई 8 जनवरी, 2027 के लिए तय की।
यह शिकायत मोहम्मद शाहिद गंगोही ने दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि भारद्वाज ने कई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बार-बार ऐसी आपत्तिजनक पोस्ट, वीडियो और कमेंट्स डाले और फैलाए हैं, जिनमें मुसलमानों और उनकी धार्मिक प्रथाओं का अपमान किया गया।
शिकायत में इस बात पर भी आपत्ति जताई गई कि मुस्लिम महिलाओं की बुर्का पहने हुए ऐसी अश्लील AI-जनरेटेड (AI से बनी) तस्वीरें बनाई और फैलाई गईं, जो उन्हें "बेहद अपमानजनक और शर्मनाक" तरीके से दिखाती हैं।
शिकायत में कहा गया कि ऐसी सामग्री न केवल धार्मिक भावनाओं को आहत करती है और मुस्लिम महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाती है, बल्कि इससे सांप्रदायिक नफरत फैल सकती है, समुदायों के बीच दुश्मनी बढ़ सकती है और सार्वजनिक शांति तथा सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़ सकता है।
शिकायतकर्ता के वकील की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने संबंधित पुलिस स्टेशन से 'एक्शन टेकन रिपोर्ट' (ATR) तलब की।
शिकायतकर्ता की ओर से वकील फिरोज खान गाजी, मोहम्मद नवाज और शाहिद पेश हुए।
अक्टूबर में ट्रायल कोर्ट ने भारद्वाज को एक मामले में जमानत दी थी। यह मामला जुलाई में जंतर-मंतर पर हुए एक विरोध प्रदर्शन के दौरान 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के एक किशोर कार्यकर्ता के पिता पर कथित हमले से जुड़ा था।
उनके खिलाफ संसद मार्ग पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 115(2), 126(2) और 351(3) के साथ-साथ धारा 3(5) के तहत FIR दर्ज की गई। इसके अलावा, उन पर अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के प्रावधान भी लगाए गए।

