SCBA की मांग: CJI के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने वाले वकील के खिलाफ शुरू की जाए आपराधिक अवमानना ​ कार्यवाही

  • SCBA की मांग: CJI के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने वाले वकील के खिलाफ शुरू की जाए आपराधिक अवमानना ​ कार्यवाही

    सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन (SCBA) ने एक ऐसे वकील के खिलाफ आपराधिक अवमानना ​​की कार्यवाही शुरू करने की मांग की, जिसने सोमवार (16 नवंबर) को अदालती कार्यवाही के दौरान चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (CJI) सूर्य कांत के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की थी।

    SCBA की सचिव प्रज्ञा बघेल और संयुक्त सचिव मीनेश दुबे ने मंगलवार को CJI के समक्ष यह मामला उठाया। उन्होंने कोर्ट को बताया कि वकील के खिलाफ आपराधिक अवमानना ​​की कार्यवाही शुरू करने की याचिका दायर करने के लिए उन्हें अटॉर्नी जनरल की सहमति मिल गई।

    पदाधिकारियों ने बेंच से आग्रह किया कि इस नई याचिका को पत्रकार निखिल वागले और शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत के खिलाफ अवमानना ​​की कार्रवाई की मांग करने वाली SCBA की पहले से दायर याचिका के साथ जोड़ दिया जाए।

    CJI ने उन्हें आश्वासन दिया कि इस नई याचिका को कल (18 नवंबर) सूचीबद्ध (लिस्ट) किया जाएगा।

    बघेल और दुबे ने बेंच को यह भी बताया कि उनके पास उसी वकील के वीडियो रिकॉर्डिंग मौजूद हैं, जिनमें वह अन्य मौकों पर भी CJI के खिलाफ इसी तरह की टिप्पणियां करते हुए दिख रहा है।

    बता दें, यह घटनाक्रम सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में हुई एक घटना के बाद सामने आया है, जब CJI सूर्य कांत के खिलाफ व्यक्तिगत टिप्पणी करने के बाद वकील को कोर्ट रूम से बाहर निकाल दिया गया।

    वकील ने CJI, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना की बेंच के समक्ष तत्काल सुनवाई की मांग की। उसने बताया कि उसने 2 नवंबर को CJI के कार्यालय में एक मामला सौंपा था, लेकिन 15 दिनों के बाद भी उसे कोई जवाब नहीं मिला।

    जब CJI ने उसे इंतजार करने के लिए कहा तो वकील ने इनकार कर दिया और चीफ जस्टिस के खिलाफ व्यक्तिगत टिप्पणी करते हुए कहा,

    "आप इस कुर्सी पर नहीं बैठ सकते, आप इसके लायक नहीं हैं। आपमें इसके लिए जरूरी ईमानदारी (Integrity) नहीं है!"

    इस हंगामे के बाद कार्यवाही की ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग बंद कर दी गई। इसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने वकील को कोर्ट रूम से बाहर निकाल दिया।

    कोर्ट रूम में मौजूद वकीलों के अनुसार, CJI ने यह भी याद दिलाया कि देश भर में 'एंटी-CEC' (मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ) विरोध प्रदर्शनों के दौरान भी इसी वकील ने उनके खिलाफ अभद्र टिप्पणियां की थीं, जिसके चलते उस समय भी अवमानना ​​की कार्यवाही शुरू हुई थी।

    अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

    Next Story