ज्यूडिशिलय सर्विस के लिए 3 साल की प्रैक्टिस के नियम का विरोध कोचिंग सेंटर करवा रहे हैं: जस्टिस के. विनोद चंद्रन

Shahadat

13 March 2026 6:27 PM IST

  • ज्यूडिशिलय सर्विस के लिए 3 साल की प्रैक्टिस के नियम का विरोध कोचिंग सेंटर करवा रहे हैं: जस्टिस के. विनोद चंद्रन

    जस्टिस के. विनोद चंद्रन ने शुक्रवार को टिप्पणी की कि न्यायिक सेवा भर्ती के लिए कोचिंग सेंटर ही शुरुआती स्तर के न्यायिक पदों के लिए बार में तीन साल की प्रैक्टिस की अनिवार्य शर्त का विरोध करवा रहे हैं।

    जस्टिस चंद्रन सीनियर एडवोकेट पिंकी आनंद की बात का जवाब दे रहे थे, जिन्होंने तर्क दिया कि प्रैक्टिस की यह शर्त उम्मीदवारों के लिए एक रुकावट बन सकती है और ज्यूडिशिलय सर्विस में उनके प्रवेश में देरी कर सकती है, क्योंकि परीक्षाओं की तैयारी के लिए कुछ अतिरिक्त साल चाहिए होते हैं।

    जस्टिस चंद्रन ने टिप्पणी की,

    "इसमें पूरी एक मुश्किल है। जब मैं संविधान पीठ में बैठा था, तब भी मैंने यह बात कही थी। अब इसका स्रोत कोचिंग सेंटर हैं। मुझे यह बात खुली अदालत में कहने में कोई हिचक नहीं है। पूरी समस्या यही है। मैं चीफ जस्टिस रहा हूँ, मैं अदालत में सीनियर जज रहा हूँ। मैंने खुद इंटरव्यू दिए हैं। हमने जिला जजों को देखा है। ऐसा नहीं है, यह मत कहिए कि बिना किसी अनुभवजन्य फ़ॉर्मूले के कहा जा रहा है। हम अपने अनुभव के आधार पर आपको यह बता रहे हैं।"

    चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (सीजेआई) सूर्यकांत, जस्टिस ऑगस्टीन जॉर्ज मसीह और जस्टिस के. विनोद चंद्रन की एक पीठ मई 2025 के उस फ़ैसले की समीक्षा की मांग करने वाली याचिकाओं पर सुनवाई कर रही थी, जिसने न्यायिक सेवा में शामिल होने के लिए प्रैक्टिस की शर्त को फिर से लागू किया था।

    सुनवाई के दौरान, सीनियर एडवोकेट पिंकी आनंद ने कहा कि यह शर्त जजों के लिए ज़रूरी कौशल के अनुरूप नहीं हो सकती। उन्होंने बताया कि उम्मीदवार पहले से ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में काफ़ी समय बिताते हैं। उनके अनुसार, जब तक कोई उम्मीदवार अपनी क़ानूनी शिक्षा पूरी करता है, तीन साल की प्रैक्टिस करता है और भर्ती परीक्षाओं की तैयारी करता है, तब तक न्यायपालिका में प्रवेश की औसत आयु लगभग 29 साल तक पहुंच सकती है।

    उन्होंने यह दलील दी कि इसका उद्देश्य न्याय वितरण प्रणाली में सुधार करना और प्रतिभाशाली उम्मीदवारों को न्यायपालिका में शामिल होने के लिए प्रोत्साहित करना होना चाहिए, न कि उन्हें अन्य पेशेवर क्षेत्रों की ओर मोड़ना।

    उन्होंने सुझाव दिया कि इसके विकल्प के तौर पर कुछ विशेष शैक्षणिक और संस्थागत उपायों पर विचार किया जा सकता है, जिसमें लॉ यूनिवर्सिटीज़ में विशेष रूप से न्याय-निर्णयन पर केंद्रित कार्यक्रम और क़ानूनी शिक्षा के दौरान अनिवार्य व्यावहारिक इंटर्नशिप शामिल हैं, जिन्हें अनुभव की शर्तों में गिना जा सकता है।

    CJI सूर्यकांत ने टिप्पणी की कि कई शीर्ष नेशनल लॉ स्कूलों के अपने दौरों के दौरान उन्होंने पाया कि तीन साल की प्रैक्टिस की शर्त के कारण कई होनहार स्टूडेंट कॉर्पोरेट करियर चुन रहे थे। उन्होंने कहा कि इस नियम को एक साथ सब पर लागू करने के बजाय, चरणबद्ध तरीके से लागू किया जा सकता था - जिसकी शुरुआत एक साल की शर्त से होती और धीरे-धीरे इसे बढ़ाकर तीन साल कर दिया जाता।

    उन्होंने कहा,

    “इसे चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाना चाहिए था; पहले साल यह एक साल का होता, फिर 2 साल का और उसके बाद 3 साल का। अतीत में भी कोर्ट द्वारा बनाए गए कानूनों को इसी तरीके से लागू किया जाता रहा है। दुर्भाग्य से, हमने इसे सीधे तौर पर थोप दिया। इसी वजह से, देश के सभी शीर्ष लॉ स्कूलों में काफी हंगामा और विरोध हो रहा है। स्टूडेंट अपना समय बर्बाद करने के लिए 3 साल तक इंतज़ार नहीं करने वाले हैं। ये वे स्टूडेंट हैं, जिन्होंने लिखित परीक्षा में मुकाबला करके अपनी जगह बनाई। यह एक प्रतियोगी परीक्षा है - एक ऐसी परीक्षा, जो अब NEET या मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं से भी ज़्यादा कठिन हो गई - और इन स्टूडेंट्स को उनकी योग्यता (Merit) के आधार पर ही दाखिला मिला। अभिभावकों ने इन पर काफी पैसा खर्च किया, इसलिए वे अब और इंतज़ार करने की स्थिति में नहीं हैं। यही वह संकट है जिसका सामना हम अभी कर रहे हैं। अब सवाल यह है कि इन दोनों बातों के बीच संतुलन कैसे बनाया जाए। साथ ही महिलाओं के हितों का भी ध्यान कैसे रखा जाए।”

    इसके साथ ही, चीफ जस्टिस ने न्यायिक सेवा में प्रवेश करने वाले उम्मीदवारों में एक निश्चित स्तर की परिपक्वता होने की आवश्यकता पर भी ज़ोर दिया; ऐसा कहते हुए उन्होंने न्यायपालिका के विभिन्न स्तरों पर न्यायिक चयन प्रक्रियाओं में अपने अनुभवों का हवाला दिया।

    Case Title – Bhumika Trust v. Union of India and connected cases

    Next Story