कोर्ट में बोले सावरकर के प्रपौत्र: सावरकर को क्या इस शर्त पर रिहा किया गया था कि वह राजनीतिक आंदोलनों में हिस्सा नहीं लेंगे? इस पर कुछ नहीं कह सकता

Shahadat

2 July 2026 7:06 PM IST

  • कोर्ट में बोले सावरकर के प्रपौत्र: सावरकर को क्या इस शर्त पर रिहा किया गया था कि वह राजनीतिक आंदोलनों में हिस्सा नहीं लेंगे? इस पर कुछ नहीं कह सकता

    पुणे की स्पेशल MP/MLA कोर्ट में अपनी क्रॉस-एग्जामिनेशन के दौरान, सत्याकी सावरकर ने कहा कि वह यह नहीं कह सकते कि उनके प्रपितामह (दादा के भाई) और दक्षिणपंथी विचारक विनायक सावरकर को जेल से इस शर्त पर रिहा किया गया था कि वे किसी भी राजनीतिक या क्रांतिकारी आंदोलन में हिस्सा नहीं लेंगे।

    सत्याकी से उस आपराधिक मानहानि मामले में पूछताछ की जा रही है, जो उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ लंदन में भाषण देकर सावरकर की कथित तौर पर बदनामी करने के लिए दायर किया था।

    गांधी के वकील मिलिंद पवार सत्याकी से पूछताछ कर रहे हैं।

    कोर्ट में अपनी हालिया गवाही में सत्याकी ने कहा:

    "मैं यह नहीं कह सकता कि सावरकर ने अपनी दया याचिका में किसी शर्त पर रिहाई का अनुरोध किया। मैं यह नहीं कह सकता कि सावरकर ने ब्रिटिश सरकार से इस शर्त पर रिहाई का अनुरोध किया था कि वह किसी भी राजनीतिक और क्रांतिकारी आंदोलन में हिस्सा नहीं लेंगे। सावरकर को उनके द्वारा भेजी गई याचिकाओं की वजह से रिहा नहीं किया गया। साल 1923 में काकीनाडा कांग्रेस ने मोहम्मद अली जौहर की अध्यक्षता में सावरकर को रिहा करने का प्रस्ताव पारित किया। क्योंकि सावरकर की लोकप्रियता दिन-ब-दिन बढ़ रही थी, इसलिए उनकी रिहाई के लिए जनता का दबाव बढ़ रहा था। अगर भगत सिंह को फांसी दिए जाने से पहले कांग्रेस ने ऐसा ही प्रस्ताव पारित किया होता तो भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु की फांसी को टाला जा सकता था।"

    इसके अलावा, सत्याकी ने यह भी कहा कि वे यह नहीं कह सकते कि क्या सावरकर ने तत्कालीन ब्रिटिश सरकार को सौंपी गई अपनी दया याचिकाओं में से किसी एक में "आपका अत्यंत आज्ञाकारी सेवक" (Your Most Obedient Servant) लिखा था।

    सत्याकी ने कहा,

    "मैं यह नहीं कह सकता; ब्रिटिश कर्मचारी सरकार के साथ पत्राचार के लिए 'अत्यंत आज्ञाकारी सेवक' शब्द का इस्तेमाल करते थे। मुझे नहीं पता कि सावरकर ने अपनी याचिका में 'अत्यंत आज्ञाकारी सेवक' शब्दों का इस्तेमाल किया, या नहीं। यह सच है कि 30 मार्च, 1920 की याचिका (जिसे रिकॉर्ड पर लिया गया) में 'मैं प्रार्थना करता हूं कि महोदय, मैं आपका अत्यंत आज्ञाकारी सेवक बना रहूं' वाक्य लिखा है। याचिका पर सावरकर के हस्ताक्षर नहीं हैं। मैं यह नहीं कह सकता कि याचिका असली है या नहीं।"

    7 जुलाई को भी क्रॉस-एग्जामिनेशन जारी रहेगी।

    Next Story