BREAKING| ट्रांसजेंडर व्यक्ति संशोधन अधिनियम को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती, कहा - स्व-पहचान को हटाना अनुच्छेद 21 का उल्लंघन

Shahadat

4 April 2026 6:21 PM IST

  • BREAKING| ट्रांसजेंडर व्यक्ति संशोधन अधिनियम को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती, कहा - स्व-पहचान को हटाना अनुच्छेद 21 का उल्लंघन

    सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की गई, जिसमें ट्रांसजेंडर व्यक्ति (अधिकारों का संरक्षण) संशोधन अधिनियम, 2026 की संवैधानिक वैधता को चुनौती दी गई। याचिका में तर्क दिया गया कि हालिया संशोधनों ने ट्रांसजेंडर व्यक्तियों के लिंग की स्व-निर्धारण के मौलिक अधिकार को छीन लिया।

    संविधान के अनुच्छेद 32 के तहत यह याचिका दो ट्रांसजेंडर महिलाओं - लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी और ज़ैनब जावेद पटेल - ने दायर की है। पहली याचिकाकर्ता किन्नर अखाड़े की आचार्य महामंडलेश्वर, भरतनाट्यम नृत्यांगना, लेखिका, सोशल एक्टिविस्ट और 'अस्तित्व ट्रस्ट' की संस्थापक हैं, जबकि दूसरी याचिकाकर्ता KPMG इंडिया में निदेशक (समावेशन और विविधता) और ट्रांसजेंडर व्यक्तियों के लिए राष्ट्रीय परिषद (पश्चिमी क्षेत्र) की सदस्य हैं।

    यह याचिका संशोधन अधिनियम पर आपत्ति जताती है - जिसे 30 मार्च, 2026 को राष्ट्रपति की मंज़ूरी मिली थी - और इसे संविधान के अनुच्छेद 14, 15, 19 और 21 के तहत ट्रांसजेंडर व्यक्तियों को गारंटीकृत मौलिक अधिकारों को "अपूरणीय संवैधानिक क्षति" पहुंचाने वाला बताती है। यह एक ऐसे महत्वपूर्ण संवैधानिक प्रश्न को उठाती है: क्या राज्य, कानून के माध्यम से किसी व्यक्ति की जैविक या सामाजिक-मेडिकल वर्गीकरणों को उसकी वास्तविक और स्व-अनुभूत पहचान से बदलकर, यह परिभाषित कर सकता है कि वह व्यक्ति कौन है?

    याचिका के अनुसार, ये संशोधन जेंडर की स्व-पहचान के उस सिद्धांत को खत्म करते हैं, जिसे सुप्रीम कोर्ट ने अपने ऐतिहासिक 'राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) बनाम भारत संघ' के फैसले में एक मौलिक अधिकार के रूप में मान्यता दी थी। याचिकाकर्ताओं का कहना है कि अब कोर्ट से उस अधिकार की रक्षा करने का आग्रह किया जा रहा है, जिसे उसने पहले अनुच्छेद 21 के तहत गरिमा और व्यक्तिगत स्वायत्तता का एक अभिन्न अंग घोषित किया था।

    याचिका में कहा गया,

    "संसद ने अपनी विधायी कलम की एक ही चोट से उस वैधानिक अधिकार को निरस्त किया, जिसे इस कोर्ट ने अनुच्छेद 21 के तहत एक मौलिक अधिकार माना था। इस विवादित विलोपन की असंवैधानिकता को उजागर करने के लिए किसी विस्तृत संवैधानिक विश्लेषण की भी आवश्यकता नहीं है: एक ऐसा प्रावधान जो इस कोर्ट द्वारा मौलिक घोषित किए गए अधिकार को सीधे तौर पर संहिताबद्ध करता है, उसे सामान्य कानून के माध्यम से अनुच्छेद 21 और मौलिक अधिकारों के 'अवनति-विरोध सिद्धांत' (Doctrine of Non-Retrogression) का उल्लंघन किए बिना हटाया नहीं जा सकता।"

    याचिका में विशेष रूप से 2019 अधिनियम की धारा 2(k) के तहत "ट्रांसजेंडर व्यक्ति" की परिभाषा में किए गए बदलाव को चुनौती दी गई। इसमें कहा गया कि जहां पूर्व परिभाषा में लैंगिक पहचान को व्यक्ति के व्यक्तिगत अनुभव पर आधारित माना गया, वहीं संशोधित प्रावधान इस ढांचे को सामाजिक-सांस्कृतिक पहचानों और मेडिकल रूप से सत्यापित जैविक स्थितियों की सूची से बदल देता है।

    याचिका में तर्क दिया गया कि इस बदलाव से स्व-पहचान का आधार समाप्त हो जाता है। इसके परिणामस्वरूप ऐसे व्यक्तियों को कानूनी मान्यता से वंचित किया जा सकता है, जो स्वयं को ट्रांसजेंडर मानते हैं लेकिन निर्दिष्ट श्रेणियों में नहीं आते हैं।

    याचिका में आगे यह भी कहा गया कि संशोधित परिभाषा का परंतुक स्पष्ट रूप से "स्वयं-अनुभूत यौन पहचान" वाले व्यक्तियों को बाहर रखता है, जो याचिकाकर्ताओं के अनुसार, सुप्रीम कोर्ट के उस निर्णय का सीधा खंडन करता है, जिसमें स्वयं-अनुभूत लैंगिक पहचान को संवैधानिक रूप से संरक्षित अधिकार बताया गया। इसमें यह चिंता भी जताई गई है कि परंतुक में प्रयुक्त पूर्वव्यापी भाषा पूर्व के ढांचे के तहत पहचान प्रमाण पत्र प्राप्त करने वाले व्यक्तियों की कानूनी मान्यता को संभावित रूप से प्रभावित कर सकती है।

    निजता के उल्लंघन की आशंकाएं उठाई गईं

    एक अन्य प्रमुख चुनौती उस संशोधन से संबंधित है, जिसके तहत जिला मजिस्ट्रेट को किसी ट्रांसजेंडर व्यक्ति की पहचान का प्रमाण पत्र जारी करने के लिए चिकित्सा बोर्ड की सिफारिश की जांच करना अनिवार्य है। याचिका में कहा गया कि यह उन मेडिकल प्रमाणन आवश्यकताओं को पुनः लागू करता है, जिन्हें सुप्रीम कोर्ट ने NALSA फैसले में निजता और गरिमा के अधिकारों का उल्लंघन बताते हुए स्पष्ट रूप से खारिज कर दिया था।

    याचिका उस संशोधन को भी चुनौती देती है, जिसके तहत जेंडर चेंज सर्जरी कराने वाले व्यक्तियों के लिए संशोधित लिंग प्रमाण पत्र के लिए आवेदन करना अनिवार्य है। याचिका में तर्क दिया गया कि एक अनुमेय प्रावधान को अनिवार्य दायित्व में बदलना व्यक्तिगत स्वायत्तता में हस्तक्षेप करता है। याचिका में मेडिकल इंस्टिट्यूट पर ऐसी सर्जरी कराने वाले व्यक्तियों का विवरण सरकारी अधिकारियों को उपलब्ध कराने की अनिवार्यता का भी विरोध किया गया। याचिका में कहा गया कि इससे चिकित्सा निगरानी की एक प्रणाली बनती है, जो मौलिक अधिकार के रूप में मान्यता प्राप्त निजता और मेडिकल गोपनीयता के अधिकार का उल्लंघन करती है।

    इसके अलावा, याचिका में कुछ नए जोड़े गए दंडात्मक प्रावधानों के बनाए जाने के तरीके पर चिंता जताई गई। इसमें तर्क दिया गया कि इन प्रावधानों से ट्रांसजेंडर पहचान को ज़बरदस्ती या आपराधिक आचरण से जोड़कर उसे कलंकित करने का खतरा है। याचिका में यह भी बताया गया कि संशोधन अधिनियम में ट्रांसजेंडर व्यक्तियों के खिलाफ यौन शोषण जैसे अपराधों के लिए अधिकतम सज़ा अपेक्षाकृत कम रखी गई, जबकि तस्करी से जुड़े अपराधों के लिए काफी ज़्यादा सज़ा का प्रावधान है। याचिकाकर्ताओं के अनुसार, यह एक ऐसी विधायी पदानुक्रम को दर्शाता है, जो ट्रांसजेंडर व्यक्तियों की शारीरिक अखंडता को कमतर आंकता है।

    याचिका में यह तर्क दिया गया कि संशोधन अधिनियम, कुल मिलाकर, स्पष्ट रूप से मनमाना है; यह मौलिक अधिकारों के 'अवनति न होने के सिद्धांत' (Doctrine of Non-Retrogression) का उल्लंघन करता है; और मौलिक अधिकारों पर लगाई गई पाबंदियों के लिए लागू होने वाले 'आनुपातिकता परीक्षण' (Proportionality Test) में विफल रहता है। तदनुसार, इसमें यह घोषणा करने की मांग की गई कि ये विवादित संशोधन असंवैधानिक हैं और इन्हें रद्द किया जाना चाहिए।

    याचिका में निम्नलिखित मुद्दे उठाए गए:

    1) क्या 'ट्रांसजेंडर व्यक्ति (अधिकारों का संरक्षण) संशोधन अधिनियम, 2026' - जिसमें नौकरशाही प्रमाणन तंत्र को और मज़बूत किया गया, एक अनिवार्य 'राष्ट्रीय ट्रांसजेंडर रजिस्ट्री' शुरू की गई और 'छद्म-रूप धारण करने' (Impersonation) को अपराध घोषित किया गया - संविधान के अनुच्छेद 14, 15, 19 और 21 का, तथा NALSA मामले में मान्यता प्राप्त 'स्व-पहचान के अधिकार' का उल्लंघन करता है?

    2) क्या नई धारा 4A (अनिवार्य रजिस्ट्री) पुट्टास्वामी (उपर्युक्त) मामले के तहत 'निजता के अधिकार' और ICCPR के अनुच्छेद 17 का उल्लंघन करती है?

    3) क्या नई धारा 18A (छद्म-रूप धारण करने का अपराध) श्रेया सिंघल मामले के तहत असंवैधानिक रूप से अस्पष्ट है और 'योग्याकार्ता सिद्धांत 33' का उल्लंघन करती है?

    4) क्या संशोधित धारा 8 में धार्मिक संस्थानों और 'सार्वजनिक नैतिकता' के लिए दिए गए अपवाद, नवतेज सिंह जौहर मामले के निर्णय और अनुच्छेद 14 तथा 15 का उल्लंघन करते हैं?

    5) क्या संशोधित धारा 18 के तहत 3 साल की अधिकतम सज़ा, शायरा बानो मामले के निर्णय के अनुसार, स्पष्ट रूप से मनमानी है?

    6) क्या आरक्षण प्रदान करने में लगातार विफलता NALSA मामले के पैराग्राफ 126-129 का अनुपालन न करना माना जाएगा?

    7) क्या यह अधिनियम अपने संशोधित रूप में ICESCR की 'सामान्य टिप्पणी संख्या 3' के तहत 'अवनति न होने के सिद्धांत' का उल्लंघन करता है?

    8) क्या संशोधित धारा 7 (जिसके तहत सर्जरी के लिए सरकारी मेडिकल बोर्ड के प्रमाणन की आवश्यकता होती है) अनुच्छेद 21 का, और वाई.वाई. बनाम तुर्कीये और ए.पी., गार्कोन और निकोट बनाम फ्रांस और यूएन के स्पेशल रैपर्टेयर का A/HRC/22/53 के पैराग्राफ 88 में दिए गए निष्कर्ष मामले में ECHR के निर्णयों का उल्लंघन करती है?

    यह याचिका AoR आधार नौटियाल के माध्यम से दायर की गई।

    Case : Lakshmi Narayan Tripathi and another v. Union of India and another | Diary No. 20054/2026

    Next Story