आरोपियों को होटल में पत्नी की हत्या के बारे में बात करते सुना था: सुप्रीम कोर्ट ने पति का दावा खारिज किया, आरोपियों को बरी करने का फैसला बरकरार

  • आरोपियों को होटल में पत्नी की हत्या के बारे में बात करते सुना था: सुप्रीम कोर्ट ने पति का दावा खारिज किया, आरोपियों को बरी करने का फैसला बरकरार

    सुप्रीम कोर्ट ने महिला की हत्या के आरोपी चार लोगों के बरी होने का फैसला बरकरार रखा। कोर्ट ने शिकायतकर्ता के उस दावे पर विश्वास करना मुश्किल माना, जिसमें उसने कहा कि घटना के लगभग तीन महीने बाद उसने एक होटल में आरोपियों को इस अपराध में अपनी संलिप्तता के बारे में बात करते सुना था।

    कोर्ट ने कहा कि यह अत्यंत असंभव है कि आरोपी, शिकायतकर्ता की मौजूदगी में और उसे देखे बिना, हत्या में अपनी संलिप्तता के बारे में चर्चा करेंगे।

    जस्टिस अतुल एस. चंदुरकर और जस्टिस अपारेश कुमार सिंह की बेंच ने पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट द्वारा आरोपियों को बरी किए जाने के खिलाफ पंजाब राज्य की अपील को खारिज किया।

    अभियोजन पक्ष का आरोप था कि आरोपियों ने जनवरी 2009 में कमलेश रानी की हत्या की और उनके सोने के गहने व मोबाइल फोन चुरा लिए थे। मृतका के पति सुभाष चंद्र ने दावा किया कि घटना के चार महीने बाद उन्होंने आनंद होटल में आरोपी को दो अन्य लोगों के साथ इस अपराध के बारे में बात करते सुना था। इसमें यह बात भी शामिल थी कि एक अन्य आरोपी ने सोने के ज्यादातर गहने ले लिए थे।

    हालांकि, कोर्ट ने इस दावे को अविश्वसनीय माना। कोर्ट ने गौर किया कि खुद शिकायतकर्ता के अनुसार, जब वह होटल हॉल में पहुंचा तो आरोपी पहले से ही वहां बैठे थे, लेकिन उन्होंने उसे नहीं देखा।

    कोर्ट ने कहा,

    "यह अत्यंत असंभव है कि शिकायतकर्ता ने ऐसी बातचीत सुनी हो और आरोपियों को उसकी मौजूदगी का पता न चले।"

    कोर्ट ने हाईकोर्ट के उस फैसले से सहमति जताई, जिसमें इस गवाही पर भरोसा न करने का निर्णय लिया गया था।

    कोर्ट ने अभियोजन पक्ष के मामले में अन्य कमियों की ओर भी इशारा किया। जिस गवाह ने दावा किया कि उसने आरोपियों में से एक से मृतका का मोबाइल फोन खरीदा था, उसने ऐसा कोई दस्तावेजी सबूत पेश नहीं किया, जिससे साबित हो सके कि वह वही फोन था। इसके अलावा, एक आरोपी की निशानदेही पर बरामद किया गया कथित हथियार न तो फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया और न ही उस पर खून के धब्बे मिले। बरामदगी की प्रक्रिया के दौरान कोई स्वतंत्र गवाह भी मौजूद नहीं था।

    कोर्ट ने माना कि अभियोजन पक्ष का मामला पूरी तरह से परिस्थितिजन्य साक्ष्यों (Circumstantial Evidence) पर आधारित था। इसमें अपराध को बिना किसी संदेह के साबित करने के लिए जरूरी कड़ियां मौजूद नहीं थीं।

    परिस्थितिजन्य साक्ष्यों (Circumstantial Evidence) से जुड़े स्थापित सिद्धांत को दोहराते हुए जस्टिस चंद्रुरकर द्वारा लिखे गए फैसले में कहा गया है कि सभी परिस्थितियों को मिलाकर एक ऐसा स्पष्ट निष्कर्ष निकलना चाहिए जिससे यह साबित हो कि अपराध केवल आरोपी ने ही किया।

    अदालत ने कहा,

    "ऐसे मामले में जो पूरी तरह से परिस्थितिजन्य साक्ष्यों पर आधारित हो, घटनाओं की श्रृंखला हर तरह से पूरी होनी चाहिए। इससे केवल एक ही निष्कर्ष निकलना चाहिए कि अपराध के लिए केवल आरोपी ही दोषी है। रिकॉर्ड पर मौजूद सभी साक्ष्यों पर फिर से विचार करने के बाद हम इस नतीजे पर पहुंचे हैं कि परिस्थितियों की श्रृंखला पूरी नहीं है, जिससे यह साबित हो सके कि प्रतिवादी ही इस अपराध के दोषी हैं। जैसा कि 'रामानंद उर्फ ​​नंदलाल भारती' (ऊपर उल्लिखित) मामले में कहा गया, जब सभी परिस्थितियों पर एक साथ विचार किया जाए और उनसे केवल यही स्पष्ट निष्कर्ष निकले कि अपराध केवल आरोपी ने ही किया, तभी उनके दोषी होने का फैसला सुनाया जा सकता है। मौजूदा मामले में यह बात पूरी तरह से नदारद है।"

    हाईकोर्ट द्वारा आरोपियों को बरी किए जाने के फैसले में दखल देने का कोई कारण न पाते हुए सुप्रीम कोर्ट ने राज्य सरकार की अपीलें खारिज कीं।

    Case Title : STATE OF PUNJAB VERSUS NEERAJ RANA @ SONU AND OTHERS

    अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

    Next Story