'ज़िला न्यायपालिका कानून में जान डालती है': CJI सूर्यकांत ने मदुरै एडिशनल ज़िला कोर्ट कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन किया

Shahadat

20 April 2026 10:07 AM IST

  • ज़िला न्यायपालिका कानून में जान डालती है: CJI सूर्यकांत ने मदुरै एडिशनल ज़िला कोर्ट कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन किया

    चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (CJI) सूर्यकांत ने कहा कि ज़िला न्यायपालिका को कानूनी व्यवस्था के "जीवन-रक्त, उसके महत्वपूर्ण अंगों और उसकी नसों" के रूप में देखा जाना चाहिए। ज़मीनी स्तर पर एक अच्छा बुनियादी ढांचा होने से "न्याय की एक अधिक संवेदनशील और अधिक गरिमापूर्ण व्यवस्था की नींव रखी जाती है।"

    CJI मदुरै ज़िला न्यायालय परिसर में एडिशनल कोर्ट कॉम्प्लेक्स के उद्घाटन के अवसर पर बोल रहे थे, जिसका आयोजन मद्रास हाईकोर्ट की देखरेख में किया गया।

    CJI ने कहा कि नागरिकों के विशाल बहुमत के लिए ज़िला कोर्ट ही न्याय व्यवस्था के साथ संपर्क का पहला और अंतिम बिंदु होते हैं। इस अर्थ में उन्होंने कहा, जहां संवैधानिक न्यायालय कानून की व्याख्या, उसे परिष्कृत और उसे आकार दे सकते हैं, वहीं यह ज़िला न्यायपालिका ही है, जो इसे मुकदमों में उलझे लोगों के रोज़मर्रा के जीवन में लागू करती है।

    CJI ने कहा,

    "मैंने कई मौकों पर कहा है कि ज़िला न्यायपालिका हमारी न्याय वितरण प्रणाली की रीढ़ है। मैं इस वाक्यांश का उपयोग केवल शिष्टाचार या औपचारिक प्रशंसा के तौर पर नहीं करता। मैं इसका उपयोग इसलिए करता हूं, क्योंकि यह एक संरचनात्मक तथ्य का बयान है। हमारे नागरिकों के विशाल बहुमत के लिए ज़िला न्यायालय ही वह पहला न्यायालय होता है, जिसमें वे कभी प्रवेश करते हैं। और कई लोगों के लिए यह एकमात्र ऐसा न्यायालय होता है जिसे वे कभी जान पाते हैं।"

    संस्थागत भूमिकाओं के बीच अंतर करते हुए CJI ने उच्च न्यायपालिका को व्यवस्था का "मस्तिष्क" बताया, जबकि ज़िला न्यायालय इसके "महत्वपूर्ण अंगों" के रूप में कार्य करते हैं, जो विवादों और मुकदमों में उलझे लोगों के साथ अपने दैनिक जुड़ाव के माध्यम से इस व्यवस्था को जीवित रखते हैं।

    उन्होंने आगे कहा,

    "सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट कानून की व्याख्या, उसे परिष्कृत और उसे आकार दे सकते हैं। लेकिन यह ज़िला न्यायपालिका ही है, जो इसमें जान डालती है, जो आम लोगों के वास्तविक अनुभवों में कानून को उसका रोज़मर्रा का अर्थ प्रदान करती है। यदि उच्च न्यायपालिका कानूनी व्यवस्था का मस्तिष्क है तो ज़िला न्यायपालिका इसका जीवन-रक्त, इसके महत्वपूर्ण अंग और वे नसें हैं, जो पूरे शरीर को एक साथ थामे रखती हैं।"

    इस प्रकार, उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि ज़िला न्यायपालिका के लिए एक कुशल बुनियादी ढांचा सुनिश्चित करना न केवल प्रशासनिक लक्ष्य है, बल्कि यह प्रदान किए जाने वाले न्याय की गुणवत्ता के लिए भी अत्यंत आवश्यक है।

    चीफ जस्टिस ने कहा,

    "जब हम ज़िला अदालत के इंफ्रास्ट्रक्चर में निवेश करते हैं तो हम सिर्फ़ ईंटें नहीं लगा रहे होते और गारा नहीं डाल रहे होते। हम न्याय की एक ज़्यादा जवाबदेह, ज़्यादा गरिमापूर्ण व्यवस्था की नींव रख रहे होते हैं। जिस माहौल में न्याय दिया जाता है, वह उस न्याय की गुणवत्ता को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष, दोनों ही तरीकों से प्रभावित करता है। एक अच्छी तरह से डिज़ाइन किया गया कोर्टरूम अनुशासन को बढ़ावा देता है, कार्यकुशलता बढ़ाता है और संस्थागत मर्यादा का एक स्तर प्रदान करता है, जिससे इस प्रक्रिया में शामिल हर व्यक्ति का सम्मान बढ़ता है।"

    भौतिक स्थानों और संस्थागत कामकाज के बीच अक्सर नज़रअंदाज़ किए जाने वाले संबंध पर प्रकाश डालते हुए CJI ने बताया कि कोर्टरूम के डिज़ाइन और इंफ्रास्ट्रक्चर का न्याय वितरण पर "प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष" दोनों तरह का प्रभाव पड़ता है।

    उन्होंने समझाया कि एक अच्छी तरह से डिज़ाइन किया गया कोर्टरूम अनुशासन को बढ़ावा देता है, कार्यकुशलता बढ़ाता है और संस्थागत मर्यादा को मज़बूत करता है। ये प्रभाव, भले ही अलग-अलग देखने पर छोटे लगें, लेकिन सामूहिक रूप से ये विवाद समाधान की संस्कृति को नया रूप देने में योगदान देते हैं।

    CJI ने आगे कहा कि अतिरिक्त कोर्टरूम और बेहतर सुविधाओं से मामलों के बैकलॉग (लंबित मामलों) में कमी आने और अनावश्यक स्थगनों (Adjournments) के कम होने की उम्मीद है; ये ऐसे मुद्दे थे, जिन्होंने ऐतिहासिक रूप से इस व्यवस्था में जनता के विश्वास को कमज़ोर किया।

    इस संबंध में CJI ने कहा,

    "मैं उस जज की बात कर रहा हूं, जो सुनवाई की अध्यक्षता करते हैं, उस वकील की जो बहस करते हैं। उस वादी की जो सुनवाई का इंतज़ार करते हैं। इनमें से हर सुधार अलग से देखने पर छोटा लग सकता है, लेकिन जब इन्हें एक साथ देखा जाता है तो ये सामूहिक रूप से विवाद समाधान की संस्कृति को पूरी तरह बदल देते हैं।"

    उन्होंने अपनी राय व्यक्त की,

    "मदुरै ज़िला कोर्ट कॉम्प्लेक्स में आज हम जिन अतिरिक्त अदालत भवनों का उद्घाटन कर रहे हैं, वे इसी बदलाव में योगदान देते हैं। मुझे विश्वास है कि ये नई सुविधाएं मौजूदा परिसर पर मौजूद भारी इंफ्रास्ट्रक्चर संबंधी दबाव को कम करेंगी, उन अनावश्यक स्थगनों को कम करेंगी जो जनता के विश्वास को कमज़ोर करते हैं और कार्यवाही में गरिमा की एक नई भावना लाएंगी, जिसके इस ज़िले के लोग पूरी तरह से हकदार हैं।"

    CJI ने मद्रास हाईकोर्ट के उन प्रयासों की भी सराहना की, जिनके तहत मदुरै पीठ परिसर में एडिशनल हाईकोर्ट गेस्ट हाउस का निर्माण किया गया। यह कदम कुशल न्याय वितरण के मूल उद्देश्य को पूरा करने में सहायक सिद्ध होता है।

    Next Story