BREAKING| न्यायिक सेवा में शामिल होने के लिए 3 वर्ष के प्रैक्टिस नियम से सुप्रीम कोर्ट चिंतित, कहा- महिलाएं होंगी प्रभावित

Praveen Mishra

26 Feb 2026 5:04 PM IST

  • BREAKING| न्यायिक सेवा में शामिल होने के लिए 3 वर्ष के प्रैक्टिस नियम से सुप्रीम कोर्ट चिंतित, कहा- महिलाएं होंगी प्रभावित

    सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को न्यायिक सेवा की प्रवेश स्तर की नियुक्तियों के लिए अनिवार्य 3 वर्ष की वकालत प्रैक्टिस की शर्त पर मौखिक रूप से कुछ चिंताएं व्यक्त कीं, विशेष रूप से महिला अभ्यर्थियों पर इसके प्रभाव को लेकर।

    चीफ़ जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस के. विनोद चंद्रन और जस्टिस ए.जी. मसीह की खंडपीठ पिछले वर्ष के उस फैसले के खिलाफ दायर पुनर्विचार याचिकाओं पर सुनवाई कर रही थी, जिसमें 3 वर्ष की प्रैक्टिस की शर्त को बहाल किया गया था।

    चीफ़ जस्टिस ने कहा कि इस नियम से महिला अभ्यर्थियों में चिंता पैदा हुई है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में लगभग 60% न्यायिक अधिकारी महिलाएं हैं, इसलिए यह मुद्दा अत्यंत महत्वपूर्ण है।

    सीजेआई ने कहा कि प्रैक्टिस आवश्यक है, लेकिन युवा प्रतिभाओं पर इसके प्रभाव को भी देखना होगा। उनके अनुसार यह शर्त तीन वर्षों का “वैक्यूम” पैदा करती है, जिसमें नए स्नातक उम्मीदवार सेवा में प्रवेश नहीं कर पाते।

    उन्होंने यह भी कहा कि कई महिलाएं इस बात को लेकर चिंतित हैं कि सामाजिक दबावों—जैसे विवाह और परिवार शुरू करने—के कारण वे तीन वर्ष की प्रैक्टिस पूरी नहीं कर पाएंगी।

    “लड़कियां वास्तव में चिंतित हैं। वे हमारी मेधावी प्रतिभा हैं। इस शर्त के कारण डर है कि वे इसे पूरा नहीं कर पाएंगी, क्योंकि परिवार अनुमति नहीं देगा। शादी हो जाएगी, अलग जगह बस जाएंगी—यह अधिक सामाजिक मुद्दा है,” मुख्य न्यायाधीश ने कहा।

    सीजेआई ने योग्य उम्मीदवारों की उपलब्धता को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि न्यायिक सेवा में अनुभव महत्वपूर्ण है, लेकिन इसे इस तरह लागू किया जाना चाहिए कि मेधावी उम्मीदवारों को बाहर न कर दे।

    उन्होंने कहा कि वर्तमान स्थिति यह है कि भर्ती के समय नए स्नातक उपलब्ध ही नहीं होते। ऐसे में वही उम्मीदवार बचते हैं जो पहले प्रयास कर चुके लेकिन सफल नहीं हुए या जिन्होंने पहले प्रयास ही नहीं किया और अब मौका लेना चाहते हैं।

    खंडपीठ ने पुनर्विचार याचिकाओं पर देशभर के हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल से जवाब भी मांगा है।

    हाल ही में सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस उज्जल भुइयां ने भी एक सार्वजनिक कार्यक्रम में कहा था कि इस नियम का महिला अभ्यर्थियों पर प्रभाव सावधानी से देखा जाना चाहिए।

    उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष मई में सुप्रीम कोर्ट ने न्यायिक सेवा के प्रवेश स्तर के पदों के लिए न्यूनतम तीन वर्ष की वकालत प्रैक्टिस की शर्त को पुनः लागू कर दिया था। यह शर्त पहले 2002 में शिथिल कर दी गई थी। अदालत ने अपने निर्णय में कहा था कि निचली अदालतों में नियुक्त न्यायिक अधिकारियों की क्षमता और परिपक्वता सुनिश्चित करने के लिए पूर्व न्यायालयीन अनुभव आवश्यक है।

    Next Story