CJI सूर्य कांत पर पोस्ट के लिए केरल कांग्रेस ने मांगी माफी
Shahadat
27 Oct 2026 9:32 PM IST

केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (KPCC) ने इंडियन नेशनल कांग्रेस केरल के आधिकारिक X अकाउंट पर की गई अपमानजनक पोस्ट के लिए चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (CJI) सूर्य कांत से बिना शर्त माफी मांगी। KPCC ने बताया कि यह पोस्ट बिना अनुमति के की गई। इसके लिए जिम्मेदार व्यक्ति विजय थोट्टाथिल को उनके पद से हटा दिया गया।
सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन के संयुक्त सचिव वकील मीनेश दुबे द्वारा भेजे गए कानूनी नोटिस के जवाब में, KPCC अध्यक्ष सनी जोसेफ ने इस पोस्ट और इसमें इस्तेमाल की गई अपमानजनक भाषा के लिए CJI से बिना शर्त माफी मांगी। कमेटी ने यह भी कहा कि थोट्टाथिल को सार्वजनिक रूप से माफी मांगने के लिए कहा गया।
12 अक्टूबर को की गई इस पोस्ट के बाद विवाद खड़ा हो गया, जिसके बाद इसे हटा दिया गया। इस पोस्ट में CJI के इस्तीफे की मांग की गई और यह सुझाव दिया गया कि संगठन उनके लिए कोई विकल्प (रिप्लेसमेंट) ढूंढ लेगा।
कानूनी नोटिस के जवाब में जोसेफ ने बताया कि यह पोस्ट थोट्टाथिल ने KPCC नेतृत्व की जानकारी, मंजूरी या सलाह के बिना की थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि न तो उन्होंने और न ही पार्टी नेतृत्व ने थोट्टाथिल को CJI के इस्तीफे की मांग करने या उनके लिए कोई विकल्प ढूंढने का सुझाव देने के लिए अधिकृत किया।
जवाब में कहा गया,
"आपके नोटिस में जिन बातों का जिक्र है, वह KPCC या इंडियन नेशनल कांग्रेस की नीति, राय या आधिकारिक रुख को नहीं दर्शाती हैं।"
KPCC ने कहा कि नेतृत्व ने इस पोस्ट को गलत माना है और इन बयानों को पूरी तरह से खारिज करते हुए वापस ले लिया है। उन्होंने CJI के इस्तीफे की मांग और उनके लिए कोई विकल्प ढूंढने के सुझाव को अनुचित बताया और कहा कि ऐसी बातें पार्टी के आधिकारिक प्लेटफॉर्म पर नहीं आनी चाहिए थीं।
जोसेफ ने कहा,
"KPCC संविधान, न्यायपालिका की स्वतंत्रता और CJI के संवैधानिक पद के प्रति अपना पूरा सम्मान दोहराती है।"

