BREAKING: सुप्रीम कोर्ट का बड़ा निर्देश: पैकेज्ड फूड पर अलग-अलग लगेंगे 'HIGH FAT, HIGH SUGAR, HIGH SALT' चेतावनी लेबल

  • BREAKING: सुप्रीम कोर्ट का बड़ा निर्देश: पैकेज्ड फूड पर अलग-अलग लगेंगे HIGH FAT, HIGH SUGAR, HIGH SALT चेतावनी लेबल

    सुप्रीम कोर्ट ने पैकेज्ड खाद्य पदार्थों पर Front-of-Package Nutrition Labelling (FOPNL) यानी फ्रंट-ऑफ-पैकेज न्यूट्रिशन लेबलिंग को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए केंद्र सरकार और भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए हैं।

    जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस के विनोद चंद्रन की पीठ ने निर्देश दिया कि जिन खाद्य उत्पादों में वसा (Fat), चीनी (Sugar) और नमक (Salt) की मात्रा अधिक है, उनके पैकेट पर अलग-अलग हेक्सागोनल (षट्कोणीय) चेतावनी लेबल लगाए जाएं।

    पीठ ने कहा कि प्रत्येक हेक्सागोनल चेतावनी लेबल में संबंधित पोषक तत्व का एक मानक चित्र (Pictorial Representation) होना चाहिए। इसके साथ स्पष्ट रूप से "HIGH FAT", "HIGH SUGAR" या "HIGH SALT" लिखा होना चाहिए।

    थ्रेशोल्ड तय करने में Total Sugar और Saturated Fat पर विचार हो

    कोर्ट ने FSSAI को निर्देश दिया कि पोषक तत्वों की निर्धारित सीमा (Threshold Value) तय करते समय Added Sugar और Added Fat के बजाय Total Sugars और Saturated Fat को आधार बनाया जाए।

    FSSAI को वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर प्रत्येक पोषक तत्व के लिए थ्रेशोल्ड स्तरों को दोबारा निर्धारित करने का निर्देश दिया गया है। कोर्ट ने कहा कि ये सीमाएं न तो बहुत कम होनी चाहिए और न ही बहुत अधिक।

    पीठ ने स्पष्ट किया कि यदि थ्रेशोल्ड बहुत कम रखा जाता है, तो लगभग सभी पैकेज्ड खाद्य उत्पादों पर चेतावनी लेबल लगाना पड़ेगा। इससे उपभोक्ता इन चेतावनियों के प्रति धीरे-धीरे संवेदनहीन हो सकते हैं और 'लेबल फटीग' (Label Fatigue) की स्थिति पैदा हो सकती है।

    वहीं, यदि थ्रेशोल्ड बहुत अधिक रखा जाता है, तो अधिकांश उत्पाद चेतावनी लेबल से बच जाएंगे और उपभोक्ता अनजाने में अधिक मात्रा में सैचुरेटेड फैट, चीनी और नमक का सेवन करते रहेंगे।

    हर पोषक तत्व के लिए अलग हेक्सागोनल चेतावनी लेबल

    सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया कि फैट, शुगर और सॉल्ट के लिए एक संयुक्त हेक्सागोनल लेबल लगाने के बजाय प्रत्येक पोषक तत्व के लिए अलग-अलग चेतावनी लेबल होना चाहिए।

    कोर्ट ने निर्देश दिया कि पैकेज के मुख्य डिस्प्ले पैनल (Principal Display Panel) के अनुपात में प्रत्येक हेक्सागोन का आकार ऐसा होना चाहिए कि वह पैनल के 4 से 5 प्रतिशत हिस्से को कवर करे। कोर्ट ने इसके लिए अंतरराष्ट्रीय प्रथाओं का हवाला दिया।

    इसके अलावा, FSSAI को प्रत्येक हेक्सागोन के भीतर लिखे जाने वाले शब्दों का फॉन्ट साइज भी निर्धारित करना होगा, ताकि सामान्य खरीद और उपयोग की परिस्थितियों में चित्र और चेतावनी दोनों स्पष्ट रूप से दिखाई दें।

    मौजूदा नियमों को सख्ती से लागू करने का निर्देश

    कोर्ट ने केंद्र सरकार को Food Safety and Standards (Labelling and Display) Regulations, 2020 सहित मौजूदा नियमों को पूरी तरह और सख्ती से लागू करने का निर्देश दिया।

    बच्चों में पोषण संबंधी जागरूकता बढ़ाने पर जोर

    बच्चों में पोषण संबंधी साक्षरता (Nutritional Literacy) को बढ़ावा देने के लिए भी सुप्रीम कोर्ट ने महत्वपूर्ण निर्देश दिए।

    पीठ ने कहा कि केंद्र सरकार स्कूलों के पाठ्यक्रम में आवश्यक बदलाव और नए विषय शामिल करने के साथ-साथ ऐसी शिक्षण पद्धति सुनिश्चित करे, जिससे बच्चों को व्यावहारिक रूप से पोषण संबंधी जानकारी मिल सके।

    इसके लिए इंटरैक्टिव वर्कशॉप, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों और अन्य पहलों के माध्यम से बच्चों को पोषण तथा स्वस्थ खानपान के विकल्पों के बारे में जागरूक किया जा सकता है।

    कोर्ट ने मामले को दस सप्ताह बाद सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया है। इस दौरान FSSAI को नए नियमों के मसौदे (Draft Regulations) पर हुई प्रगति की जानकारी देते हुए हलफनामा दाखिल करना होगा।

    क्या है पूरा मामला?

    सुप्रीम कोर्ट ने ये निर्देश '3S and Our Health Society' नामक संगठन द्वारा दायर जनहित याचिका (PIL) में दिए। इस मामले में कोर्ट ने 28 सितंबर को अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था। याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता राजीव शंकर द्विवेदी पेश हुए।

    इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने FSSAI की उस नीति पर सवाल उठाए थे, जिसमें हाई फैट, हाई शुगर और हाई सॉल्ट वाले खाद्य पदार्थों के लिए चेतावनी लेबल लगाने के मामले में अंतरराष्ट्रीय मानकों को अपनाने का विरोध किया गया था।

    कोर्ट ने सवाल किया था कि क्या भारत को अविकसित बने रहना चाहिए, जबकि मोटापा एक गंभीर सार्वजनिक स्वास्थ्य चिंता बना हुआ है।

    सुप्रीम कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद FSSAI ने पैकेज्ड खाद्य पदार्थों पर चित्रात्मक चेतावनी लेबल लगाने का प्रस्ताव दिया था। शुरुआत में FSSAI ने दो या उससे अधिक पोषक तत्वों की निर्धारित सीमा पार करने वाले उत्पादों पर चेतावनी लगाने का प्रस्ताव रखा था। बाद में कोर्ट के सवालों के बाद किसी एक पोषक तत्व की सीमा पार होने पर भी चेतावनी लगाने का प्रस्ताव सामने आया।

    FSSAI के संशोधित प्रस्ताव में पैकेज के सामने सफेद चौकोर पृष्ठभूमि पर लाल हेक्सागोनल चेतावनी लेबल लगाने की बात कही गई है। ये चेतावनियां ICMR-राष्ट्रीय पोषण संस्थान द्वारा जारी Dietary Guidelines for Indians, 2024 के आधार पर निर्धारित थ्रेशोल्ड के अनुसार होंगी।

    FSSAI ने नॉन-कैलोरिक स्वीटनर वाले उत्पादों के लिए अलग से "CONTAIN NON CALORIC SWEETENER" चेतावनी लगाने का प्रस्ताव भी दिया है।

    FSSAI ने नियमों को अधिसूचित किए जाने के बाद 365 दिनों की स्वैच्छिक कार्यान्वयन अवधि (Voluntary Implementation Period) का प्रस्ताव रखा है। इसके अलावा, ड्राफ्ट नियमों को तैयार और अंतिम रूप देने के लिए लगभग चार महीने का समय मांगा है।

    इस खबर को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए क्लिक करें

    Praveen Mishra

    प्रवीण मिश्रा Law Graduate हैं और लाइव लॉ हिंदी से जुड़े हैं। वे सुप्रीम कोर्ट, उच्च न्यायालयों, उपभोक्ता आयोगों और अन्य न्यायिक मंचों के महत्वपूर्ण फैसलों एवं कानूनी घटनाक्रमों पर लेखन करते हैं। उनका उद्देश्य जटिल कानूनी विषयों और न्यायिक निर्णयों को सरल, सटीक और तथ्यपरक भाषा में हिंदी पाठकों तक पहुंचाना है।

    Next Story