राष्ट्र-विरोधी गतिविधियां: सुप्रीम कोर्ट ने ब्लैकलिस्ट किए गए OCI कार्डधारक को कुछ शर्तों के साथ भारत में प्रवेश की अनुमति पर मांगा जवाब
Shahadat
27 Nov 2026 7:20 PM IST

शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार से कहा कि वह अमेरिका में रहने वाले प्रोफेसर खालिद जहांगीर काजी को कुछ शर्तों के साथ भारत आने की अनुमति देने पर विचार करे। काजी एक OCI कार्डधारक हैं, जिनका OCI स्टेटस रद्द कर दिया गया था और उन्हें कथित तौर पर भारत-विरोधी गतिविधियों के कारण ब्लैकलिस्ट कर दिया गया।
जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना की बेंच ने सुझाव दिया कि काजी को उस शहर में जाने की अनुमति दी जा सकती है, जहां उनकी बहनें रहती हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि उनकी अधिक उम्र को देखते हुए मानवीय दृष्टिकोण अपनाना चाहिए।
जस्टिस बागची ने स्पष्ट किया कि इस अंतरिम आदेश को मामले के गुण-दोष पर कोई राय नहीं माना जाना चाहिए।
जज ने कहा,
"इससे किसी भी पक्ष को कोई कानूनी या अन्य लाभ नहीं मिलेगा।"
बेंच को याचिकाकर्ता की यह दलील सही लगी कि हाईकोर्ट की सिंगल बेंच ने OCI कार्ड रद्द करने और ब्लैकलिस्ट करने का आदेश खारिज कर दिया था। उस फैसले पर कोई रोक (स्टे) नहीं लगाई गई।
जस्टिस बागची ने ASG एस.वी. राजू से पूछा,
"हम उन्हें भारत आने से कैसे रोक सकते हैं?"
संक्षेप में मामला
यह मामला काजी की उस याचिका से जुड़ा है, जिसमें उन्होंने अपने परिवार से मिलने के लिए भारत आने की अनुमति मांगी। इससे पहले दिल्ली हाईकोर्ट ने उन्हें भारत आने (शादी समारोह में शामिल होने के लिए) की अंतरिम अनुमति देने से इनकार किया था। कोर्ट ने कहा था कि देश में प्रवेश करने के उनके अधिकार से जुड़े मुद्दों पर अंतिम फैसला आना अभी बाकी है।
केंद्र सरकार की ओर से पेश हुए एडिशनल सॉलिसिटर जनरल (ASG) एस.वी. राजू ने इस अनुरोध का कड़ा विरोध किया। उन्होंने काजी को "कट्टर अलगाववादी" बताया और आरोप लगाया कि उनके पाकिस्तान की ISI से संबंध हैं। उन्होंने कहा कि काजी ने परिवार की शादी में शामिल होने के लिए भारत आने की बात कही थी, लेकिन वह शादी तो पहले ही हो चुकी है। उन्होंने तर्क दिया कि परिवार से मिलने के बहाने काजी राष्ट्र-विरोधी गतिविधियों में शामिल हो सकते हैं।
हालांकि, जस्टिस बागची ने बताया कि काजी की उम्र 80 साल से अधिक है। उन्होंने सुझाव दिया कि उनके प्रवेश को केवल उसी शहर तक सीमित किया जा सकता है जहां उनकी बहनें रहती हैं।
जज ने कहा,
"वह उस शहर से बाहर नहीं जाएंगे और आप जिसे चाहें, उसके पास जाकर अपनी उपस्थिति दर्ज करा सकते हैं।"
जब ASG ने टिप्पणी की,
"हल्के-फुल्के अंदाज में कहें तो उनकी उम्र 90 साल से ज्यादा है। उन्हें सफर करने की क्या जरूरत है?
जस्टिस बागची ने कहा कि कोर्ट सरकार की चिंताओं को समझता है, लेकिन साथ ही मानवीय दृष्टिकोण अपनाने की जरूरत पर भी जोर दिया।
सुप्रीम कोर्ट ने गौर किया कि दिल्ली हाईकोर्ट के सिंगल जज ने काजी का OCI कार्ड रद्द करने और उन्हें ब्लैकलिस्ट करने का आदेश खारिज किया था, हालांकि यह मामला अभी भी अपील में लंबित है।
ASG राजू ने काजी को सीमित प्रवेश की अनुमति देने की संभावना पर केंद्र सरकार से निर्देश लेने के लिए समय मांगा। इसके बाद कोर्ट ने मामले की सुनवाई एक हफ्ते के लिए टाल दी।
Case Title : KHALID JAHANGIR QAZI v. UNION OF INDIA

