सीनियर के अंडर ट्रेनिंग लिए बिना ऑफिस शुरू करने वाले युवा वकील कानूनी पेशे की 'बारीकियों' को नहीं सीख पाते: जस्टिस बीवी नागरत्ना

  • सीनियर के अंडर ट्रेनिंग लिए बिना ऑफिस शुरू करने वाले युवा वकील कानूनी पेशे की बारीकियों को नहीं सीख पाते: जस्टिस बीवी नागरत्ना

    सुप्रीम कोर्ट की जस्टिस बीवी नागरत्ना ने गुरुवार को कहा कि जो युवा वकील अपनी लॉ डिग्री मिलने के तुरंत बाद स्वतंत्र प्रैक्टिस शुरू कर देते हैं, वे सीनियर वकीलों के अंडर ट्रेनिंग लिए बिना "वकालत के असली कौशल", "सॉफ्ट स्किल्स" और कानूनी पेशे की "बारीकियों" को नहीं सीख पाते।

    उन्होंने कहा,

    "हम जानते हैं कि आजकल युवा बहुत महत्वाकांक्षी हैं। लेकिन जब तक आप किसी सीनियर के साथ ट्रेनिंग नहीं लेते, तब तक आप इस पेशे की बारीकियों को नहीं जान पाएंगे। पीढ़ियों से ऐसा ही होता आ रहा है। पेशे की बारीकियां, यह नेक पेशा और अच्छे तौर-तरीके एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी में जाते रहे हैं। लेकिन आजकल युवा बहुत महत्वाकांक्षी हैं। 'आज डिग्री मिली, कल ऑफिस खोल लिया।' बहुत अच्छी बात है, लेकिन सॉफ्ट स्किल्स कहां हैं? आपके पास हार्डवेयर (तकनीकी ज्ञान) हो सकता है। सॉफ्ट स्किल्स तो सीनियर से हर दिन विकसित करनी होती हैं। आपको कोर्ट में बैठकर देखना और सीखना होता है।"

    ये बातें पूजा एंटरटेनमेंट (इंडिया) लिमिटेड और टिप्स इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड के बीच एक विवाद की सुनवाई के दौरान कहीं गईं। यह विवाद वरुण धवन की फिल्म "है जवानी तो इश्क होना है" के गानों "चुनरी चुनरी" और "इश्क सोना है" को लेकर है।

    सुनवाई के दौरान, पूजा एंटरटेनमेंट की ओर से पेश सीनियर वकील और टिप्स इंडस्ट्रीज के वकील के बीच बॉम्बे हाई कोर्ट की कार्यवाही में क्या हुआ, इस पर बहस हुई।

    टिप्स के वकील ने सीनियर वकील के बयान पर आपत्ति जताई और दावा किया कि "पूरी तरह से गलत" तथ्य पेश किए गए थे। एक समय पर, प्रतिवादी के वकील ने कहा कि उन्हें दलीलों का जवाब देने का मौका नहीं दिया गया।

    जस्टिस नागरत्ना ने उन्हें बीच में रोकते हुए कहा,

    "यह मत कहिए कि आपको मौका नहीं दिया गया।"

    जब वकील ने याचिकाकर्ता के सीनियर वकील की दलीलों पर आपत्ति जताना जारी रखा तो जस्टिस नागरत्ना ने बताया कि कोर्ट ने उनके क्लाइंट के खिलाफ कोई आदेश पारित नहीं किया। इसके बाद उन्होंने युवा वकीलों के व्यवहार पर बात की।

    उन्होंने कहा,

    "बार के हमारे युवा सदस्यों को अपने जोश, उत्साह और कोशिशों के बीच यह पता होना चाहिए कि अदालत में क्या बोलना है और क्या नहीं बोलना है।"

    उन्होंने यह भी बताया कि जो वकील किसी मामले में एक-दूसरे के खिलाफ़ पेश हो रहे हैं, वे भविष्य में किसी दूसरे मामले में एक ही पक्ष की ओर से पेश हो सकते हैं।

    इसके बाद जस्टिस नागरत्ना ने सीनियर वकीलों के साथ ट्रेनिंग करने के महत्व के बारे में बात की।

    उन्होंने कहा,

    "आज मुझे बताया गया कि कुछ युवा बिना किसी ट्रेनिंग के सीधे अपना ऑफिस शुरू कर रहे हैं। यह बिल्कुल भी अच्छी बात नहीं है। जब तक आप किसी सीनियर के साथ ट्रेनिंग नहीं करते, तब तक आप वकालत के असली हुनर ​​और इस पेशे की बारीकियों को नहीं जान पाएंगे।"

    उन्होंने कहा कि "पेशे की बारीकियां" और अच्छे तौर-तरीके वकीलों की एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक पहुंचते हैं।

    जस्टिस नागरत्ना ने युवा वकीलों में सॉफ्ट स्किल्स विकसित करने की ज़रूरत पर भी ज़ोर दिया।

    उन्होंने याद किया कि जब वह एक युवा वकील थीं, तो वकीलों के पास अक्सर सिर्फ़ एक मामला या 'मेंशनिंग' का काम होता था और वे कार्यवाही देखने के लिए कोर्ट हॉल में बैठे रहते थे।

    उन्होंने याद किया कि वकील कभी-कभी "सख्त जजों" की अदालतों में बैठते थे ताकि उनके काम करने के तरीके को समझ सकें और जान सकें कि जब वे उनके सामने पेश हों तो सवालों का जवाब कैसे देना है और क्या कहना है।

    जस्टिस नागरत्ना ने कहा,

    "हम जजों और दूसरे राज्यों से आए चीफ जस्टिस को देखते थे, उनकी सोच कैसी थी और अपने क्लाइंट्स के भले के लिए हमें खुद को कैसे ढालना चाहिए, यह समझते थे।"

    पूजा एंटरटेनमेंट की ओर से पेश हुए सीनियर वकील ने भी इस बात से सहमति जताई और कहा कि वकील रजिस्ट्री के साथ बातचीत से भी सीखते हैं। उन्होंने याद किया कि जब वह 'एडवोकेट-ऑन-रिकॉर्ड' (AOR) थे, तो वह AOR बनने की चाहत रखने वाले वकीलों से कहते थे कि रजिस्ट्री के साथ व्यवहार करते समय विनम्र रहें और उनसे सीखें।

    जस्टिस नागरत्ना ने कहा कि सीनियर वकीलों की यह ज़िम्मेदारी है कि वे बार के जूनियर सदस्यों को पेशेवर परंपराएं सिखाएं।

    उन्होंने कहा,

    "बार के जूनियर सदस्यों तक इसे पहुंचाना सीनियर वकीलों की ज़िम्मेदारी है। उन्हें मशाल-वाहक (रास्ता दिखाने वाला) बनना चाहिए।"

    ये बातें सुप्रीम कोर्ट में पूजा एंटरटेनमेंट की उस चुनौती पर सुनवाई के दौरान कहीं गईं, जो बॉम्बे हाईकोर्ट में पार्टियों की कार्यवाही से जुड़ी है।

    बॉम्बे हाईकोर्ट ने 3 जून को पूजा एंटरटेनमेंट की उस अर्जेंट याचिका पर सुनवाई करने से इनकार किया, जिसमें फिल्म "है जवानी तो इश्क होना है" और उसके दो गानों की रिलीज़ के खिलाफ राहत मांगी गई थी। कोर्ट ने यह आदेश फिल्म की तय रिलीज़ तारीख से दो दिन पहले दिया था।

    हाईकोर्ट ने गौर किया कि पूजा एंटरटेनमेंट ने पहले ही कटिहार, बिहार की सिविल कोर्ट में 27 अप्रैल के आसपास इसी फिल्म और गानों को लेकर वैसी ही राहत के लिए मुकदमा दायर किया। सिविल कोर्ट ने 6 मई को एकतरफा 'स्टेटस को' (यथास्थिति बनाए रखने का) आदेश पारित किया।

    बाद में सिविल कोर्ट के आदेश को पटना हाईकोर्ट और फिर सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी गई। 22 मई को सुप्रीम कोर्ट ने ट्रायल कोर्ट के आदेश पर रोक लगाई, जबकि पटना हाईकोर्ट में कार्यवाही जारी रही।

    बाद में पूजा एंटरटेनमेंट ने बिहार कोर्ट से मुकदमा वापस लेने और बॉम्बे हाईकोर्ट में उचित कार्यवाही करने की अनुमति मांगी। बॉम्बे हाईकोर्ट ने गौर किया कि हालांकि अर्ज़ी एक हफ़्ते से भी पहले दायर की गई, लेकिन उस पर कोई आदेश पारित नहीं किया गया।

    हाईकोर्ट ने दर्ज किया कि इस बात का "कोई संतोषजनक स्पष्टीकरण भी नहीं मिला" कि बिहार की कार्यवाही वापस लेने की अनुमति क्यों नहीं ली गई।

    बॉम्बे हाईकोर्ट ने फिल्म और दो गानों के खिलाफ राहत मांगने वाली अर्जेंट अर्ज़ी पर सुनवाई करने से इनकार किया। इस आदेश को मौजूदा मामले में सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी गई।

    सुप्रीम कोर्ट विवाद के गुण-दोष (मेरिट) में नहीं गया।

    जस्टिस नागरत्ना ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का सरोकार मेरिट से नहीं है और पार्टियां बॉम्बे हाई कोर्ट के सामने अपनी बात रख सकती हैं।

    सुप्रीम कोर्ट ने याचिका का निपटारा करते हुए बॉम्बे हाईकोर्ट से अनुरोध किया कि वह याचिकाकर्ता द्वारा मुकदमे में अंतरिम राहत के लिए दायर अंतरिम अर्जियों पर "जितनी जल्दी हो सके" और कानून के अनुसार विचार करे, बशर्ते अर्जियों में मौजूद कमियां दूर कर दी गई हों।

    Case Title – Puja Films, now known as M/S. Puja Entertainment (India) Ltd. v. Tips Industries Pvt. Limited, also known as Tips Music Limited

    अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

    Next Story