राजस्थान हाईकोर्ट ने डेयरी मैनेजर के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोपों को बरकरार रखा। उस पर खाद्य उत्पादों के निर्माण और बिक्री में कई अनियमितताएं करने का आरोप है, जिससे मानव जीवन खतरे में पड़ गया।

जस्टिस फरजंद अली की बेंच ने कहा कि BNS (भारतीय न्याय संहिता) की धारा 318 के तहत 'धोखाधड़ी' का दायरा केवल संपत्ति सौंपने के लिए किए गए धोखे तक ही सीमित नहीं है। इसमें ऐसी स्थिति भी शामिल है, जहां किसी व्यक्ति को धोखे से जानबूझकर कुछ ऐसा करने या न करने के लिए प्रेरित किया जाता है, जो वह सामान्य परिस्थितियों में करता या नहीं करता। इस तरह के कार्य या चूक से उसके शरीर, मन, प्रतिष्ठा या संपत्ति को नुकसान पहुंचने की संभावना हो।

कोर्ट ने कहा,

"मानव शरीर उन हितों में से एक है, जिसे इस प्रावधान के तहत विशेष रूप से संरक्षित किया गया। जब कोई व्यक्ति खाद्य उत्पाद बेचने वाले किसी प्रतिष्ठान से खाने-पीने की चीजें खरीदता है, तो वह आमतौर पर इस भरोसे के साथ खरीदता है (चाहे यह भरोसा स्पष्ट हो या निहित) कि बेची जा रही चीजें इंसानों के खाने के लिए सुरक्षित हैं और खाद्य उत्पादों के लिए तय मानकों को पूरा करती हैं।"

बता दें, खाद्य सुरक्षा अधिकारियों (Food Safety Officers) द्वारा की गई जांच में कई कमियां पाई गईं। इनमें कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाण-पत्र न होना, बर्तनों की सफाई न होना, कार्बन की परत जमना, रसगुल्ले के बर्तन में मक्खियों और चींटियों का होना, और लगभग 10 किलो बासी बर्फी मिलना शामिल था।

आरोप के अनुसार, प्रयोगशाला जांच में पाया गया कि खाद्य पदार्थ तय मानकों को पूरा नहीं करते थे, और डेयरी आम जनता को हानिकारक और घटिया गुणवत्ता वाला खाना बेच रही थी।

सभी पक्षों को सुनने के बाद अदालत ने कहा कि अगर कोई व्यक्ति खाने योग्य भोजन देने का दिखावा करके जानबूझकर दूषित या हानिकारक खाद्य पदार्थ बेचता है। इस तरह अनजान खरीदारों को उसे खाने के लिए प्रेरित करता है तो इससे उनके शारीरिक स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचने की संभावना को महज एक काल्पनिक बात मानकर खारिज नहीं किया जा सकता।

धोखाधड़ी के आरोप को सही ठहराते हुए अदालत ने कहा कि जब कोई उपभोक्ता यह मानकर खाना खरीदता है कि वह खाने के लिए सुरक्षित है और उसके बदले पैसे देता है, तो यहां धोखे के आधार पर 'संपत्ति सौंपने' (Delivery of Property) का पहलू लागू हो जाता है। इसके अलावा, उपभोक्ताओं की ओर से शारीरिक नुकसान की कोई विशिष्ट शिकायत न होने का मतलब यह नहीं है कि धोखाधड़ी (Cheating) के मामले में FIR रद्द कर दी जाए।

आगे कहा गया,

"इसमें 'संभावना' (likely to cause) शब्द का बहुत महत्व है, क्योंकि कानून बनाने वालों ने जानबूझकर यह शर्त नहीं रखी है कि नुकसान का असल में होना जरूरी है, ताकि यह कानूनी प्रावधान लागू हो सके।"

इसके साथ ही, कोर्ट ने BNS की धारा 125 के तहत लगे आरोपों को भी बरकरार रखा, जो दूसरों की जान या सुरक्षा को खतरे में डालने वाले कार्यों से संबंधित है; धारा 271 और 272 (BNS) को भी, जो जानलेवा संक्रमण या बीमारियों के फैलने, और हानिकारक खाद्य या पेय पदार्थों में मिलावट करने या उन्हें बेचने से जुड़ी हैं; तथा धारा 275 (BNS) को भी, जो हानिकारक खाद्य पदार्थ बेचने या पेश करने के अपराध से संबंधित है।

कोर्ट ने कहा,

"भोजन मानव जीवन की एक बुनियादी जरूरत है। इसकी गुणवत्ता और सुरक्षा के साथ जानबूझकर या लापरवाही से किया गया कोई भी समझौता, कई अनजान उपभोक्ताओं को प्रभावित कर सकता है। इसलिए, इस शुरुआती चरण में आरोपों की जांच करते समय, जन स्वास्थ्य (public health) का हित सबसे महत्वपूर्ण हो जाता है। जांच एजेंसी को यह पता लगाने का मौका मिलना चाहिए कि मिलावट या खराबी का स्रोत क्या है और उसकी प्रकृति क्या है..."

इस प्रकार, याचिका खारिज कर दी गई।

Case Title : Gulshan Kumar v State of Rajasthan & Ors

अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

Tags: