थिरुपरनकुंद्रम मामले में सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी: तमिलनाडु में प्रशासनिक अराजकता, अधिकारियों ने राजनीतिक आकाओं के इशारे पर काम किया
Shahadat
27 Nov 2026 7:00 PM IST

सुप्रीम कोर्ट ने तमिलनाडु सरकार के प्रशासनिक कामकाज पर कड़ी टिप्पणी की। कोर्ट ने कहा कि ऐसा लगता है कि अधिकारियों ने अपने "राजनीतिक आकाओं" के इशारे पर काम किया। उन्होंने 20 नवंबर के सुप्रीम कोर्ट के उस आदेश की जानबूझकर अवहेलना की, जिसमें तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित 'दीपाथून' (Deepathoon) पर पारंपरिक 'कार्तिका दीपम' (Karthiga Deepam) जलाने का निर्देश दिया गया।
प्रथम दृष्टया, कोर्ट ने पाया कि मदुरै के जिला कलेक्टर, पुलिस आयुक्त और अरुलमिगु सुब्रमण्य स्वामी मंदिर के कार्यकारी अधिकारी ने जानबूझकर कोर्ट के निर्देशों का उल्लंघन किया। कोर्ट ने कहा कि आदेश का यह "खुला और बेशर्म" उल्लंघन मदुरै में "प्रशासनिक अराजकता" का कारण बना है।
जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस विपुल एम. पंचोली की खंडपीठ ने ये टिप्पणियां कीं। साथ ही कोर्ट ने निर्देश दिया कि कल (28 नवंबर) को मंदिर के लिए कोर्ट द्वारा नियुक्त रिसीवर (प्रशासक) 'दीपाथून' पर दीप जलाएंगे। खंडपीठ ने कहा कि मौजूदा स्थिति से सख्ती से निपटने की जरूरत है, वरना इससे "संवैधानिक अराजकता" पैदा हो सकती है। इसके साथ ही, कोर्ट ने मंदिर के ट्रस्टी बोर्ड को भी निलंबित कर दिया।
गौरतलब है कि 20 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट ने सिकंदर दरगाह के पास स्थित 'दीपाथून' पर दीप जलाने के संबंध में मद्रास हाईकोर्ट के निष्कर्षों पर रोक लगाई, लेकिन एक बार के उपाय के तौर पर 24 नवंबर को वहां दीप जलाने की अनुमति दी थी।
हालांकि, तय तारीख पर 'दीपाथून' पर दीप नहीं जलाया गया। इसके बाद मदुरै के जिला कलेक्टर ने मंदिर के ट्रस्टी बोर्ड द्वारा पारित सर्वसम्मत प्रस्ताव का हवाला देते हुए 'उचि पिल्लयार' (Uchipillaiyar) पर दीप जलाने का फैसला लिया, जहां परंपरा के अनुसार दीप जलाया जाता है।
इसके बाद सुप्रीम कोर्ट में अवमानना याचिकाएं दायर की गईं। इनमें 20 नवंबर के आदेश को लागू करने की मांग की गई और यह भी प्रार्थना की गई कि 'उचि पिल्लयार' पर पहले से जलाए गए दीप की लौ का उपयोग करके 'दीपाथून' पर भी दीप जलाया जाए।
मंदिर के ट्रस्टियों ने राज्य के अधिकारियों के साथ मिलीभगत करके काम किया
सुप्रीम कोर्ट ने आवेदनों को स्वीकार करते हुए और अधिकारियों को 'कारण बताओ नोटिस' (शो-कॉज नोटिस) जारी करते हुए प्रथम दृष्टया यह पाया कि बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज ने एक प्रस्ताव पारित करके कोर्ट के आदेश का उल्लंघन करने की कोशिश की। उन्होंने राज्य के अधिकारियों के साथ मिलीभगत की, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि 'दीपाथून' (Deepathoon) पर दीपक न जलाया जाए।
इस पर कोर्ट ने कहा:
"...हाईकोर्ट के स्पष्ट निर्देशों और वहां दिए गए पक्के वचनों के बावजूद, राज्य और उसके विभागों ने देवस्थानम के प्रशासकों के साथ मिलीभगत करके ऐसा काम किया, जिससे पहाड़ी के ऊपर 'दीपाथून' पर दीपक न जले, जबकि 'उचि पिल्लयार' (Uchipilliayar) पर दीपक जलाना जारी रखा गया। यह आचरण इस कोर्ट की जानबूझकर की गई खुली अवमानना है, हाईकोर्ट में दिए गए वचनों की घोर अनदेखी है और दोनों संवैधानिक अदालतों का जानबूझकर किया गया अपमान है। प्रथम दृष्टया यह दिखाता है कि प्रशासन के अधिकारियों का यह बर्ताव तमिलनाडु राज्य में - या कम-से-कम मदुरै जिले में - प्रशासनिक अराजकता की स्थिति को दर्शाता है।"
अधिकारियों ने अपने राजनीतिक आकाओं के इशारे पर काम किया
कोर्ट ने प्रथम दृष्टया पाया कि तमिलनाडु के अधिकारियों - जिनमें मदुरै के जिला कलेक्टर, HR&CE कमिश्नर और पुलिस कमिश्नर शामिल हैं - के खिलाफ अदालत की अवमानना का मामला बनता है। बेंच ने टिप्पणी की कि ऐसा लगता है कि इन अधिकारियों ने अपने राजनीतिक आकाओं के इशारे पर काम किया।
कोर्ट ने तमिलनाडु के मुख्य सचिव को व्यक्तिगत रूप से पेश होने और एक हलफनामा (Affidavit) दाखिल करने का निर्देश दिया। इस हलफनामे में उन्हें उन सभी बातचीत और फोन कॉल्स का विवरण देना होगा, जो कोर्ट के आदेश को लागू करने के संबंध में अधिकारियों के बीच हुए।
बेंच ने कहा:
"इस मामले में जो घटनाएं सामने आई हैं, उनसे ऐसा लगता है कि प्रशासनिक अधिकारियों ने अपने राजनीतिक आकाओं के इशारे पर काम किया। इस बात का पर्दाफाश करना जरूरी है, न केवल इस कोर्ट की गरिमा बचाने के लिए, बल्कि न्याय प्रशासन की पवित्रता बनाए रखने के लिए भी।"
अधिकारियों को व्यक्तिगत रूप से पेश होने के लिए कहा गया
सुप्रीम कोर्ट ने मंदिर प्रशासन के निम्नलिखित अधिकारियों और सदस्यों को 'कारण बताओ' नोटिस जारी किया।
उनसे पूछा गया कि उनके खिलाफ अदालत की अवमानना की कार्यवाही क्यों न शुरू की जाए:
1. डॉ. एम. साई कुमार, मुख्य सचिव, तमिलनाडु।
2. डॉ. महेश अग्रवाल, पुलिस महानिदेशक, तमिलनाडु।
3. वी. राजाराम, सचिव, HR&CE विभाग।
4. टी.जी. विनय, आयुक्त, HR&CE विभाग।
5. निशांत कृष्ण, मदुरै जिला कलेक्टर।
6. एल. देवनाथन, पुलिस अधीक्षक, मदुरै।
7. आर. पोन स्वामीनाथन, संयुक्त आयुक्त, HR&CE विभाग, मदुरै।
8. जी. सेल्वी, कार्यकारी अधिकारी, अरुलमिगु सुब्रमण्यस्वामी मंदिर।
9. वी. शनमुगासुंदरम, अध्यक्ष, ट्रस्टी बोर्ड।
10. सी. राजापांडियन, ट्रस्टी।
11. के. अझगाप्पन, ट्रस्टी।
12. के. रेजिना देवी, ट्रस्टी।
13. के. चित्रा, ट्रस्टी।
इन सभी को 15 दिसंबर को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित रहना होगा।

