“दिल्ली में हजारों फर्जी वकील”: CJI सूर्यकांत बोले- LLB डिग्रियों की CBI जांच कराने पर विचार कर रहा सुप्रीम कोर्ट

Praveen Mishra

15 May 2026 1:58 PM IST

  • “दिल्ली में हजारों फर्जी वकील”: CJI सूर्यकांत बोले- LLB डिग्रियों की CBI जांच कराने पर विचार कर रहा सुप्रीम कोर्ट

    सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने शुक्रवार (15 मई) को दिल्ली में बड़ी संख्या में फर्जी वकीलों की मौजूदगी पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि वह जल्द ही कई वकीलों की एलएलबी डिग्रियों की सत्यता की जांच के लिए CBI जांच के आदेश देने पर विचार कर रहे हैं।

    जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्य बागची की बेंच एक वकील की उस याचिका पर सुनवाई कर रही थी, जिसमें दिल्ली हाईकोर्ट में सीनियर एडवोकेट पदनाम को लेकर शिकायत की गई थी। सुनवाई के दौरान CJI ने कुछ वकीलों के सोशल मीडिया व्यवहार पर नाराजगी जताते हुए कहा कि उनकी पोस्ट देखकर उनकी कानून की डिग्रियों की प्रामाणिकता पर गंभीर संदेह होता है।

    CJI ने कहा, “मैं किसी उचित मामले का इंतजार कर रहा हूं। मैं चाहता हूं कि CBI दिल्ली के कई लोगों की LLB डिग्रियों की जांच करे। तिस हजारी के कुछ लोग फेसबुक और सोशल मीडिया पर जिस तरह की बातें लिख रहे हैं, क्या उन्हें लगता है कि हम देख नहीं रहे?”

    उन्होंने बार काउंसिल ऑफ इंडिया (BCI) पर भी तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि BCI इस मामले में कुछ नहीं करेगी, क्योंकि “वे आपस में मिले हुए हैं।” CJI ने दावा किया कि “हजारों लोग फर्जी तरीके से काले कोट पहनकर घूम रहे हैं।”

    सुनवाई के दौरान CJI ने न्यायपालिका पर लगातार हमले करने वालों को लेकर भी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि समाज में पहले से ही ऐसे “परजीवी” मौजूद हैं जो सिस्टम पर हमला करते रहते हैं और वकीलों को उनके साथ नहीं खड़ा होना चाहिए।

    CJI ने कहा, “कुछ लोग जिन्हें रोजगार नहीं मिलता, वे सोशल मीडिया एक्टिविस्ट, RTI एक्टिविस्ट या मीडिया बनकर हर किसी पर हमला करना शुरू कर देते हैं। और फिर आप लोग अवमानना याचिकाएं दाखिल करते हैं।”

    Praveen Mishra

    Praveen Mishra

    प्रवीण मिश्रा Law Graduate हैं और लाइव लॉ हिंदी से जुड़े हैं। वे सुप्रीम कोर्ट, उच्च न्यायालयों, उपभोक्ता आयोगों और अन्य न्यायिक मंचों के महत्वपूर्ण फैसलों एवं कानूनी घटनाक्रमों पर लेखन करते हैं। उनका उद्देश्य जटिल कानूनी विषयों और न्यायिक निर्णयों को सरल, सटीक और तथ्यपरक भाषा में हिंदी पाठकों तक पहुंचाना है।

    Next Story