क्या पूर्व मुतवल्ली अपना कार्यकाल खत्म होने के बाद 'सज्जादानशीन' के तौर पर वक्फ का प्रतिनिधित्व कर सकता है? सुप्रीम कोर्ट करेगा जांच
Shahadat
22 Nov 2026 5:34 PM IST

सुप्रीम कोर्ट इस सवाल की जांच करने के लिए सहमत हो गया कि क्या कोई पूर्व मुतवल्ली (वक्फ की देखरेख करने वाला) अपना कार्यकाल खत्म होने के बाद भी खुद को 'सज्जादानशीन' (किसी दरगाह का आध्यात्मिक प्रमुख) बताकर कानूनी कार्यवाही में वक्फ का प्रतिनिधित्व करना जारी रख सकता है।
जस्टिस मनोज मिश्रा और जस्टिस विजय बिश्नोई की बेंच ऐसी याचिका पर सुनवाई कर रही थी, जिसमें कर्नाटक हाईकोर्ट की कलबुर्गी बेंच के फैसले को चुनौती दी गई। हाईकोर्ट ने दरगाह की ओर से दायर मुकदमे को वक्फ अधिकारी के जरिए आगे बढ़ाने की अनुमति दी थी, जबकि याचिकाकर्ता का मुतवल्ली के तौर पर कार्यकाल खत्म हो चुका था।
यह विवाद तब शुरू हुआ जब वक्फ ट्रिब्यूनल ने दरगाह का वह मुकदमा खारिज किया, जिसमें कुछ संपत्तियों को 'वक्फ संपत्ति' घोषित करने की मांग की गई। ट्रिब्यूनल ने यह कहते हुए मुकदमा खारिज किया कि जो व्यक्ति दरगाह का प्रतिनिधित्व कर रहा है, वह अब मुतवल्ली के पद पर नहीं है।
हाईकोर्ट ने ट्रिब्यूनल के इस फैसले को पलट दिया। हाईकोर्ट ने कहा कि मुकदमा वक्फ संस्था के नाम पर दायर किया गया, इसलिए सिर्फ इसलिए खारिज नहीं किया जाना चाहिए कि उसके मुतवल्ली का कार्यकाल खत्म हो गया। हाईकोर्ट ने निर्देश दिया कि कानूनी कार्यवाही वक्फ अधिकारी के जरिए जारी रखी जाए।
सुप्रीम कोर्ट में हाईकोर्ट के फैसले को चुनौती देने वाले याचिकाकर्ता ने तर्क दिया कि वह दरगाह का प्रतिनिधित्व करना जारी रख सकता है, क्योंकि वह 'सज्जादानशीन' भी है—एक ऐसा पद जिसका कोई निश्चित कार्यकाल नहीं होता।
कोर्ट ने गौर किया कि मुख्य सवाल यह है कि क्या 'वक्फनामा' (वक्फ दस्तावेज) न होने या मूल कार्यवाही में ऐसी किसी परंपरा का जिक्र न होने पर—जो याचिकाकर्ता को 'सज्जादानशीन' के रूप में स्थापित करती हो—क्या वह मुतवल्ली के तौर पर अपनी नियुक्ति खत्म होने के बाद भी दरगाह का प्रतिनिधित्व करना जारी रख सकता है।
कोर्ट ने कहा,
"विचार करने वाली अहम बात यह है कि क्या किसी 'वक्फनामा' या वक्फ डीड के न होने पर, और ट्रिब्यूनल के सामने दायर याचिका में खुद को दरगाह का 'सज्जादानशीन' बताने वाली किसी परंपरा का जिक्र न होने पर—जबकि उसने मुतवल्ली के तौर पर अपनी नियुक्ति स्वीकार की थी—क्या वह मुतवल्ली के रूप में अपना कार्यकाल खत्म होने के बाद भी वक्फ/दरगाह का प्रतिनिधित्व करना जारी रख सकता है।"
इस मुद्दे पर निर्णय लेने के लिए खंडपीठ ने मामले को 25 नवंबर को आगे की सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया है और याचिकाकर्ता के वकील से सहायता मांगी।
Case Title : DARGAH HAZRAT KHALIFAT-UR RAHEMAN REHMAT-ULLA-ALIA (SUNNI MALKHED) VERSUS SYEDA AHMEDIA BANU @ AHMEDUNISSA BEGUM & ORS.

