सीनियर एडवोकेट नामांकन: सुप्रीम कोर्ट समिति ने 293 आवेदनों पर मांगी प्रतिक्रिया

  • सीनियर एडवोकेट नामांकन: सुप्रीम कोर्ट समिति ने 293 आवेदनों पर मांगी प्रतिक्रिया

    सुप्रीम कोर्ट ने वरिष्ठ अधिवक्ता (Senior Advocate) के रूप में नामित किए जाने के लिए आवेदन करने वाले अधिवक्ताओं की सूची प्रकाशित कर दी है और इस संबंध में हितधारकों से सुझाव और टिप्पणियां आमंत्रित की हैं।

    वरिष्ठ अधिवक्ता नामांकन समिति (Committee for Designation of Senior Advocates - CDSA) द्वारा 16 मार्च 2026 को जारी नोटिस में कहा गया है कि यह आवेदन 12 फरवरी और 19 फरवरी 2026 को जारी पूर्व नोटिसों के आधार पर प्राप्त हुए हैं।

    समिति ने सुप्रीम कोर्ट के “Guidelines for Designation of Senior Advocates, 2026” के पैरा 11 और 12 के अनुसार आवेदकों के संबंध में हितधारकों से सुझाव या राय मांगी है।

    नोटिस में कहा गया है कि इच्छुक पक्ष अपने सुझाव या टिप्पणियां सत्यापन योग्य सामग्री के साथ सुप्रीम कोर्ट स्थित CDSA सचिवालय में जमा कर सकते हैं या ईमेल के माध्यम से भेज सकते हैं।

    यह भी स्पष्ट किया गया है कि 1 अप्रैल 2026 को शाम 4:30 बजे तक प्राप्त सुझावों या टिप्पणियों पर ही विचार किया जाएगा। इसके बाद प्राप्त किसी भी सुझाव को स्वीकार नहीं किया जाएगा।

    समिति को प्राप्त इन सुझावों को सुप्रीम कोर्ट की फुल कोर्ट के समक्ष रखा जाएगा, जो वरिष्ठ अधिवक्ता के रूप में नामांकन पर अंतिम निर्णय लेगी।

    नोटिस के साथ संलग्न सूची के अनुसार इस बार कुल 293 अधिवक्ताओं ने वरिष्ठ अधिवक्ता के रूप में नामांकन के लिए आवेदन किया है। इन आवेदकों में सुप्रीम कोर्ट में प्रैक्टिस करने वाले कई एडवोकेट-ऑन-रिकॉर्ड (AoRs) के साथ-साथ देश के विभिन्न हिस्सों के अधिवक्ता शामिल हैं।

    Praveen Mishra

    प्रवीण मिश्रा Law Graduate हैं और लाइव लॉ हिंदी से जुड़े हैं। वे सुप्रीम कोर्ट, उच्च न्यायालयों, उपभोक्ता आयोगों और अन्य न्यायिक मंचों के महत्वपूर्ण फैसलों एवं कानूनी घटनाक्रमों पर लेखन करते हैं। उनका उद्देश्य जटिल कानूनी विषयों और न्यायिक निर्णयों को सरल, सटीक और तथ्यपरक भाषा में हिंदी पाठकों तक पहुंचाना है।

    Next Story