केरल कोर्ट ने मंगलवार (10 नवंबर) को पूर्व पुलिस महानिदेशक (DGP) और वर्तमान तिरुवनंतपुरम पार्षद आर. श्रीलेखा (IPS) को आपराधिक मानहानि मामले में समन जारी किया। उन पर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के बारे में कथित तौर पर अपमानजनक टिप्पणी करने का आरोप है।
यह मामला केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव के.पी. श्रीकुमार की शिकायत पर शुरू हुआ है, जिन्होंने मजिस्ट्रेट के समक्ष एक निजी शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत में कहा गया कि 14 अक्टूबर को कोल्लम के पुनालुर में बीजेपी के 'जनसभा' विरोध प्रदर्शन को संबोधित करते हुए श्रीलेखा ने राहुल गांधी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की थी।
शिकायत में कहा गया,
"उपरोक्त बयान देकर आरोपी ने झूठा और दुर्भावनापूर्ण आरोप लगाया कि दिल्ली में लोकतांत्रिक विरोध प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी का व्यवहार ऐसा था, जैसे कोई व्यक्ति नशीले पदार्थों या ड्रग्स के भारी नशे में हो। सार्वजनिक मंच से दिए गए इन अपमानजनक बयानों को बाद में मीडिया के जरिए व्यापक रूप से प्रसारित किया गया। इन्हें कई मलयालम टीवी समाचार चैनलों, डिजिटल समाचार पोर्टलों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर दिखाया गया, जिसे राज्य भर में लाखों लोगों ने देखा।"
शिकायतकर्ता का आरोप है कि सार्वजनिक रूप से दिए गए इस भाषण का व्यापक प्रसारण 'आपराधिक मानहानि' की श्रेणी में आता है, जो 'भारतीय न्याय संहिता' (BNS) की धारा 356 के तहत दंडनीय है।
मावेलिकरा की ज्यूडिशियल फर्स्ट क्लास मजिस्ट्रेट-I, सूर्या एस. सुकुमारन ने कल बताया कि मामले में दो गवाहों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं।
इसके बाद अदालत ने 'भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता' (BNSS) की धारा 223 के तहत श्रीलेखा को नोटिस जारी किया। मामले की अगली सुनवाई 2 दिसंबर को तय की गई, जिस दिन नोटिस की तामील (जवाब) पर विचार किया जाएगा।
Case Title : K.P. Sreekumar v. R. Sreelekha