ACP विवेक भगत के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर FIR की मांग: दिल्ली कोर्ट ने महिला पत्रकार की याचिका पर मांगी 'एक्शन टेकन रिपोर्ट'
दिल्ली कोर्ट ने मंगलवार को महिला पत्रकार की शिकायत पर 'एक्शन टेकन रिपोर्ट' मांगी। महिला पत्रकार ने ACP विवेक भगत पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की।
पटियाला हाउस कोर्ट के ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट फर्स्ट क्लास कौतुक भारद्वाज ने पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन के स्टेशन हाउस ऑफिसर (SHO) को निर्देश दिया कि वह बिंदुवार रिपोर्ट सौंपें। इसमें यह बताया जाए कि क्या शिकायतकर्ता पुलिस के पास गई, उसकी शिकायत पर क्या कार्रवाई की गई, और क्या आरोपी के खिलाफ कोई संज्ञेय अपराध (Cognizable Offence) बनता है।
अदालत ने पुलिस को यह भी स्पष्ट करने को कहा कि क्या FIR दर्ज की गई, और यदि हां, तो जांच की स्थिति क्या है। अगर कोई संज्ञेय अपराध नहीं पाया जाता है तो पुलिस को यह बताना होगा कि क्या शिकायतकर्ता को इस बारे में सूचित किया गया था।
अदालत ने यह निर्देश महिला पत्रकार (जिसकी पहचान रोजी के रूप में हुई है) द्वारा दायर शिकायत पर सुनवाई के दौरान दिए।
शिकायतकर्ता के वकील ने अदालत को बताया कि कथित घटना उस जगह पर लगे CCTV फुटेज में कैद हो गई। उन्होंने बताया कि यह घटना 3 अक्टूबर को हुई थी, और फुटेज को सुरक्षित रखने के लिए तत्काल निर्देश की आवश्यकता है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अदालत ने SHO को निर्देश दिया कि वह आदेश मिलने के तीन दिनों के भीतर घटना स्थल के CCTV फुटेज और बॉडी कैमरा फुटेज सहित अन्य सभी डिजिटल सबूतों को सुरक्षित रखने के लिए जरूरी कदम उठाएं।
अदालत ने SHO को यह भी निर्देश दिया कि वे फुटेज को सुरक्षित रखने के संबंध में एक सप्ताह के भीतर अनुपालन रिपोर्ट (Compliance Report) दाखिल करें।
इस मामले में रिपोर्ट दाखिल करने के लिए 1 दिसंबर की तारीख तय की गई।
इसी से जुड़ी एक अन्य खबर में, दिल्ली हाईकोर्ट ने हाल ही में उस FIR की जांच पर रोक लगाने से इनकार किया, जो ACP विवेक भगत ने SC/ST एक्ट के तहत महिला पत्रकार के खिलाफ दर्ज कराई थी।
महिला पत्रकार ने शिकायत दर्ज कराई कि विरोध प्रदर्शन के दौरान भगत ने उनका यौन उत्पीड़न किया। हालांकि, उनकी शिकायत पर अभी तक कोई FIR दर्ज नहीं की गई है। बाद में एसीपी ने पत्रकार के खिलाफ FIR दर्ज कराई। आरोप है कि CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन के दौरान, जब भगत अपनी ड्यूटी निभा रहे थे, तब पत्रकार और उनके साथियों ने उन्हें "सार्वजनिक रूप से अपमानित किया और जातिसूचक टिप्पणियां" कीं।