सुप्रीम कोर्ट ने धार्मिक शिक्षा को रेगुलेट करने के लिए 'तीसरी याचिका' पर सुनवाई से किया इनकार

Shahadat

10 Aug 2026 3:10 PM IST

  • सुप्रीम कोर्ट ने धार्मिक शिक्षा को रेगुलेट करने के लिए तीसरी याचिका पर सुनवाई से किया इनकार

    सुप्रीम कोर्ट ने उस याचिका को वापस लेने की अनुमति देते हुए खारिज किया, जिसमें 14 साल तक के बच्चों को धार्मिक शिक्षा देने वाले सभी संस्थानों के रजिस्ट्रेशन, मान्यता और निगरानी की मांग की गई थी।

    जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस विपुल एम. पंचोली की बेंच ने शुरुआत में ही साफ किया कि वह उसी मुद्दे पर दायर तीसरी याचिका पर सुनवाई नहीं करेंगे, जबकि कोर्ट पहले ही उसी याचिकाकर्ता अश्विनी उपाध्याय द्वारा उसी मामले पर दायर दो समान याचिकाओं पर सुनवाई करने से इनकार कर चुका था।

    बेंच ने गौर किया कि ऐसी ही याचिका [W.P.(C) No. 590/2026] पर पहले जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस सतीश चंद्र शर्मा की बेंच ने विचार किया था। उस बेंच ने नोट किया कि उसी मामले पर एक पिछली रिट याचिका [WP 143/2026] का निपटारा उन्हें रिप्रेजेंटेशन (अपनी बात रखने का आवेदन) देने का निर्देश देकर किया गया। बाद में WP 590 को यह कहते हुए खारिज कर दिया गया कि याचिकाकर्ता को दिए गए रिप्रेजेंटेशन पर फैसले का इंतजार करना चाहिए।

    सोमवार को याचिकाकर्ता ने तीसरी रिट याचिका दायर की और दावा किया कि उनके रिप्रेजेंटेशन पर कोई फैसला नहीं लिया गया।

    जस्टिस कुमार ने जवाब दिया:

    "हो सकता है कि आप बहुत अच्छे मकसद के लिए काम कर रहे हों... हमें यह कहने में एक मिनट भी नहीं लगेगा कि तीसरी याचिका तुरंत खारिज की जानी चाहिए, क्योंकि आपके पास आसान रास्ता है: अवमानना ​​(Contempt) का मामला दायर करें; हम उस पर सुनवाई करेंगे... इस मामले पर रिप्रेजेंटेशन के बाद विचार करने की जरूरत हो सकती है, लेकिन उससे पहले नहीं।"

    उन्होंने आगे कहा:

    "मिस्टर उपाध्याय, आपको पहले ही एक रिट (आदेश) मिल चुका है, जो आपके पक्ष में है, उस रिट को लागू करवाएं। सिर्फ सुप्रीम कोर्ट लीगल सर्विसेज कमेटी के सदस्यों के तौर पर हम आपको मुफ्त सलाह दे रहे हैं... आपको खुद का नुकसान (Self-Goal) नहीं करना चाहिए... एक अच्छे केस को खराब न करें, आपको आदेश मिल चुका है, उसे लागू करवाएं।"

    आखिरकार, उपाध्याय ने याचिका वापस लेने का फैसला किया।

    उपाध्याय की याचिका के अनुसार, हजारों गैर-पंजीकृत संस्थान धार्मिक शिक्षा देने की आड़ में भोले-भाले बच्चों को कट्टरपंथी बना रहे हैं, क्योंकि राज्य उनकी निगरानी नहीं करता है। उन्होंने कहा कि इसके गंभीर परिणाम न केवल आंतरिक सुरक्षा के लिए, बल्कि भाईचारे, एकता और राष्ट्रीय अखंडता के लिए भी हो सकते हैं, क्योंकि धर्म के नाम पर बच्चों का ब्रेनवॉश आसानी से किया जा सकता है।

    उन्होंने यह निर्देश भी मांगा कि अर्ध-धार्मिक अल्पसंख्यक और गैर-अल्पसंख्यक शिक्षण संस्थान अनुच्छेद 30 के दायरे में नहीं आ सकते, क्योंकि यह अनुच्छेद 19(1)(g) को ही खास तौर पर दोहराता है और कोई अतिरिक्त अधिकार नहीं देता। साथ ही अनुच्छेद 30(a) में 'अपनी पसंद के शिक्षण संस्थान' का मतलब 'अपनी पसंद के धर्मनिरपेक्ष/व्यावसायिक शिक्षण संस्थान' है, न कि धार्मिक शिक्षण संस्थान। जो संस्थान किसी 'धर्म' को बढ़ावा देने के लिए धार्मिक शिक्षा देते हैं, वे अनुच्छेद 26(a) के तहत आते हैं।

    Case Details: ASHWINI KUMAR UPADHYAY Vs UNION OF INDIA|W.P.(C) No. 868/2026 Diary No. 41685 / 2026

    अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

    Next Story