मुंबई में वायु प्रदूषण की निगरानी के लिए रिटायर्ड जस्टिस अमजद सैयद, अनुजा प्रभुदेसाई को नियुक्त

Shahadat

4 Feb 2026 7:17 PM IST

  • मुंबई में वायु प्रदूषण की निगरानी के लिए रिटायर्ड जस्टिस अमजद सैयद, अनुजा प्रभुदेसाई को नियुक्त

    यह देखते हुए कि साफ आदेशों के बावजूद बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) और महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (MPCB) मुंबई में बढ़ते वायु प्रदूषण के स्तर को नियंत्रित करने में विफल रहे हैं, बॉम्बे हाईकोर्ट ने हाल ही में रिटायर्ड जस्टिस अमजद सैयद और रिटायर्ड जस्टिस अनुजा प्रभुदेसाई की एक हाई पावर कमेटी (HPC) का गठन किया।

    जस्टिस सैयद हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट के पूर्व चीफ जस्टिस हैं, जबकि जस्टिस प्रभुदेसाई बॉम्बे हाईकोर्ट की पूर्व जज हैं।

    चीफ जस्टिस श्री चंद्रशेखर और जस्टिस गौतम अंखड की डिवीजन बेंच ने इस मामले में अधिकारियों के 'लापरवाह रवैये' पर ध्यान दिया।

    जजों ने कहा,

    "इसमें कोई विवाद नहीं है कि मुंबई शहर में वायु प्रदूषण का स्तर कम नहीं हुआ, बल्कि दिसंबर 2025 में यह बहुत गंभीर बताया गया। हम इस बात से भी वाकिफ हैं और बार में भी इस बात पर कोई विवाद नहीं है कि बढ़ते मामलों और कोर्ट के पास सीमित समय के कारण यह कोर्ट नगर निगमों और MPCB द्वारा दायर सभी हलफनामों और विशेषज्ञ समिति द्वारा प्रस्तुत रिपोर्टों की जांच करने में सक्षम नहीं हो सकता है। हम हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट के पूर्व चीफ जस्टिस अमजद सैयद और इस कोर्ट की पूर्व जज अनुजा प्रभुदेसाई की एक हाई पावर कमेटी का गठन करना उचित समझते हैं।"

    जजों ने साफ किया कि यह HPC हाईकोर्ट के आदेशों के पालन की निगरानी और पर्यवेक्षण करेगी और नगर आयुक्त और BMC, NMMC (नवी मुंबई नगर निगम) और MPCB के अन्य अधिकारियों द्वारा प्रस्तुत रिपोर्टों की समीक्षा करेगी।

    अब इस मामले की अगली सुनवाई 5 मार्च को होगी ताकि HPC अपनी पहली रिपोर्ट जमा कर सके।

    Case Title: High Court of Judicature at Bombay on its own motion vs State of Maharashtra (Suo Motu PIL 3 of 2023)

    Next Story