लॉरेंस ऑफ पंजाब सीरीज पर विवाद तेज, केंद्र की रोक सलाह के खिलाफ हाईकोर्ट जाएगी ZEE5
आगामी वेब सीरीज 'लॉरेंस ऑफ पंजाब' को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। OTT मंच ZEE 5 ने केंद्र सरकार की उस सलाह को चुनौती देने का फैसला किया, जिसमें उसे इस सीरीज को जारी न करने को कहा गया है। कंपनी अब इस मामले में दिल्ली हाईकोर्ट का रुख करेगी।
यह जानकारी सीनियर एडवोकेट राजीव नायर ने जस्टिस पुरुषेन्द्र कुमार कौरव के समक्ष दी। अदालत याचिका पर सुनवाई कर रही थी, जिसमें कुख्यात गैंगस्टर द्वारा अपने जीवन पर आधारित इस वेब सीरीज के प्रसारण पर रोक लगाने की मांग की गई।
सुनवाई के दौरान बताया गया कि सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने जी5 को सलाह दी कि वह 27 अप्रैल को प्रस्तावित इस सीरीज को रिलीज न करे। हालांकि फिलहाल इस पर कोई औपचारिक रोक नहीं है, लेकिन कंपनी ने इस सलाह को चुनौती देने का निर्णय लिया। इसके चलते अदालत ने मामले की सुनवाई सोमवार तक के लिए टाल दी।
इधर इसी मुद्दे पर पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में भी एक जनहित याचिका दायर की गई, जिसमें इस सीरीज के प्रसारण को लेकर कानून-व्यवस्था और सामाजिक माहौल पर असर की आशंका जताई गई। उस मामले में केंद्र सरकार की सलाह के बाद याचिका का निपटारा किया गया।
केंद्र सरकार ने अपने रुख में कहा कि पंजाब पुलिस ने आशंका जताई है कि इस तरह की सामग्री के प्रसारण से सार्वजनिक व्यवस्था प्रभावित हो सकती है और अपराध को बढ़ावा मिलने का खतरा है।