सुप्रीम कोर्ट ने छात्र विरोध प्रदर्शनों के दौरान हुई हिंसा की जांच करने वाली कमेटी को फिर से बनाने से किया इनकार

Shahadat

16 Sept 2026 11:26 AM IST

  • सुप्रीम कोर्ट ने छात्र विरोध प्रदर्शनों के दौरान हुई हिंसा की जांच करने वाली कमेटी को फिर से बनाने से किया इनकार

    सुप्रीम कोर्ट ने छात्र विरोध प्रदर्शनों के दौरान हुई हिंसा के आरोपों की जांच के लिए बनाई गई हाई-पावर्ड इंक्वायरी कमेटी (HPEC) को फिर से बनाने से इनकार किया। कोर्ट ने कहा कि कमेटी के सदस्यों पर लगाए गए आरोप जांच शुरू होने से पहले ही "अटकलों और पहले से बनी धारणाओं" पर आधारित हैं।

    चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (CJI) सूर्य कांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना की बेंच ने कुछ याचिकाकर्ताओं की उन अर्जियों पर विचार करने से इनकार किया, जिनमें कमेटी के सदस्यों को लेकर सवाल उठाए गए।

    10 सितंबर को हुई सुनवाई के दौरान, वकील प्रशांत भूषण ने सीनियर वकील गोपाल शंकरनारायणन और डॉ. ए.एम. सिंघवी के समर्थन से कमेटी, और खासकर एक सदस्य (जो उत्तर-पूर्वी राज्य के रिटायर्ड DGP थे) पर सवाल उठाए। उनका तर्क था कि वह केंद्र सरकार के एक बड़े अधिकारी के करीबी हैं। उसी दिन कोर्ट ने साफ कर दिया था कि वह ऐसे तर्कों पर विचार नहीं करेगा।

    याचिकाकर्ताओं ने यह भी मांग की कि कमेटी की अध्यक्षता सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज जस्टिस सुभाष रेड्डी के बजाय भारत के पूर्व चीफ जस्टिस करें।

    मंगलवार को अपलोड किए गए आदेश में कोर्ट ने कमेटी पर लगाए गए आरोपों को खास तौर पर "अटकलों और पहले से बनी धारणाओं" पर आधारित बताते हुए खारिज कर दिया।

    कोर्ट ने कहा,

    "ऊपर बताई गई अर्जी की बातों को देखने के बाद हमें कुछ चिंता के साथ यह कहना पड़ रहा है कि HPEC पर इस तरह से सवाल उठाए गए हैं, जो जल्दबाजी और बिना सोचे-समझे किए गए हैं।"

    कमेटी के गठन में बदलाव करने से इनकार करते हुए बेंच ने कहा कि HPEC को कोर्ट की मदद के लिए निष्पक्षता, पारदर्शिता और बिना किसी पक्षपात के काम करने के ऊंचे मानकों के साथ बनाया गया।

    कोर्ट ने साफ किया,

    "HPEC को हमारे सामने मौजूद किसी एक पक्ष का समर्थन करने के लिए नहीं बनाया गया।"

    बेंच ने कमेटी को निर्देश दिया कि वह सबसे पहले उन मुद्दों की जांच शुरू करे, जिनमें पैलेट गन का इस्तेमाल, टारगेटेड हिंसा, महिला प्रदर्शनकारियों का उत्पीड़न और दोनों तरफ से अत्यधिक हिंसा व संपत्ति का नुकसान शामिल है।

    कोर्ट ने फिर से कहा कि इस मामले से जुड़े व्यापक संवैधानिक सवालों पर सही समय आने पर विचार किया जाएगा।

    नाबालिग महिला प्रदर्शनकारी की सुरक्षा

    कोर्ट ने एक 14 साल की महिला प्रदर्शनकारी की सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं पर भी ध्यान दिया; एक याचिका में उसकी असुरक्षित स्थिति का ज़िक्र किया गया।

    यह बताया गया कि लड़की और उसके परिवार को जान से मारने की धमकियां मिली थीं और दिल्ली पुलिस ने कथित तौर पर इसके लिए ज़िम्मेदार लोगों के ख़िलाफ़ कोई कार्रवाई नहीं की थी।

    दिल्ली पुलिस को खतरे का आकलन करने का निर्देश देते हुए कोर्ट ने आदेश दिया कि बच्ची और उसके परिवार को ज़रूरी सुरक्षा दी जाए। साथ ही कोर्ट ने पुलिस को कथित धमकियों और उत्पीड़न की तेज़ी से जांच करने का भी निर्देश दिया।

    दिल्ली पुलिस को अगली सुनवाई से पहले इस मामले पर स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश दिया गया।

    जांच समिति के लिए और निर्देश

    कोर्ट ने HPEC के कामकाज और सबूत पेश करने की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए कई निर्देश जारी किए।

    समिति से कहा गया कि वह कमज़ोर गवाहों को सुरक्षा दे, उनकी पहचान गुप्त रखे और उनके बयानों व सबूतों के बारे में पूरी गोपनीयता बनाए रखे। उन्हें एक अलग ऑनलाइन पोर्टल बनाने की भी इजाज़त दी गई, ताकि गवाह और दूसरे संबंधित लोग दस्तावेज़ और सबूत जमा कर सकें।

    कोर्ट ने साफ़ किया कि उसके पहले के आदेश के तहत नियुक्त नोडल वकील कार्यवाही में मुख्य रूप से लॉजिस्टिकल मामलों में, कोर्ट की मदद करेंगे और HPEC, कोर्ट और पक्षों के बीच बातचीत का ज़रिया नहीं बनेंगे।

    रजिस्ट्री को निर्देश दिया गया कि वह नोडल वकील को पेपरबुक और दूसरी ज़रूरी सामग्री उपलब्ध कराए।

    इसके अलावा, कोर्ट ने सीनियर एडवोकेट डॉ. मोनिका गुसाईं और एडवोकेट-ऑन-रिकॉर्ड सी. सोलोमन को 'एमिक्स क्यूरी' (न्याय मित्र) नियुक्त किया। वे HPEC के प्रतिनिधियों के तौर पर कोर्ट की मदद करेंगे और पक्षों के बीच स्वतंत्र मध्यस्थ के रूप में काम करेंगे।

    HPEC से यह भी कहा गया कि वह लॉजिस्टिकल और सेक्रेटेरियल मदद के लिए जल्द से जल्द एक सदस्य सचिव नियुक्त करे।

    कोर्ट ने समिति को अपनी पहली रिपोर्ट जल्द-से-जल्द जमा करने का निर्देश दिया और मामले को आगे की सुनवाई के लिए 9 अक्टूबर, 2026 को सूचीबद्ध किया।

    Case: Shailendra Mani Tripathi v. Union of India & Ors., Diary No. 44078/2026 (and connected cases)

    अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

    Next Story