एक सदी बाद वेस्टर्न इंडिया की एडवोकेट्स एसोसिएशन को मिलेगी महिला प्रेसिडेंट

Shahadat

27 Aug 2026 8:49 PM IST

  • एक सदी बाद वेस्टर्न इंडिया की एडवोकेट्स एसोसिएशन को मिलेगी महिला प्रेसिडेंट

    बॉम्बे हाईकोर्ट की वकीलों की संस्था 'एडवोकेट्स एसोसिएशन ऑफ़ वेस्टर्न इंडिया' (AAWI) को अपने 162 साल के इतिहास में पहली बार एक महिला वकील प्रेसिडेंट के तौर पर मिलेगी।

    यह बदलाव AAWI द्वारा अपने संविधान और नियमों में संशोधन करके प्रेसिडेंट का पद महिला वकीलों के लिए आरक्षित करने के बाद हुआ।

    इस घटनाक्रम की पुष्टि करते हुए सीनियर एडवोकेट दीपा चव्हाण ने कहा कि यह एक अहम बदलाव है, क्योंकि इससे महिला वकीलों को देश की सबसे पुरानी बार एसोसिएशनों में से एक का नेतृत्व करने में मदद मिलेगी।

    चव्हाण ने कहा,

    "AAWI के 162 साल के इतिहास में हमारे पास एक महिला प्रेसिडेंट होगी; यह समानता की दिशा में एक बड़ी और नई पहल है... सदस्यों के तौर पर महिलाओं का अनुपात कम था, इसलिए यह समानता की दिशा में एक बड़ा कदम है... निश्चित रूप से महिलाओं के लिए यह एक मील का पत्थर है... 2018 में ही AAWI ने यह आरक्षण लागू किया था।"

    AAWI के प्रेसिडेंट प्रशांत रेलेकर द्वारा जारी एक आधिकारिक बयान में यह तय किया गया है कि प्रेसिडेंट का पद महिला वकीलों के लिए आरक्षित रहेगा।

    AAWI के आधिकारिक बयान में कहा गया,

    "भारत में वकीलों की सबसे पुरानी संस्थाओं में से एक, AAWI (स्थापना 1864) ने सर्वसम्मति से अपने संविधान और नियमों में संशोधन करने का फैसला किया है। इसके तहत, एग्जीक्यूटिव काउंसिल में सबसे ऊंचे पद यानी प्रेसिडेंट का पद महिला सदस्यों के लिए आरक्षित किया जाएगा और यह अगले चुनाव से ही लागू होगा। अपने 162 साल के अस्तित्व में, AAWI में कभी कोई महिला प्रेसिडेंट नहीं रही। आज का फैसला एक ऐतिहासिक और लंबे समय से लंबित सुधार है, जो यह सुनिश्चित करेगा कि हर तीन कार्यकाल में एक बार कोई महिला सदस्य एसोसिएशन का नेतृत्व करे।"

    यह प्रस्ताव AAWI की 'संविधान संशोधन समिति' की रिपोर्ट पर विचार करने के बाद लाया गया। इस समिति की अध्यक्षता AAWI के प्रेसिडेंट प्रशांत रेलेकर ने की थी और उन्हें एसोसिएशन के एग्जीक्यूटिव नेतृत्व में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए संशोधनों की सिफारिश करने का काम सौंपा गया। यह कमिटी 9 अगस्त, 2026 को हुई AAWI की स्पेशल जनरल बॉडी मीटिंग में बनाई गई।

    AAWI के बयान में कहा गया,

    "प्रेसिडेंट पद के अलावा, कमिटी ने सेक्रेटरी, जॉइंट सेक्रेटरी और एग्जीक्यूटिव काउंसिल के सदस्यों के पदों के लिए भी आरक्षण की सिफारिश की ताकि एसोसिएशन के लीडरशिप स्ट्रक्चर में जेंडर रिप्रेजेंटेशन (लिंग-आधारित प्रतिनिधित्व) के सिद्धांत को और बढ़ाया जा सके। यह नया सुधार AAWI की 2018 की उस पहल को आगे बढ़ाता है, जब उसने वाइस-प्रेसिडेंट और एग्जीक्यूटिव काउंसिल के दो सदस्यों के पद महिलाओं के लिए आरक्षित किए — यह एक ऐसा कदम था जिसने आज के ज़्यादा बड़े बदलाव की नींव रखी।"

    अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

    Next Story