शादी का प्रस्ताव ठुकराने पर भेजा बम की धमकी का ई-मेल: सुप्रीम कोर्ट ने आरोपी महिला के खिलाफ FIRs क्लब कीं

Praveen Mishra

9 March 2026 5:53 PM IST

  • शादी का प्रस्ताव ठुकराने पर भेजा बम की धमकी का ई-मेल: सुप्रीम कोर्ट ने आरोपी महिला के खिलाफ FIRs क्लब कीं

    सुप्रीम कोर्ट ने आज चेन्नई की एक टेक प्रोफेशनल रेने जोशिल्डा के खिलाफ अलग-अलग राज्यों में दर्ज एफआईआर को एक साथ जोड़ने (क्लब करने) की अनुमति दे दी। उस पर आरोप है कि उसने कई राज्यों में बम धमकी वाले ईमेल भेजे, ताकि एक ऐसे व्यक्ति को फंसाया जा सके जिसने उससे शादी करने से इनकार कर दिया था।

    जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस संदीप मेहता की खंडपीठ ने सीनियर एडवोकेट देवदत्त कामत (याचिकाकर्ता की ओर से) की दलीलें सुनने के बाद यह आदेश पारित किया। सुनवाई के दौरान कामत ने अदालत को बताया कि जोशिल्डा की गिरफ्तारी के बाद भी उसके ईमेल अकाउंट से धमकी भरे ईमेल भेजे जा रहे थे। इस पर जस्टिस मेहता ने टिप्पणी की, “यह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का कमाल हो सकता है।”

    सीनियर एडवोकेट ने अदालत को बताया कि वर्तमान में याचिकाकर्ता के खिलाफ कुल 23 एफआईआर दर्ज हैं— जिनमें 6 गुजरात में, 1 तमिलनाडु में, 12 कर्नाटक में, 2 तेलंगाना में और 2 अन्य राज्यों में दर्ज हैं। उन्होंने कहा कि जमानत की शर्तों के अनुसार उसे हर सप्ताह इन अलग-अलग राज्यों के पुलिस थानों में उपस्थित होना पड़ता है।

    शुरुआत में जस्टिस विक्रम नाथ ने राहत देने को लेकर अनिच्छा जताई और कहा कि याचिकाकर्ता ट्रायल कोर्ट से वर्चुअल उपस्थिति की अनुमति मांग सकती है। उन्होंने टिप्पणी की, “यह खतरनाक महिला है… अगर आज इसी समय आपके मुवक्किल की ओर से इस अदालत के रजिस्ट्रार जनरल को धमकी भरा ईमेल आ जाए तो क्या होगा? अफरा-तफरी मच सकती है।”

    इस पर कामत ने कहा कि याचिकाकर्ता मानसिक रूप से स्थिर नहीं है। अंततः अदालत ने याचिका स्वीकार करते हुए सभी एफआईआर को एक साथ क्लब करने का आदेश दिया और मामलों को कर्नाटक राज्य में स्थानांतरित कर दिया, क्योंकि सबसे अधिक एफआईआर वहीं दर्ज हैं।

    बताया जाता है कि 29 वर्षीय रोबोटिक्स इंजीनियर रेने जोशिल्डा ने कथित तौर पर बदले की भावना से यह ईमेल भेजे थे। उसने अपनी पहचान छिपाने के लिए फर्जी ईमेल आईडी, वीपीएन और डार्क वेब का इस्तेमाल किया। कुछ ईमेल आईडी उस व्यक्ति के नाम से भी बनाए गए थे जिससे वह शादी करना चाहती थी।

    रिपोर्ट्स के अनुसार गुजरात के अलावा महाराष्ट्र, राजस्थान, तमिलनाडु, दिल्ली, कर्नाटक, केरल, बिहार, तेलंगाना, पंजाब, मध्य प्रदेश और हरियाणा सहित कई राज्यों में भी ऐसे धमकी भरे ईमेल भेजे गए थे।

    Next Story